Advertisement

सीएम योगी का अखिलेश पर निशाना, बोले-खून से हाथ रंगे होने के कारण कैराना नहीं आ रहे सपा प्रमुख

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैराना लोकसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान पूर्व...
सीएम योगी का अखिलेश पर निशाना, बोले-खून से हाथ रंगे होने के कारण कैराना नहीं आ रहे सपा प्रमुख

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैराना लोकसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। मंगलवार को  सहारनपुर के अंबहेटा की सभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्याशी उधार देने वाले सपा अध्यक्ष उपचुनाव के प्रचार में जनता का सामना करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव के हाथ मुजफ्फरनगर दंगों में मरे बेकसूर लोगों के खून से रंगे हैं। इसी कारण वह यहां नहीं आ रहे हैं। योगी ने पूर्व प्रधानमंत्री और किसान नेता चौधरी चरण सिंह के सपनों को साकार करने का दावा करते हुए कहा कि किसान खुशहाल होगा तो देश भी खुशहाली की तरफ बढ़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों की जिंदगी भी सुरक्षित नहीं रहेगी।  

भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह के समर्थन में आयोजित रैली में मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों में किसान, नौजवान, गरीब, मजदूर, महिलाएं और हर वर्ग के लोग परेशान थे। राज्य में अराजकता का माहौल था और दंगे, बेरोजगारी से हाहाकार मचा था। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार आने के बाद परिवर्तन की हवा चली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रेदेश में सुरक्षा और पलायन का मुद्दा पूर्व सांसद हुकुम सिंह ने ही उठाया था। उसी आधार पर सरकार ने कड़े कदम उठाकर सुरक्षा का माहौल दिया है।

उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद कैबिनेट की पहली ही बैठक में किसानों के एक लाख रुपये तक के कर्ज माफ कर दिए गए। राज्य की कानून-व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए भी कई कड़े फैसले किए गए।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement