Advertisement

नगालैंड : सुरक्षा बलों की गोलीबारी में 11 नागरिकों की मौत, अमित शाह बोले- एसआईटी करेगी जांच

भारत के पूर्वोत्तर राज्य नगालैंड में शनिवार को सुरक्षा बलों की फायरिंग में 11 नागरिकों के मारे जाने...
नगालैंड : सुरक्षा बलों की गोलीबारी में 11 नागरिकों की मौत, अमित शाह बोले- एसआईटी करेगी जांच

भारत के पूर्वोत्तर राज्य नगालैंड में शनिवार को सुरक्षा बलों की फायरिंग में 11 नागरिकों के मारे जाने की खबर है। मृतकों का आंकड़ा बढ़ भी सकता है। यह घटना नगालैंड के मोन जिले के ओटिंग की है। इस घटना की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने जांच का वादा कर शांति की अपील की है। वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस घटना पर एसआईटी द्वारा जांच के निर्देश दिए हैं।

इस घटना पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शोक व्यक्त किया है । उन्होंने कहा कि नागालैंड के ओटिंग में दुर्भाग्यपूर्ण घटना से व्यथित हूं। घटना में जिन्होंने अपनी जान गंवाई मैं उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। राज्य सरकार द्वारा गठित एक उच्च स्तरीय एसआईटी शोक संतप्त परिवारों को न्याय सुनिश्चित करने के लिए इस घटना की गहन जांच करेगी।

वहीं, इस घटना की निंदा करते हुए मुख्यमंत्री नेफियू रियो ने आज सुबह ट्वीट किया, 'मोन के ओटिंग में नागरिकों की हत्या की दुर्भाग्यपूर्ण घटना अत्यंत निंदनीय है। पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी सहानुभूति व्यक्त करता हूं। घायल लोगों के जल्द ठीक होने की कामना करना करता हूं। उच्चस्तरीय एसआईटी मामले की जांच करेगी और कानून के अनुसार न्याय होगा। सभी वर्गों से शांति की अपील करता हूं।'

इस घटना की जानकारी देते हुए एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि मृतकों की सही संख्या का अभी पता नहीं चल पाया है क्योंकि 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और कई अन्य ने पड़ोसी राज्य असम के अस्पतालों में दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि यह घटना ओटिंग और तिरु गांवों के बीच हुई, जब कुछ दिहाड़ी मजदूर शनिवार शाम कोयला खदान से पिकअप वैन में घर लौट रहे थे।

 

उन्होंने बताया कि प्रतिबंधित संगठन एनएससीएन (के) के युंग आंग गुट के उग्रवादियों की गतिविधियों के बारे में सूचना मिलने के बाद इलाके में अभियान चला रहे सैन्य कर्मियों ने वाहन पर कथित तौर पर गोलीबारी की।

 

अधिकारी ने कहा कि यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि क्या घटना गलत पहचान का मामला है। उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस मौके पर जा कर जांच कर रही है।हालांकि सेना ने अभी तक कोई बयान जारी नहीं किया है, लेकिन असम राइफल्स ने इस घटना में अपनी संलिप्तता से इनकार किया है।

 

इस घटना पर उपमुख्यमंत्री यानथुंगो पैटन ने वादा किया कि न्याय दिया जाएगा। उन्होंने ट्वीट किया, "ओटिंग (सोम) परेशान करने वाली और दुखद घटना जिसमें नागरिक मारे गए थे, की गहन जांच की जाएगी और न्याय किया जाएगा। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना। त्रासदी के मद्देनजर, मैं सभी से शांति की अपील करता हूं!" 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad