Advertisement

फिर आमने-सामने होंगे राहुल और स्मृति ईरानी, जानें दूसरी हॉट सीट पर किसमें होगा मुकाबला

भाजपा की पहली लिस्ट सामने आने के बाद लोकसभा की कई सीटें ऐसी हैं जो हाईप्रोफाइल हो गई हैं। इन सीटों पर...
फिर आमने-सामने होंगे राहुल और स्मृति ईरानी, जानें दूसरी हॉट सीट पर किसमें होगा मुकाबला

भाजपा की पहली लिस्ट सामने आने के बाद लोकसभा की कई सीटें ऐसी हैं जो हाईप्रोफाइल हो गई हैं। इन सीटों पर कड़ा मुकाबला होने के आसार हैं। अमेठी से राहुल गांधी और स्मृति ईरानी के बीच एक बार फिर टक्कर होगी तो वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिर मैदान में हैं।

जानें इस बार लोकसभा चुनावों में वो कौन सी सीटें हैं जो हाईप्रोफाइल हो गई हैं और जिन पर हो सकता है कांटे की टक्कर।

अमेठीः राहुल गांधी बनाम स्मृति ईरानी

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के सामने एक बार फिर भाजपा की राज्यसभा सांसद और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी होंगी। 2014 में भी दोनों चुनाव में आमने-सामने थे। हालाकि स्मृति ईरानी तब चुनाव हार गई थीं। वह पिछले पांच साल से लगातार लोगों से संपर्क साध रही हैं। ऐसे में इस बार भी दोनों के बीच दिलचस्प मुकाबला होने के आसार हैं।

मुजफ्फरनगरः चौधरी अजित सिंह बनाम संजीव बालियान 

पश्चिमी उत्तर प्रदेश का जाटलैंड मुजफ्फरनगर इस बार बड़ी सियासी लड़ाई का गवाह बनेगा। यहां से राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) प्रमुख अजित सिंह मैदान में हैं, जिनका मुकाबला संजीव बालियान से होगा। पिछली बार यहां से जीते बालियान ने बसपा के कादिर राणा को मात दी थी लेकिन इस बार रालोद अध्यक्ष खुद मैदान में हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश को रालोद का गढ़ माना जाता है। इस इलाके में उनकी अच्छी पैठ है जिसके चलते इस सीट पर कड़ा मुकाबला होगा।

बागपतः सत्यपाल सिंह बनाम जयंत चौधरी

मुजफ्फरनगर में पिता चौधरी अजित सिंह संजीव बालियान को टक्कर देंगे तो यहां सत्यपाल सिंह से लड़ने की जिम्मेदारी रहेगी उनके बेटे जयंत चौधरी पर। मुंबई के पुलिस कमिशनर रहे सत्यपाल सिंह ने पहली बार 2014 में चुनाव लड़ा था और मोदी लहर के चलते यहां से चौधरी अजित सिंह को हराया था। इस बार जयंत चौधरी सपा-बसपा-रालोद के गठबंधन से उम्मीदवार हैं। कैराना फॉर्मूले के बाद से रालोद के हौसले बुलंद हैं। यानी इस बार यहां दिलचस्प मुकाबला रहेगा।

आसनसोलः बाबुल सुप्रियो बनाम मुनमुन सेन

इस सीट से भाजपा ने एक बार फिर से बाबुल सुप्रियो को मैदान में उतारा है। उनके सामने इस बार टीएमसी की मुनमुन सेन हैं। मशहूर अभिनेत्री मुनमुन सेन इस समय बांकुरा से सांसद हैं। यानी इस बार जंग अभिनेता बनाम अभिनेत्री के बीच होगी।

मुंबई नॉर्थ सेंट्रलः प्रिया दत्त बनाम पूनम महाजन

भाजपा के दिग्गज नेता रहे प्रमोद महाजन की बेटी पूनम महाजन एक बार फिर मुंबई नॉर्थ सेंट्रल सीट से चुनाव लड़ेंगी। पिछली बार उन्होंने भारी मतों से जीत हासिल की थी। उनके सामने मैदान में हैं कांग्रेस की तरफ से बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त की बहन प्रिया दत्त। प्रिया दत्त ने पहले चुनाव लड़ने से मना किया था, लेकिन बाद में उन्हें टिकट मिल गया।

तिरुअनंतपुरमः शशि थरूर बनाम कुम्मनम राजशेखर

केरल की तिरुअनंतपुरम सीट से इस बार दिलचस्प लड़ाई होगी। यहां पर मौजूदा सांसद शशि थरूर का मुकाबला मिजोरम के पूर्व गवर्नर कुम्मनम राजशेखर से है। भाजपा से चुनाव लड़ने के लिए ही उन्होंने गवर्नर पद से इस्तीफा दिया था।

बदायूंः धर्मेंद्र यादव बनाम संघमित्रा मौर्य

उत्तर प्रदेश की बदायूं लोकसभा सीट पर लड़ाई इस बार दिलचस्प होगी। यहां से भाजपा ने संघमित्रा मौर्य को मैदान में उतारा है। संघमित्रा भाजपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी हैं। वहीं, समाजवादी पार्टी की तरफ से इस सीट पर धर्मेंद्र यादव चुनाव लड़ेंगे। यहां से धर्मेंद्र यादव 2014 में मोदी लहर के बावजूद बड़े अंतर से चुनाव जीते थे।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad