Advertisement

रालोद ने जारी की प्रत्याशियों की सूची, मुजफ्फरनगर से चुनाव लड़ेंगे अजित सिंह

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) गठबंधन में शामिल राष्ट्रीय लोकदल पार्टी (रालोद) ने...
रालोद ने जारी की प्रत्याशियों की सूची, मुजफ्फरनगर से चुनाव लड़ेंगे अजित सिंह

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) गठबंधन में शामिल राष्ट्रीय लोकदल पार्टी (रालोद) ने मंगलवार को लोकसभा चुनाव के लिए तीन उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। जबकि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी को बागपत से टिकट मिला है। वहीं, मथुरा सीट से नरेंद्र सिंह को मैदान में उतारा गया है। मथुरा में बॉलीवुड ड्रीमगर्ल हेमा मालिनी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से सांसद हैं।

बसपा-सपा ने किया 37-38 सीटों पर गठबंधन

उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए बसपा-सपा ने 37-38 सीटों पर गठबंधन किया है। इस गठबंधन में राष्ट्रीय लोकदल के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तीन सीट मुजफ्फरनगर, बागपत व मथुरा सीट छोड़ी गई है। वहीं, कांग्रेस ने मायावती, अखिलेश यादव के अलावा चौधरी अजित सिंह, जयंत चौधरी के सामने प्रत्याशी नहीं उतारने का ऐलान किया है। 

अजित सिंह के बेटे जयंत चौधरी बागपत से

बागपत से इस बार अजित सिंह के बेटे जयंत चौधरी उतर रहे हैं। पिछले चुनाव में 2 लाख से जीत दर्ज करने वाले भाजपा के सत्यपाल सिंह की राह इस बार आसान नहीं नजर आ रही है। पिछले पांच साल से जयंत चौधरी क्षेत्र में हैं। वह लगातार युवाओं में अपनी पैठ बना रहे हैं। रालोद की इस परंपरागत सीट से चौधरी चरण सिंह 1977, 1980 और 1984 में लगातार चुनाव जीते हैं। जयंत के पिता और आरएलडी अध्यक्ष अजित सिंह 6 बार सांसद रहे।

वहीं, अगर बात करें मुजफ्फरनगर की तो भाजपा और कांग्रेस ने अभी अपने प्रत्याशी के नाम का ऐलान नहीं किया है। माना जा रहा है कि भाजपा अपने मौजूदा सांसद संजीव बालियान को एक बार फिर उतार सकती है। 

यहां देखें लिस्ट

रालोद के बागपत जिलाध्यक्ष पर केस दर्ज

बीते रविवार को बागपत के केडवा गांव में रालोद के उपाध्यक्ष जयंत चौधरी की सभा थी। यहां भीड़ जुटाने के लिए जिलाध्यक्ष सुखबीर सिंह गठीना ने बार गर्ल्स से ठुमके लगवाए थे। बार गर्ल्स ने प्रत्याशी जयंत चौधरी के पक्ष में वोट मांगा था। जिला प्रशासन ने आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में जिलाध्यक्ष सुखबीर सिंह पर मामला दर्ज किया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement