Advertisement

राहुल, शाह, मुलायम सहित आज मैदान में हैं ये दिग्गज

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में कई महत्वपूर्ण चेहरे चुनावी मैदान में हैं। 15 राज्यों की 117 सीटों में हो रहे...
राहुल, शाह, मुलायम सहित आज मैदान में हैं ये दिग्गज

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में कई महत्वपूर्ण चेहरे चुनावी मैदान में हैं। 15 राज्यों की 117 सीटों में हो रहे मतदान में कई दिग्गज उम्मीदवारों की किस्मत भी ईवीम में कैद हो रही है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं मैनपुरी से समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह अपना अंतिम चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पहली बार दक्षिण की किसी सीट से चुनावी मैदान में हैं। वह पहली बार दो सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं। इनके अलावा समाजवादी पार्टी के आजम खान और फिल्म अभिनेत्री तथा भाजपा उम्मीदवार जया प्रदा भी तीसरे चरण के प्रमुख चेहरों में हैं।

मुलायम

मैनपुरी में अपना अंतिम चुनाव लड़ रहे सपा-बसपा-रालोद गठबंधन के उम्मीदवार मुलायम सिंह यादव का मुख्य मुकाबला भाजपा प्रत्याशी प्रेम सिंह शाक्य से है। कांग्रेस ने यहां अपना उम्मीदवार नहीं उतारा है।

अमित शाह

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। गुजरात की गांधीनगर लोकसभा सीट से वे उम्मीदवार हैं। कांग्रेस ने अमित शाह के खिलाफ डॉ सीजे चावड़ा को मैदान उतारा है। गुजरात की गांधीनगर सीट इसलिए भी अहम है क्योंकि भाजपा के दिग्गज नेता लाल कृष्ण आडवाणी साल 1998 से इस सीट पर जीतते रहे, लेकिन इस बार पार्टी ने यहां से राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को प्रत्याशी बनाया है।

राहुल गांघी

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अमेठी के साथ-साथ वायनाड लोकसभा सीट से भी चुनाव लड़ रहे हैं। राहुल गांधी के खिलाफ राजग ने तुषार वेल्लापल्ली को मैदान में उतारा है। वहीं एलडीएफ गठबंधन ने पीपी सुनीर को अपना प्रत्याशी बनाया है।

आजम-जया

रामपुर लोकसभा सीट इस बार काफी चर्चा में है। समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खान को भाजपा की जया प्रदा चुनौती दे रही हैं। जया प्रदा पर निजी हमलों के चलते यहां का चुनाव कुछ भावनात्मक नजरिए से भी देखा जा रहा है, फिर भी समाजावादी पार्टी को भरोसा है कि बीएसपी के कोर दलित वोटों के सहारे आजम खान जीतेंगे।

संबित पात्रा

अमूमन टीवी पर दिखने वाले भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा भी ओडिशा की पुरी सीट से पहली बार भाग्य आजमा रहे हैं। उनका यहां मुकाबला बीजेडी के प्रवक्ता पिनाकी मिश्रा से है।

शरद यादव-पप्पू यादव

बिहार के मधेपुरा में इस बार आरजेडी के दिग्गज नेता शरद यादव और जन अधिकारी पार्टी (जाप) के नेता और वर्तमान सांसद राजेश रंजन ऊर्फ पप्पू यादव आमने-सामने हैं। इस सीट पर नीतीश सरकार में मंत्री और जेडीयू उम्मीदवार दिनेश चंद्र यादव भी मैदान में हैं।

वरूण गांधी

इस बार वरूण गांधी पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र से चुनावी मैदान में हैं। जबकि लंबे समय से केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती रही हैं। लेकिन इस बार यहां से उनके पुत्र वरुण गांधी फिर मैदान में हैं। जबकि मेनका सुल्तानपुर से वरूण की सीट से चुनाव लड़ रही हैं। पीलीभीत से समाजवादी पार्टी ने पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा को गठबंधन का प्रत्याशी बनाया है।

मल्लिकार्जुन खड़गे

कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में पार्टी के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे कर्नाटक की गुलबर्गा लोकसभा सीट से उतरे हैं। खड़गे के खिलाफ भाजपा ने उमंग जी जाधव और बीएसपी ने केबी वासु को अपना प्रत्याशी बनाया है।

महबूबा मुफ्ती

जम्मू कश्मीर के अनंतनाग संसदीय सीट से पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक फ्रंट (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती, राज्य कांग्रेस अध्यक्ष जीए मीर और जज (सेवानिवृत्त) हसनैन मसूदी समेत 18 प्रत्याशी मैदान में हैं।

शशि थरूर

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और तिरुवनंतपुरम से पार्टी उम्मीदवार शशि थरूर इस बार जीत की हैट्रिक लगाने उतरे हैं। थरूर के सामने मिजोरम के पूर्व राज्यपाल और भाजपा के उम्मीदवार कुम्मनम राजशेखरन और सीपीआई के विधायक और पूर्व राज्यमंत्री सी दिवाकरन उतरे हैं।

शिवपाल यादव

फीरोजाबाद सीट से शिवपाल यादव अपनी नई पार्टी के टिकट पर मैदान में हैं जबकि समाजवादी पार्टी ने यहां से उनके सामने पार्टी महासचिव रामगोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव को उतारा है। बीजेपी ने चंद्रसेन जादौन को प्रत्याशी बनाया है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad