Advertisement

गोडसे ने गांधी को मारा, प्रज्ञा जैसे लोग भारत की आत्मा को मार रहे हैं : कैलाश सत्यार्थी

साध्वी प्रज्ञा का ‘देशभक्त’ गोडसे बयान पर सरगर्मी अभी तक कम नहीं हुई है। नोबल पुरस्कार विजेता...
गोडसे ने गांधी को मारा, प्रज्ञा जैसे लोग भारत की आत्मा को मार रहे हैं : कैलाश सत्यार्थी

साध्वी प्रज्ञा का ‘देशभक्त’ गोडसे बयान पर सरगर्मी अभी तक कम नहीं हुई है। नोबल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी ने भी इस बारे में एक ट्वीट किया है। अपने ट्वीट में सत्यार्थी ने लिखा, नाथूराम गोडसे ने महात्मा गांधी की हत्या की लेकिन प्रज्ञा जैसे लोग केवल उनकी आत्मा की ही हत्या नहीं कर रहे बल्कि अहिंसा, सहिष्णुता और भारत की आत्मा की भी हत्या कर रहे हैं।  

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि गांधी सत्ता और राजनीति से ऊपर हैं। लेकिन प्रज्ञा जैसे लोग भारत की आत्मा को नष्ट कर रहे हैं। भाजपा को उसे पार्टी से निकालना ही चाहिए। 

उनका यह बयान मालेगांव विस्फोट की आरोपी और भाजपा की भोपाल लोकसभा प्रत्याशी ठाकुर के उस बयान के बाद आया है जब प्रज्ञा ने गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को एक चुनावी रैली में ‘देशभक्त’ करार दिया था। हालांकि बाद में उन्होंने इसके लिए माफी मांग ली थी। प्रज्ञा ने कहा था कि वह गांधी जी का सम्मान करती हैं और उनके काम को देश भुला नहीं सकता। 

सत्यार्थी का कहना है कि भाजपा नेतृत्व को छोटे लाभ में न पड़ कर उन्हें तुरंत पार्टी से बाहर कर देना चाहिए और राजधर्म का पालन करना चाहिए।

प्रज्ञा ने कहा था कि गोडसे देशभक्त थे और वो हमेशा रहेंगे। जो लोग उन्हें आतंकवादी कहते हैं उन्हें खुद के भीतर झांक कर देखना चाहिए। उन्हें इस चुनाव में इसका जवाब मिल जाएगा। यह जवाबी कार्रवाई उन्होंने अभिनेता से नेता बने कमल हासन के उस कमेंट के बाद दिया जिसमें उन्होंने गोडसे को पहला हिंदू आतंकवादी कहा था।

कांग्रेस ने सवाल उठाया था कि मोदी इतनी बातों पर बोलते हैं लेकिन उन्होंने प्रज्ञा के बयान पर कुछ नहीं कहा। इसके बाद नरेंद्र मोदी ने कहा था कि वे गोडसे को देशभक्त कहने के कारण प्रज्ञा को कभी माफ नहीं करेंगे।

प्रज्ञा पहले भी विवादस्पद बयान दे चुकी हैं। इससे पहले भाजपा की ओर से उन्हें भोपाल का उम्मीदवार बनाए जाते ही उन्होंने कहा था कि 26/11 हमले में शहीद हुए पुलिस ऑफिसर हेमंत करकरे को उन्होंने श्राप दिया था क्योंकि उन्होंने सालों उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad