Advertisement

देश में 58 लाख के पार पहुंची कोरोना संक्रमितों की संख्या, 24 घंटे में सामने आए 86052 नए मामले

देशभर में कोरोना वायरस के संक्रमितों का आंकड़ा दिन पर दिन बढ़ता जा रहा है। ब्राजील को पछाड़कर भारत...
देश में 58 लाख के पार पहुंची कोरोना संक्रमितों की संख्या, 24 घंटे में सामने आए 86052 नए मामले

देशभर में कोरोना वायरस के संक्रमितों का आंकड़ा दिन पर दिन बढ़ता जा रहा है। ब्राजील को पछाड़कर भारत दुनिया का दूसरा सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमित देश हो गया है। यहां 58 लाख से अधिक केस सामने आ चुके हैं।  देश में इस वायरस से संक्रमितों की संख्या 58 लाख 16 हजार के पार पहुंच चुकी है। covid19india.org के मुताबिक, देश में कोरोना के अब तक 58,16,103 केस दर्ज हो चुके हैं जिनमें 47,52,991 लोग ठीक हो चुके हैं। हालांकि इनमें से 92,317 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में अभी 9,69,972 एक्टिव केस हैं।

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 86,052 नए मामले सामने आए और 1,141 मौतों हुईं। देश में कोविड-19 पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 58,18,571 है जिसमें 9,70,116 सक्रिय मामले, 47,56,165 ठीक/डिस्चार्ज/विस्थापित मामले और 92,290 मौतें शामिल हैं।

गुरुवार को सामने आए 86,508 नए मामले

स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटों में 86,508 नए कोरोना मामले दर्ज किए गए हैं और 1129 लोगों की जान भी चली गई है। देश में अब कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 57 लाख 32 हजार हो गई है। इनमें से 91,149 लोगों की मौत हो चुकी है। एक्टिव केस की संख्या घटकर 9 लाख 66 हजार हो गई और 46 लाख 74 हजार लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के सक्रिय मामलों की संख्या की तुलना में स्वस्थ हुए लोगों की संख्या करीब चार गुना अधिक है।

6 करोड़ 62 लाख से ज्यादा सैंपल टेस्ट

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के मुताबिक, गुरुवार (24 सितंबर) तक कोविड-19 के  6,89,28,440 सैंपल टेस्ट किए गए। इनमें से 14,92,409 सैंपलों का टेस्ट कल किया गया था। पॉजिटिविटी रेट 7 प्रतिशत से कम है। कोरोना वायरस के 54% मामले 18 साल से 44 साल की उम्र के लोगों को हैं लेकिन कोरोना वायरस से होने वाली 51% मौतें 60 साल और उससे अधिक उम्र के लोगों में हुईं हैं।

मृत्यु दर और सक्रिय मामलों में गिरावट

बढ़ते कोरोना मामलों के बीच राहत की बात है कि मृत्यु दर और एक्टिव केस रेट में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मृत्यु दर गिरकर 1.64% हो गई। इसके अलावा एक्टिव केस जिनका इलाज चल है उनकी दर भी घटकर 21% हो गई है। इसके साथ ही रिकवरी रेट यानी ठीक होने की दर 78% हो गई है। भारत में रिकवरी रेट लगातार बढ़ रहा है।

 

देश के अलग-अलग राज्यों में कोरोना के आंकड़े

 

महाराष्ट्र पहले नंबर पर

 

देश के अलग-अलग राज्यों से कोरोना के जो आंकड़े सामने आ रहे हैं वह बेहद चिंताजनक हैं। महाराष्ट्र में अब तक कोरोना के 12,82,963 केस सामने आ चुके हैं। कोरोना प्रभावित राज्यों में महाराष्ट्र पहले नंबर पर है। राज्य में कोरोना के 2,74,993 मामले सक्रिय हैं। अब तक 9,73,214 लोगों को डिस्चार्ज किया जा चुका है और 34,345 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में पिछले 24 घंटे में 19,164 नए मामले सामने आ चुके हैं। वहीं, 459 लोगों की मौत हो चुकी है।

 

आंध्र प्रदेश दूसरे नंबर पर

 

वहीं, आंध्र प्रदेश कोरोना प्रभावित राज्यों में दूसरे नंबर पर है। राज्य में अब तक कोरोना के 6,54,385 केस सामने आ चुके हैं। इनमें 69,353 मामले सक्रिय हैं और 5,79,474 लोगों को डिस्चार्ज किया जा चुका है। राज्य में अब तक कोरोना से 5,558 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। प्रदेश में एक दिन में 7,885 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, 52 लोगों की नई मौत दर्ज की गई है।

 

तमिलनाडु तीसरे नंबर पर

 

कोरोना प्रभावित राज्यों में तमिलनाडु तीसरे नंबर पर है। तमिलनाडु में कोरोना के अब तक 5,63,691 मामले सामने आ चुके हैं। राज्य में 46,405 सक्रिय केस हैं और 5,08,210 लोगों को अस्पताल से इलाज के बाद छुट्टी दी जा चुकी है। अब तक 9,076 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में 24 घंटे में 5,692 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, 66 नई मौत दर्ज की गई है।

 

कर्नाटक चौथे नंबर पर

 

कोरोना प्रभावित राज्यों में कर्नाटक चौथे नंबर पर पहुंच गया है। कर्नाटक में अब तक कोरोना के 5,48,557 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 95,549 केस सक्रिय हैं और 4,44,658 लोगों को डिस्चार्ज किया जा चुका है। राज्य में कोरोना से अब तक 8,331 लोगों की जान जा चुकी है। राज्य में 7,710 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, 65 नई मौत दर्ज की गई है।

 

उत्तर प्रदेश पांचवें नंबर पर

 

उत्तर प्रदेश कोरोना प्रभावित राज्यों की सूची में पांचवें नंबर पर है। प्रदेश में कोरोना के 3,74,277 मामले सामने आए हैं, जिनमें 61,300 सक्रिय मामले हैं जबकि 3,07,611 स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, राज्य में अब तक 5,366 लोग इस वायरस से अपनी जान गंवा चुके हैं। प्रदेश में 4,591 नए मामले सामने आए हैं। वही, 67 नई मौत दर्ज की गई है।

 

राजधानी दिल्ली छठे नंबर पर

 

देश की राजधानी दिल्ली कोरोना प्रभावित राज्यों में छठे नंबर पर है। दिल्ली में कोरोना के अब तक 2,60,623 मामले सामने आए हैं। राजधानी में कोरोना के 31,125 सक्रिय मामले हैं। अब तक 2,24,375 लोगों को इलाज के बाद डिस्चार्ज किया जा चुका है। कोरोना की चपेट में आकर अब तक 5,123 लोगों की मौत हो चुकी है। राजधानी में पिछले 24 घंटे में 3,834 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, 36 नई मौत दर्ज की गई है।

 

कोरोना प्रभावित देशों की सूची में भारत दूसरे स्थान पर

 

बता दें दुनिया भर में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों की सूची में भारत दूसरे स्थान पर है। इस सूची में 71 लाख 39 हजार से ज्यादा संक्रमितों के साथ अमेरिका पहले, भारत (58 लाख 16 हजार) दूसरे और ब्राजील 46 लाख 27 हजार से ज्यादा मामलों के साथ तीसरे स्थान पर है।

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement