Advertisement

देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या हुई 1024, अब तक 27 मौतें

कोरोना वायरस का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। देश में कोविड-19 के मरीजों की संख्या रविवार को 1024 हो गई।...
देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या हुई 1024, अब तक 27 मौतें

कोरोना वायरस का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। देश में कोविड-19 के मरीजों की संख्या रविवार को 1024 हो गई। जबकि संक्रमण से मौत का आंकड़ा 27 हो गया है।

देश में सबसे ज्यादा बुरा हाल महाराष्ट्र का है। महाराष्ट्र में अब तक 193 मामले सामने आये हैं। रविवार को मुंबई में एक मरीज की मौत हो गई। इसी के साथ प्रदेश में मृतकों का आंकड़ा 7 हो गया। मृतक 40 साल की महिला है जिसे एमसीजीएम हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया था। वहीं गुजरात के अहमदाबाद में कोरोना वायरस से पीड़ित 45 साल के एक शख्स की मौत हो गई। वह मधुमेह से पीड़ित था। इसी के साथ गुजरात में अब तक 5 लोगों की जान चली गई है। इससे पहले कश्मीर में एक मरीज की मौत हो गई। वहां भी दो लोगों की मौत हो चुकी है।

भीलवाड़ा में 25 लोग कोरोना से संक्रमित

राजस्थान के भीलवाड़ा में 53 साल की एक महिला कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई है। इसी के साथ भीलवाड़ा में मरीजों की संख्या 25 हो गई है जबकि पूरे प्रदेश में यह आंकड़ा 55 तक पहुंच गया है।

तेलंगाना में 53 मामले

तेलंगाना के स्वास्थ्य मंत्री इटेला राजेंदर ने बताया कि अबतक राज्य में 53 COVID-19 मामले सामने आए हैं। हम भोजन और पानी की व्यवस्था के साथ प्रवासी श्रमिकों के लिए शिविर बना रहे हैं। हमने इसके लिए एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। मैं लोगों से अनुरोध करता हूं कि वे लॉकडाउन का उल्लंघन न करें।

इंदौर में और 5 मरीज मिले, एमपी में कुल संख्या 39 हुई

इंदौर में 5 और नए मरीजों का पता चला। इनमें 4 स्थानीय हैं जबकि एक मरीज उज्जैन का है। अब मध्य प्रदेश में कुल मरीजों की संख्या 39 हुई।


मेरठ में एक ही घर में मिले 5 मरीज

यूपी के मेरठ में एक ही घर के 5 सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इस परिवार का एक शख्स महाराष्ट्र के अमरावती से लौटा है। उसके अलावा घर के 4 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है।

बिहार में 11 पॉजिटिव केस

बिहार में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। पटना में 161 टेस्ट शनिवार को किया गया जिसमें दो लोग पॉजिटिव पाए गए। कुल मिलाकर बिहार में 11 पॉजिटिव केस हो गए। 11वां केस भी एक महिला का है जिसकी उम्र 30 वर्ष है। जानकारी के मुताबिक यह लखीसराय की रहने वाली है।

ईरान से जोधपुर पहुंचा 275 यात्रियों का जत्था

275 भारतीय लोगों का जत्था ईरान से राजस्थान के जोधपुर पहुंच गया है। इन सभी लोगों का टेस्ट होगा उसके बाद इन्हें क्वारेंटाइन की सुविधा दी जाएगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement