Advertisement

देश में कोरोना के मामले 1 लाख 65 हजार के पार, 4,711 मौतें, दिल्ली में एक दिन में 1 हजार से ज्यादा केस

देश में कोरोना संक्रमण फैलने की रफ्तार तेज है। अब तक 1 लाख 65 हजार से अधिक मामलों की पुष्टि हो चुकी है।...
देश में कोरोना के मामले 1 लाख 65 हजार के पार, 4,711 मौतें, दिल्ली में एक दिन में 1 हजार से ज्यादा केस

देश में कोरोना संक्रमण फैलने की रफ्तार तेज है। अब तक 1 लाख 65 हजार से अधिक मामलों की पुष्टि हो चुकी है। जबकि 4,700 से अधिक लोग इस वायरस की वजह से अपनी जान गवां चुके हैं। इस वायरस के प्रकोप से आर्थिक राजधानी मुंबई सबसे ज्यादा प्रभावित है। वहीं अब देश की राजधानी में भी अब हर दिन रिकॉर्ड मामले सामने आ रहे हैं।

covid19india.org के मुताबिक, देश में अब तक 1,65,387 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। वहीं 4,711लोग दम तोड़ चुके हैं। फिलहाल सक्रिय मामलों की संख्या 89,745 है। वहीं 70,920 लोग ठीक हो चुके हैं।

महाराष्ट्र में 2,598 नए मामले, 85 मौतें

महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य में 2,598 नए कोविड19 पॉजिटिव मामले सामने आए। अब पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 59,546 हो गई है। 85 लोगों की मौत के बाद आज मौत का आंकड़ा 1,982 पहुंच गया है। वहीं मुंबई में 1,438 व्यक्तियों ने कोरोना के लिए पॉजिटिव परीक्षण किया। इसी के साथ अब कोरोना मामलों की कुल संख्या 35,273 हो गई है। आज 38 मौतों के बाद मरने वालों की कुल संख्या 1,135 पहुंची। जबकि मुंबई के धारावी इलाके में 36 नए कोविड19 पॉजिटिव केस सामने आए। कुल पॉजिटिव केस 1,675 हो गए हैं। अभी तक कुल 61 लोगों की मौत हो चुकी है।

दिल्ली में रिकॉर्ड 1,024 नए केस

स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय, दिल्ली के अनुसार, राजधानी दिल्ली में एक दिन में अब तक के सर्वाधिक 1,024 कोविड19 पॉजिटिव मामले रिपोर्ट हुए। कुल मामलों की संख्या 16,281 हुई।

छत्तीसगढ़ में कोरोना के 29 नए मामले

राज्य स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ में कोरोना के 29 नए मामले सामने आए। कुल पॉजिटिव मामले 398 हो गए हैं जिसमें से 315 एक्टिव केस।

राजस्थान में और 251 मामलों की पुष्टि

राजस्थान स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, राज्य में आज रात 8.30 बजे तक कुल 251 कोविड19 मामले दर्ज़ किए गए। राज्य में पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या अब 8,067 है।

गुजरात में 367 नए केस

राज्य स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में गुजरात में 367 नए कोविड19 मामले और 22 मौतें रिपोर्ट हुई हैं। कुल पॉजिटिव मामले अब 15,572 हैं और मरने वालों की संख्या 960।

जम्मू-कश्मीर में मिले और 115 मरीज

जम्मू-कश्मीर सरकार के अनुसार, जम्मू और कश्मीर में 115 नए कोविड19 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। जम्मू संभाग से 14 और कश्मीर संभाग से 101। कुल 2,036 पॉजिटिव मामलों में से 1,150 एक्टिव मामले हैं।

बंगाल में 344 नए मामले, 6 मौतें

स्वास्थ्य विभाग पश्चिम बंगाल के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य में 344 नए कोविड19 पॉजिटिव मामले और 6 मौतें रिपोर्ट हुई हैं। कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 4,536 और मरने वालों की संख्या 229 हो गई है।

यूपी में 246 नए मामले

उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 246 नए मामले सामने आए हैं। इस समय प्रदेश में 2,820 एक्टिव केस है और 4,062 डिस्चार्ज हो चुके हैं। कोरोना वायरस से 189 मौतें हुई हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement