Advertisement

कर्नाटक में 15 सीटों पर वोटिंग, शाम 5 बजे तक 60 फीसदी मतदान

कर्नाटक में गुरुवार को15 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। शाम 5 बजे तक राज्य की 15 विधानसभा...
कर्नाटक में 15 सीटों पर वोटिंग,  शाम 5 बजे तक 60 फीसदी मतदान

कर्नाटक में गुरुवार को15 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। शाम 5 बजे तक राज्य की 15 विधानसभा सीटों पर 60 फीसदी मतदान हो चुका है। यह उपचुनाव येदियुरप्पा सरकार का भाग्य तय करेगा। भाजपा को राज्य की सत्ता में बने रहने के लिए 225 सदस्यीय विधानसभा (स्पीकर समेत) में 15 सीटों (जिन पर उपचुनाव हो रहे) में कम से कम छह सीटें जीतने की आवश्यकता है। हालांकि, अब भी मास्की और आरआर नगर सीटें खाली रहेंगी। उपचुनाव के परिणाम 9 दिसंबर को आएंगे। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे।

अथानी, कागवाड, गोकक, येल्लापुरा, हीरकपुर, रानीबेन्नूर, विजयनगर, चिकबल्लापुरा, के.आर. पुरा, यश्वंतपुरा, महालक्ष्मी लेआउट, शिवाजी नगर, होसकोट, केआर पेटे और हनसुर में उपचुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं। इस दौरान राज्‍य के कुल 37.78 लाख मतदाता अपने मताधिकारों का इस्तेमाल कर रहे हैं। यह उपचुनाव 17 विधायकों को अयोग्य करार देने से पैदा हुई रिक्तियों को भरने के लिए हो रहे हैं। इन विधायकों में कांग्रेस और जेडीएस के बागी नेता शामिल थे। इन विधायकों की बगावत की वजह से इस साल जुलाई में एचडी कुमारस्वामी नीत कांग्रेस-जेडीएस सरकार गिर गई थी और भाजपा के सत्ता में आने का मार्ग प्रशस्त हुआ।

38 लाख से ज्यादा मतदाता, 165 उम्मीदवार

15 विधानसभा क्षेत्र में 38 लाख से ज्यादा मतदाता हैं, जिसमें 19.25 लाख पुरुष और 18.52 लाख महिलाएं हैं। 15 विधानसभा क्षेत्रों के 884 अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों सहित 4185 मतदाता केंद्रों पर मतदान हो रहा है। इन मतदान केन्द्रों पर पूरे दिन के मतदान के लिए कुल 8,326 बैलेट यूनिट्स, 8,186 कंट्रोलिंग यूनिट्स और 7,876 वीवीपीएटी मौजूद हैं। 15 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 165 उम्मीदवार खड़े हैं, जिसमें 126 निर्दलीय और नौ महिलाएं शामिल हैं।

इन 15 विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनाव के लिए 21,000 मतदान अधिकारी और करीब 19,000 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है, जिसमें राज्य पुलिस और केंद्रीय बल भी शामिल हैं।

चुनाव त्रिकोणीय होने की संभावना

भाजपा और विपक्षी कांग्रेस सभी 15 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि जेडीएस ने अपने 12 सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं, जहां चुनाव त्रिकोणीय होने की संभावना है। बेलगावी जिले के अठानी, उत्तर कन्नड़ जिले के येलापुर और बेंगलूरू ग्रामीण जिले के होसकोट में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर है। भाजपा ने चुनाव मैदान में कांग्रेस और जेडीएस छोड़कर आए क्रमश: 11 और तीन विधायकों को उतारा है। इनलोगों ने 14 नवंबर को सत्तारूढ़ पार्टी का दामन थामा था।

अयोग्य विधायकों को मिली थी चुनाव लड़ने की अनुमति

सुप्रीम कोर्ट ने 13 नवंबर को अपने फैसले में विधायकों की अयोग्यता बरकरार रखते हुए इन्हें दोबारा चुनाव लड़ने की अनुमति दी थी। विधानसभा अध्यक्ष के.आर. रमेश कुमार ने 25 और 28 जुलाई को इन विधायकों को अयोग्य घोषित कर दिया था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad