Advertisement

चार लोकसभा क्षेत्रों में एक भी विधानसभा सीट नहीं जीत पाई भाजपा

दिल्ली की सत्ता पर आम आदमी पार्टी दोबारा सत्ता पर काबिज होने जा रही है। 70 सदस्यीय विधानसभा में आप को 62...
चार लोकसभा क्षेत्रों में एक भी विधानसभा सीट नहीं जीत पाई भाजपा

दिल्ली की सत्ता पर आम आदमी पार्टी दोबारा सत्ता पर काबिज होने जा रही है। 70 सदस्यीय विधानसभा में आप को 62 सीटें मिलती नजर आ रही है जबकि भाजपा के खाते में केवल 8 सीटें जा रही हैं। लगातार दूसरी बार कांग्रेस का खाता नहीं खुला है। 2019 के लोकसभा चुनावों में दिल्ली की सातों सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की थी लेकिन विधानसभा चुनावों में तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। दिल्ली के चार लोकसभा सीटें ऐेसी हैं जिनमें एक भी विधानसभा सीट पर भाजपा खाता नहीं खोल पाई है।

दिल्ली में सात लोकसभा सीटें हैं जिनमें हर एक में दस-दस विधानसभा सीटें हैं। दक्षिणी दिल्ली, चांदनी चौक, पश्चिमी दिल्ली और नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्रों में भाजपा एक भी विधानसभा सीट जीतने में नाकाम रही है।   

दक्षिण दिल्ली लोकसभा सीट के सांसद भाजपा के रमेश बिधूड़ी हैं। दक्षिण दिल्ली के तहत बिजवासन, देवली, कालकाजी, पालम, अंबेडकर नगर, तुगलकाबाद, महरौली, संगम विहार, बदरपुर और छतरपुर शामिल हैं और इसमें सभी पर आप आगे चल रही है।

उत्तर पूर्वी दिल्ली से भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी सांसद है। दस विधानसभाओं में बुराड़ी, रोहताश नगर, बाबरपुर, तिमारपुर, सीलमपुर, गोकलपुर, सीमापुरी, घोंडा, मुस्तफाबाद और करावल नगर शामिल हैं। इसमें भाजपा घोंडा और रोहताश नगर सीट पर जीत दर्ज करती नजर आ रही है और बाकी आठ सीटों पर आम आदमी पार्टी ने जीत दर्ज की है।

चांदनी चौक लोकसभा सीट से भाजपा के डॉ. हर्षवर्धन सांसद हैं। इसमें आदर्श नगर, शालीमार बाग, शकूर बस्ती, त्रिनगर, वजीरपुर, मॉडल टाउन, सदर बजार, चांदनी चौक, मटियामहल और बल्लीमारान सीटें शामिल हैं। इसमें एक भी सीट भाजपा नहीं जीत पाई है और सभी सीटों पर आम आदमी पार्टी अपना परचम लहराने मे कामयाब रही है।

पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा के परवेश वर्मा सांसद हैं। इसमें मादीपुर, जनकपुरी, द्वारका, राजौरी गार्डन, विकासपुरी, हरिनगर, उत्तम नगर, नजफगढ़, मटियाला और तिलक नगर विधानसभा सीटें आती हैं। सभी आम आदमी पार्टी जीत दर्ज करती हुई नजर आ रही है और भाजपा को एक भी सीट नहीं मिली है।

उत्तर पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट पर भाजपा के हंसराज हंस सांसद हैं। इसमें सुल्तानपुर माजरा, मंगोलपुरी, किराड़ी, समयपुर बादली, नरेला और नांगलोई, मुंडका, रिठाला, बवाना और रोहिणी सीट शामिल हैं। नौ पर  आम आदमी पार्टी जीत दर्ज करती हुई नजर आ रही है तो भाजपा ने रोहिणी सीट पर जीत दर्ज की है।

नई दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा की मीनाक्षी लेखी सांसद हैं। इसमें करोल बाग, राजिंदर नगर, मालवीय नगर, पटेल नगर, नई दिल्‍ली, आरके पुरम, मोती नगर, कस्‍तूरबा नगर, ग्रेटर कैलाश और दिल्‍ली कैंट शामिल हैं। यहां पर भाजपा का खाता नहीं खुला है और आम आदमी पार्टी का ही वर्चस्व कायम है।

पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट पर भाजपा के गौतम गंभीर सांसद हैं। इसमें गांधी नगर, कृष्णा नगर, विश्वास नगर, शाहदरा, पटपड़गंज, लक्ष्मी नगर, कोंडली, त्रिलोकपुरी, ओखला और जंगपुरा विधानसभा सीटें आती हैं। भाजपा ने चार सीटों लक्ष्मी नगर, गांधी नगर, शाहदरा और विश्वास नगर सीट पर जीत दर्ज की है, बाकी छह आम आदमी पार्टी के खाते में गईं हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement