Advertisement

कुल 542 सीटों पर खत्म हुआ लोकसभा चुनाव, सातवें चरण में 64 फीसदी मतदान

लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण का मतदान समाप्त हो गया है। इसी के साथ चुनाव आयोग ने देश भर में कुल 542...
कुल 542 सीटों पर खत्म हुआ लोकसभा चुनाव, सातवें चरण में 64 फीसदी मतदान

लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण का मतदान समाप्त हो गया है। इसी के साथ चुनाव आयोग ने देश भर में कुल 542 सीटों पर मतदान संपन्न हो जाने की घोषणा की। आखिरी चरण में आठ राज्यों की 59 सीटों पर वोट डाले गए। मतगणना 23 मई को होगी। सातवें चरण में पंजाब में 13, उत्तर प्रदेश में 13, पश्चिम बंगाल में 9, बिहार और मध्य प्रदेश में 8-8, हिमाचल प्रदेश में 4, झारखंड में 3 और चंडीगढ़ की एकमात्र लोकसभा सीट पर मतदान हुआ। इस चरण में 10.01 करोड़ से अधिक मतदाता और 918 उम्मीदवार हैं। चुनाव आयोग ने इसके लिए 1.12 लाख मतदान केंद्र बनाए गए।

सातवें चरण में  63.98 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। 

पश्चिम बंगाल के जादवपुर में हिंसा

पश्चिम बंगाल के जादवपुर से बीजेपी प्रत्याशी अनुपम हजारिका आरोप लगाया कि टीएमसी के गुंडों ने उनके एक कार्यकर्ता को पीटा है। साथ ही कार्यकर्ता की कार पर हमला हुआ और ड्राइवर की भी पिटाई की गई। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ताओं ने पोलिंग बूथ से अपने 3 वर्कर्स को बचाया। अनुपम ने कहा कि बंगाल की जनता बीजेपी को वोट देने के लिए तैयार है लेकिन यह लोग उन्हें वोट करने देना नहीं चाहते।

तेज प्रताप के सुरक्षाकर्मियों ने मीडियाकर्मियों के साथ की मारपीट

बिहार सरकार में मंत्री रहे और लालू प्रसाद यादव के बेटे तेज प्रताप यादव के सुरक्षाकर्मियों ने मीडियाकर्मियों के साथ मारपीट की है। तेजप्रताप की गाड़ी के नीचे एक मीडिया कैमरामैन का पैर आ गया था, जिसके बाद जब विरोध किया गया तो सुरक्षाकर्मियों ने ही उनपर हमला कर दिया। हालांकि, मामले के बाद तेज प्रताप यादव ने कहा कि ये उन्हें जान से मारने की कोशिश थी। इसको लेकर उन्होंने आधिकारिक शिकायत भी दर्ज करा दी है।

चंदौली में वोटिंग से पहले जबरन स्याही लगा वोट डालने से रोकने का आरोप

उत्तर प्रदेश के चंदौली के निवासियों ने कुछ लोगों द्वारा उंगलियों पर जबर्दस्ती स्याही लगाकर वोटिंग से रोकने का आरोप लगाया है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, चंदौली के तारा जीवनपुर गांव के लोगों ने आरोप लगाते हुए कहा, 'हमारी उंगलियों पर जबर्दस्ती इंक (स्याही) लगा दी गई और 500 रुपये दे दिए गए। यह हमारे ही गांव के 3 लोगों ने किया, जो भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) से जुड़े हुए हैं। उन्होंने पहले हमसे पूछा कि क्या पार्टी को वोट देंगे या नहीं। फिर स्याही लगाने के बाद उन्होंने कहा कि अब हम वोट नहीं डाल सकते हैं। इस बारे में किसी को बताना मत।'

आखिरी चरण की अहम सीटें और उम्मीदवार

वाराणसी से पीएम मोदी

आखिरी चरण में प्रधानमंत्री मोदी की लोकसभा सीट वाराणसी में भी मतदान हुआ। प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी में कुछ दिन पहले ही रोडशो किया था, जिसमें उन्होंने अपना शक्ति प्रदर्शन किया। वाराणसी से कांग्रेस की तरफ से अजय राय और गठबंधन की तरफ से शालिनी यादव मैदान में हैं। बीच में गठबंधन ने बीएसएफ के पूर्व जवान तेजबहादुर को टिकट दे दिया था, लेकिन उनका नामांकन रद्द हो गया।

मनोज सिन्हा, अनुप्रिया पटेल चुनाव मैदान में

आखिरी चरण में प्रधानमंत्री मोदी के अलावा दो केंद्रीय मंत्रियों मनोज सिन्हा और अनुप्रिया पटेल के भी भाग्य का फैसला होना है। मनोज सिन्हा वाराणसी से सटी गाजीपुर सीट से भाजपा उम्मीदवार हैं। गठबंधन ने यहां से अफजाल अंसारी को टिकट दिया है, जो बाहुबली मुख्तार अंसारी के भाई हैं। कांग्रेस ने अतीत प्रताप कुशवाहा को उम्मीदवार बनाया है।

वहीं, अनुप्रिया पटेल मिर्जापुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं, जहां से गठबंधन सपा के टिकट पर राजेंद्र एस. बिंद चुनाव मैदान में हैं। कांग्रेस ने ललितेश पति त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाया है। इसी चरण में कुशीनगर से पूर्व पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह की किस्मत का भी फैसला होना है। यहां से भाजपा ने विजय दुबे को टिकट दिया है, जबकि गठबंधन की तरफ से सपा के नथुनी प्रसाद कुशवाहा चुनाव मैदान में हैं।

गोरखपुर

गोरखपुर लोकसभा सीट को भाजपा का गढ़ कहा जाता है। यह सीट पिछले लगभग 29 सालों से भाजपा के पाले में रही है। लेकिन 2018 में हुए उपचुनाव में समाजवादी और बहुजन समाज पार्टी गठबंधन के प्रत्याशी प्रवीण निषाद ने इस सीट पर जीत दर्ज कराई थी। इस बार भाजपा ने यहां से भोजपुरी फिल्मों के अभिनेता रविकिशन को उम्मीदवार बनाया है।

गठबंधन ने यहां से रामभुआल निषाद को मैदान में उतारा है। रामभुआल प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री और दो बार विधायक रहे हैं। पिछड़ों के बीच मजबूत पकड़ वाले नेता रामभुआल भाजपा को कांटे की टक्कर दे रहे हैं। कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे मधुसूदन त्रिपाठी मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने में जुटे हैं। भाजपा मोदी के नाम, योगी के काम और गोरखपुर की दो साल में हुई तरक्की की बुनियाद पर चुनाव लड़ रही है। जबकि गठबंधन ने जातिगत समीकरण की मजबूत गोट बिछा रखी है। इस सीट पर मुख्यमंत्री योगी की भी प्रतिष्ठा दांव पर है।

बिहार

बिहार से कई हाई प्रोफाइल इस चरण में मैदान में हैं। इनमें- पटना साहिब से केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और उनके मुकाबले कांग्रेस उम्मीदार शत्रुघ्न सिन्हा हैं। पाटलिपुत्र से आरजेडी उम्मीदाव को लालू प्रसाद यादव की बड़ी बेटी उम्मीदवार मैदान में हैं। इनके मुकाबले बीजेपी से राम कृपाल यादव मैदान में हैं। वहीं, काराकाट सीट से आरएलएसपी चीफ उपेंद्र कुशवाहा मैदान में हैं।

पंजाब

पंजाब की सभी 13 सीटों पर एक ही चरण में मतदान हुआ। गुरुदासपुर से बीजेपी ने सनी देओल को चुनाव मैदान में उतारा। केंद्रीय मंत्री हरदेव सिंह पुरी को बीजेपी ने अमृतसर से चुनाव में उतारा है। चंडीगढ़ से बीजेपी ने किरण खेर को एक बार फिर से मौका दिया है। पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के मुखिया सुखबीर सिंह बादल इस बार खुद भी फिरोजपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। सुखबीर सिंह बादल की पत्नी और केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल बठिंडा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं।

पश्चिम बंगाल

पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने महान स्वतंत्रता सेनानी सुभाषचन्द्र बोस के परिवार के सदस्य चन्द्र कुमार बोस को कोलकाता दक्षिण सीट से उम्मीदवार बनाया है। यह सीट कभी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पसंदीदा क्षेत्र हुआ करता था। वह यहां से छह बार चुनाव जीत चुकी हैं। नुसरत जहां और मिमि चक्रवर्ती भी इस बार बशिरहाट और जाधवपुर लोकसभा सीट से टीएमसी के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं।

झारखंड

झारखंड के दुमका से पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन मैदान में हैं। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शिबू सोरेन सहित 42 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला होगा। झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) प्रमुख और आठ बार सांसद रहे सोरेन दुमका सीट से फिर चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने उनके खिलाफ सुनील सोरेन को मैदान में उतारा है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement