Advertisement

यूपी की 11 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में शाम 5 बजे तक 44.47% मतदान

उत्तर प्रदेश,बिहार और गुजरात समेत 18 राज्यों की 51 विधानसभा और दो लोकसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान...
यूपी की 11 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में शाम 5 बजे तक 44.47% मतदान

उत्तर प्रदेश,बिहार और गुजरात समेत 18 राज्यों की 51 विधानसभा और दो लोकसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। उत्तरप्रदेश की 11 विधानसभा सीटों में हो रहे उपचुनाव में शाम 5 बजे तक कुल 44.47% मतदान हुआ। सहारनपुर जनपद की गंगोह विधानसभा सीट में शाम 5 बजे तक कुल 57.80% मतदान हुआ। रामपुर जनपद की रामपुर विधानसभा सीट में शाम 5 बजे तक कुल 39.31% मतदान हुआ। अलीगढ़ जनपद की इगलास (सुरक्षित) विधानसभा सीट में शाम 5 बजे तक कुल 33.20% मतदान हुआ। लखनऊ जनपद की लखनऊ कैंट विधानसभा में शाम 5 बजे तक कुल 27.11% मतदान हुआ। कानपुर नगर जनपद की गोविंदनगर विधानसभा में शाम 5 बजे तक कुल 31.10% मतदान हुआ।


चित्रकूट जनपद की मानिकपुर विधानसभा सीट में शाम 5 बजे तक कुल 50.27% मतदान हुआ। प्रतापगढ़ जनपद की प्रतापगढ़ सदर विधानसभा सीट में शाम 5 बजे तक कुल 41.60% मतदान हुआ। बाराबंकी जनपद की जैदपुर (सुरक्षित) विधानसभा सीट में शाम 5 बजे तक कुल 55.66% मतदान हुआ। अम्बेडकर जनपद की जलालपुर विधानसभा सीट में शाम 5 बजे तक कुल 55.66% मतदान हुआ। बहराइच जनपद की बल्हा (सुरक्षित) विधानसभा सीट में शाम 5 बजे तक कुल 49.00% मतदान हुआ। मऊ जनपद की घोसी विधानसभा सीट में शाम 5 बजे तक कुल 48.50% मतदान हुआ।

बता दें कि उत्तर प्रदेश की 11 सीटों, गुजरात की छह सीटों, बिहार की पांच, असम की चार और हिमाचल प्रदेश और तमिलनाडु की दो-दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव है। इनके अलावा पंजाब की चार सीटों, केरल की पांच, सिक्किम की तीन, राजस्थान की दो सीटों और अरूणाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पुडुचेरी, मेघालय और तेलंगाना की एक-एक विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुआ।

यूपी में इन सीटों पर उपचुनाव

उत्तर प्रदेश की जिन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहा है उनमें गंगोह, रामपुर, इगलास, लखनऊ कैण्ट, गोविन्दनगर, मानिकपुर, प्रतापगढ, जैदपुर:सु:, जलालपुर, बलहाऔर घोसी शामिल हैं। इन सीटों पर अलग-अलग पार्टियों से कुल 110 उम्मीदवार मैदान में हैं। इन सभी के भाग्य का फैसला आज ईवीएम में कैद हो जाएगा और फिर 24 अक्टूबर को मतगणना होगी।

इस चुनाव में चतुष्कोणीय मुकाबले की संभावना है क्योंकि भाजपा, बसपा, सपा और कांग्रेस ने सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं। इन सीटों पर कुल 110 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। सबसे अधिक 13 प्रत्याशी लखनऊ कैण्ट और जलालपुर सीटों पर हैं। घोसी में 12 उम्मीदवार मैदान में हैं जबकि गंगोह, प्रतापगढ़ और बलहा में ग्यारह-ग्यारह प्रत्याशी हैं। गोविन्दनगर और मानिकपुर में नौ-नौ, रामपुर, इगलास और जैदपुर में सात-सात प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं।

बिहार की 5 विधानसभा और 1 लोकसभा सीट पर उपचुनाव

बिहार में 5 विधानसभा सीटों एवं 1 लोकसभा सीटों के लिए मतदान हो रहा है। जानकारी के अनुसार उप चुनाव में कुल 32 लाख 27 हजार 282 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें इनमें 16 लाख 96 हजार 404 पुरुष व 15 लाख 26 हजार 683 महिला मतदाता एवं 82 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल हैं। इनके अतिरिक्त 4113 सर्विस वोटर भी अपना वोट डालेंगे। चुनाव मैदान में उतरे 51 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला मतदान के बाद होगा। उम्मीदवारों में 45 पुरुष एवं 6 महिला उम्मीदवार शामिल हैं।

गुजरात और मध्य प्रदेश विधानसभा उपचुनाव

भाजपा शासित गुजरात में अमराईवाड़ी, खेरालू, थराद, लुणावाडा, बयाड और राधनपुर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में आज मतदान हो रहा है। मुख्यमंत्री विजय रुपाणी और राज्य भाजपा अध्यक्ष जीतू वघानी, भगवा पार्टी के प्रमुख प्रचारकों तथा राज्य के कई मंत्रियों ने प्रचार में भाग लिया। वहीं मध्य प्रदेश की झाबुआ सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए प्रचार के अंतिम दिन राज्य की सत्तारूढ़ कांग्रेस एवं मुख्य विपक्षी दल भाजपा के शीर्ष नेताओं ने अपनी-अपनी पार्टी के पक्ष में वोट मांगने के लिए आखिरी दिन धुआंधार चुनाव प्रचार किया।

छत्तीसगढ़ और राजस्थान, पंजाब विधानसभा उपचुनाव

छत्तीसगढ़ में चित्रकोट विधानसभा सीट पर उपचुनाव होगा। एक निर्वाचन अधिकारी ने कहा,'' प्रचार अभियान शाम पांच बजे समाप्त हो गया। नक्सल प्रभावित चित्रकोट (अनुसूचित जनजाति आरक्षित सीट) से कांग्रेस विधायक दीपक बैज के बस्तर लोकसभा सीट से निर्वाचित होने के कारण यहां उपचुनाव कराया जा रहा है।

राजस्थान के मुख्य निर्वाचन अधिकारी आनंद कुमार ने बताया कि मंडावा (झुन्झुनूं) एवं खींवसर (नागौर) निर्वाचन क्षेत्रों में विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। इसके अलावा पंचाब की चार विधानसभा सीट फगवाड़ा, मुकेरिया, साव और जलालाबाद विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए आज वोट डाले जा रहे हैं।

ओडिशा-अरुणाचल प्रदेश और तमिलनाडु विधानसभा उपचुनाव

ओडिशा के बारगढ़ जिले में बीजेपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है। इस सीट पर उपचुनाव कराया जाना इसलिए आवश्यक था क्योंकि मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने इस सीट से इस्तीफा दे दिया था। पटनायक ने विधानसभा चुनाव में दो सीटों- गंजम जिले की हिंजिली सीट और बारगढ़ जिले की बीजेपुर विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी। अरूणाचल प्रदेश की खोंसा पश्चिम विधानसभा सीट पर उपचुनाव मैदान में केवल दो निर्दलीय उम्मीदवार है। तमिलनाडु की दो विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए प्रचार के अंतिम दिन शनिवार को अन्नाद्रमुक और द्रमुक ने मतदाताओं को लुभाने के लिए अपनी ओर से भरसक प्रयास किये। राज्य की दो विधानसभा सीटों विक्रवंदी और नानगुनेरी पर आज मतदान हो रहा है।

असम-सिक्किम, केरल और तेलंगाना विधानसभा उपचुनाव

असम में 4 विधानसभा सीटों रंगपारा, सोनारी, रतबारी और जनिया पर उपचुनाव हो रहा है। इन सीटों पर 20 उम्मीदवार मैदान में है। सिक्किम की तीन विधानसभा सीटों पोकलोक कामरंग, गंगटोक और मरताम-रुमटेक पर मतदान हो रहा है। प्रत्येक सीट पर 6 उम्मीदवार मैदान में हैं। केरल की पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहा है। इन सीटों पर सत्तारूढ़ माकपा के नेतृत्व वाले एलडीएफ, मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ और भाजपा-राजग ने मतदाताओं को लुभाने के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी। राज्य की जिन सीटों पर उपचुनाव हो रहा है उनमें तिरुवनंतपुरम, अरूर (अलप्पुझा), कोन्नी (पथनामथिट्टा), एर्नाकुलम और मंजेश्वरम (कासरगोड) शामिल हैं। तेलंगाना की हुजूरनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में सत्तारूढ़ टीआरएस और विपक्षी कांग्रेस, भाजपा और तेदेपा के बीच मुकाबला है।

पुडुचेरी, और हिमाचल प्रदेश विधानसभा उपचुनाव

पुडुचेरी के कामराजनगर सीट पर उपचुनाव हो रहा है। सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा। हिमाचल प्रदेश की दो विधानसभा सीटों पर  उपचुनाव मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के लिए एक परीक्षा होगा क्योंकि भाजपा इन सीटों को अपने पास बरकरार रखना चाहेगी। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला और पच्छाद विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव कराया जाना इसलिए आवश्यक हो गया था क्योंकि भाजपा के मौजूदा विधायक सुरेश कश्यप और किशन कपूर इस साल मई में हुए चुनाव में लोकसभा के लिए निर्वाचित हो गये थे। इसके अलावा मेघालय में शीला विधानसभा सीट पर उपचुनाव होंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement