Advertisement

पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन की साझा प्रेस वार्ता- 'आंतरिक मामलों में बाहरी दखल बर्दाश्त नहीं'

  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिन के ऐतिहासिक दौरे पर रूस के पूर्वी शहर व्लादिवोस्तोक में हैं।...
पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन की साझा प्रेस वार्ता- 'आंतरिक मामलों में बाहरी दखल बर्दाश्त नहीं'

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिन के ऐतिहासिक दौरे पर रूस के पूर्वी शहर व्लादिवोस्तोक में हैं। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ डेलीगेशन लेवल की बातचीत की। बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच कई समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। बैठक के बाद पुतिन और पीएम मोदी संयुक्त रूप से प्रेस को संबोधित किया।

हम लगातार अपनी दोस्ती को मजबूत बना रहे हैं- व्लादिमीर पुतिन

 

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने साझा प्रेस वार्ता में कहा कि ये हमारे लिए खुशी की बात है कि आज भारत के पीएम रूस दौरे पर आए हैं। दोनों देशों के बीच संबंध काफी सामरिक हैं, हम लगातार अपनी दोस्ती को मजबूत बना रहे हैं। हम लगातार संपर्क में रहते हैं और दोनों देशों के बीच लगातार कई बैठकें हो रही हैं। इससे पहले हम दोनों की मुलाकात ओसाका में हुई थी, दोनों नेता लगातार खुले और बढ़िया वातावरण में बातचीत कर रहे हैं। पुतिन ने कहा कि पिछली बैठक में हमने जो फैसले लिए थे, उसकी आज समीक्षा की।

 

उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता निवेश और व्यापार है, दोनों के व्यापार में 17 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। मुझे विश्वास है कि दोनों देश कई और मोर्चे पर साथ आगे बढ़ेंगे। रूस के राष्ट्रपति ने कहा कि आज सुरक्षा, व्यापार और ऊर्जा में समझौते हुए हैं। पुतिन ने कहा कि हम भारत की कंपनियों का रूस में स्वागत करना चाहते हैं।

 

सामरिक तौर पर दोनों देशों का इतिहास काफी पुराना है

 

भारत और रूस के बीच हथियारों को लेकर काफी अच्छे संबंध हैं, हम भारत में मिसाइल सिस्टम और रायफल बनाने की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि सामरिक तौर पर दोनों देशों का इतिहास काफी पुराना है। व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि दुनिया के कई मंचों पर भारत और रूस एक साथ हैं, हम भारत को सबसे आधुनिक हथियार दे रहे हैं।

 

हमारी कोशिश दोनों देशों के बीच संबंधों को नई ऊंचाईयों पर ले जाने की है

 

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज भारत-रूस के बीच 20वां समिट है, जब पहला समिट हुआ था तब मैं गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर मैं अटल बिहारी वाजपेयी के साथ यहां आया था और तब भी व्लादिमीर पुतिन यहां के राष्ट्रपति थे। हमारी कोशिश दोनों देशों के बीच संबंधों को नई ऊंचाईयों पर ले जाने की है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत में रूस के सहयोग से न्यूक्लियर प्लांट बन रहे हैं, हमारे रिश्तों को हम राजधानियों के बाहर पहुंचा रहे हैं।

 

हम दोनों किसी देश के आंतरिक मामले में बाहरी दखल के खिलाफ हैं

 

उन्होंने कहा,‘मैं लंबे समय तक गुजरात का सीएम रहा हूं और पुतिन भी रूस के क्षेत्र को जानते हैं। हाल ही में भारत का एक प्रतिनिधिमंडल यहां पर आए और समझौतों को लेकर बातचीत की गई। पीएम बोले कि भारत-रूस डिफेंस, कृषि, टूरिज्म, ट्रेड में आगे बढ़ रहे हैं। स्पेस में हमारा सहयोग लगातार आगे बढ़ रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत ऐसा अफगानिस्तान देखना चाहता है जो स्वतंत्र, शांत और लोकतांत्रिक हो हम दोनों किसी देश के आंतरिक मामले में बाहरी दखल के खिलाफ हैं। अगले साल भारत-रूस मिलकर टाइगर कन्जर्वेशन पर बड़ा फोरम करने में सहमत हुए हैं।

 

दोनों देशों के बीच 15 समझौते हुए

 

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच द्विपक्षीय वार्ता में दोनों देशों के बीच कुल 15 समझौते हुए। इसमें जमीन, आसमान, एनर्जी, डिफेंस, सड़क मंत्रालय, ऊर्जा, ट्रेड समेत कई बड़े क्षेत्र शामिल हैं।

 

आपका निमंत्रण मेरे लिए बहुत सम्मान की बात- मोदी 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने व्लादिवोस्तोक में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की।यहां व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पूर्वी आर्थिक मंच के लिए आपका निमंत्रण मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है। यह दोनों देशों के बीच समर्थन को एक नया आयाम देने का ऐतिहासिक अवसर है। मैं कल इसमें भाग लेने का इंतजार कर रहा हूं।

रूस दौरे पर इन बैठकों में हिस्सा लेंगे पीएम मोदी 

मोदी 5वें ईस्टर्न इकनॉमिक फोरम की बैठक में भाग लेने के लिए रूस पहुंचे हैं। साथ ही पीएम यहां पर दोनों देशों के बीच के 20वें सालाना शिखर सम्मेलन में भी भाग लेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री आज कई अहम कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, जिसमें रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से द्विपक्षीय वार्ता भी शामिल है।

राष्ट्रपति पुतिन ने गले मिलकर किया पीएम मोदी का स्वागत

व्लादिवोस्तक में ज्वेजडा शिप-बिल्डिंग कॉम्प्लेक्स के लिए रवाना होने से पहले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने हाथ मिलाकर और गले मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया।

पीएम मोदी का हुआ जोरदार स्वागत, दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का व्लादिवोस्तोक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर जोरदार स्वागत किया गया। यहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद मोदी व्लादिवोस्तोक के सुदूर पूर्वी संघीय विश्वविद्यालय (FEFU) पहुंचे, जहां भारतीय प्रवासियों ने शानदार स्वागत किया।

अपने दोस्त रूसी राष्ट्रपति पुतिन से बातचीत के लिए उत्सुक हूं-मोदी

रूस यात्रा पर रवाना होने से पहले मोदी ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन की तारीफ की। उन्होंने कहा, मैं 4-5 सितंबर, 2019 को रूस के व्लादिवोस्तोक का दौरा करूंगा। किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री का रूस के सुदूर पूर्व क्षेत्र का ये पहला दौरा है, जो दोनों पक्षों में विविधता लाने और हमारे मजबूत द्विपक्षीय संबंधों के बंधन को और मजबूत करने की इच्छा को रेखांकित कर रही है। आपसी हितों के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर अपने मित्र और रूसी राष्ट्रपति पुतिन के साथ बातचीत के लिए उत्सुक हूं और दोनों देशों की इच्छा आपसी संबंधों को और सशक्त बनाने की है।

रूस यात्रा दोनों देशों के बीच संबंधों को नई गति देगी: मोदी

मोदी ने रूस की सरकारी समाचार एजेंसी 'तास को दिये एक इंटरव्यू में कहा, ''मैं आश्वस्त हूं कि यह यात्रा नये रास्ते पर ले जाएगी, नयी ऊर्जा देगी और हमारे देशों के बीच संबंधों को नई गति प्रदान करेगी। तास की एक खबर में कहा गया है कि पूर्वी आर्थिक मंच (ईईएफ) से इतर होने वाले 20वें रूस-भारत शिखर बैठक के दायरे में दोनों देश करीब 15 दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने वाले हैं, जिनमें कुछ सैन्य-प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में भी होंगे।

राष्ट्रपति पुतिन के साथ मेरा बेहतर तालमेल: मोदी

व्लादिमीर पुतिन के साथ अपनी शिखर वार्ता की पूर्व संध्या पर मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति के साथ उनका एक खास तालमेल है। साथ ही, वह प्रौद्योगिकी हस्तांतरण चाहते हैं ताकि दोनों देश अन्य देशों को सस्ती दरों पर निर्यात करने के लिए सैन्य उपकरण बना सकें। रूस के सुदूर पूर्व शहर व्लादिवोस्तोक का दौरा करने वाले मोदी भारत के पहले प्रधानमंत्री हैं। वह रूसी बंदरगाह शहर के लिए अपनी रवानागी से पहले बुधवार को राष्ट्रपति पुतिन के साथ व्यापक वार्ता करने वाले हैं।

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement