Advertisement

दिल्ली हवाई अड्डे से 80 उड़ानें रद्द, यात्रियों का आरोप- एयरलाइंस ने नहीं दी जानकारी

कोरोनावायरस लॉकडाउन के कारण बंद पड़ी उड़ान सेवा को दो महीने बाद आज फिर से शुरू किया गया है। देश के कई...
दिल्ली हवाई अड्डे से 80 उड़ानें रद्द, यात्रियों का आरोप- एयरलाइंस ने नहीं दी जानकारी

कोरोनावायरस लॉकडाउन के कारण बंद पड़ी उड़ान सेवा को दो महीने बाद आज फिर से शुरू किया गया है। देश के कई हवाई अड्डों के जरिये घरेलू उड़ान सेवा शुरू की गई है। लेकिन पहले ही दिन दिल्ली मुंबई और अन्य हवाई अड्डों पर उड़ानें रद्द होने से मुसाफिरों के बीच अफरातफरी की स्थिति बनी रही। यात्रियों की शिकायत की है कि उनकी फ्लाइटें रद्द कर दी गई है और एयरलाइंस की ओर से पहले इसकी कोई जानकारी भी नहीं दी गई है।

दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कम से कम 80 उड़ानें रद्द हुई हैं। इसमें दिल्ली आने और जाने वाली दोनों उड़ानें शामिल हैं। फ्लाइटें रद्द होने से यात्री गुस्से में हैं। उनका दावा है कि उन्हें आखिरी तक उड़ान रद्द होने की जानकारी नहीं दी गई। कुछ ऐसी ही स्थिति मुंबई हवाई अड्डे पर भी है, जहां लोग फ्लाइट रद्द होने से परेशान रहे।

'हमें नहीं पता कि अब क्या करना है '

एयर इंडिया बेंगलुरु-हैदराबाद फ्लाइट के यात्रियों ने कहा कि एयरलाइन से पूर्व सूचना के बिना उनकी उड़ान रद्द कर दी गई है। समाचार एजेंसी एएनआई ने एक यात्री के हवाले से बताया, "जब हमारे बोर्डिंग पास को हवाई अड्डे के प्रवेश पर स्कैन किया गया, तो हमें बताया गया कि बोर्डिंग रद्द कर दी गई है। हमें नहीं पता कि अब क्या करना है।" सोमवार को सुबह 9 बजे तक बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 17 प्रस्थान और पांच आगमन हुए हैं। वहीं नौ उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।

मुंबई में भी यात्री परेशान

मुंबई के छत्रपति शिवाजी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक अन्य यात्री ने कहा कि दिल्ली के लिए उनकी एयर इंडिया की उड़ान पूर्व सूचना के बिना रद्द कर दी गई है। दिल्ली हवाई अड्डे से पहली फ्लाइट रवानगी सुबह 4.45 बजे पुणे के लिए थी। जबकि मुम्बई हवाई अड्डे से पहली रवानगी सुबह 6.45 बजे पटना के लिए थी। मुंबई एयरपोर्ट देश का दूसरा सबसे व्यस्त हवाई अड्डा है। मुंबई हवाई अड्डा प्रतिदिन 50 उड़ानों का परिचालन करेगा। जिसमें से 25 आने वाली और 25 जाने वाली फ्लाइटें शामिल हैं।


कैसा है एयरपोर्ट का नजारा
कोरोना लॉकडाउन के बीच आज से घरेलू विमान सेवा शुरू होने के बाद एयरपोर्ट का नजारा बदला बदला दिखाई दिया। मुंबई हवाई अड्डे पर यात्रियों की लंबी लाइन देखी गई। सुरक्षा कर्मियों के थर्मल स्क्रीनिंग और आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करने की वजह से यात्रियों को अंदर जाने में ज्यादा वक्त लग रहा है। इसी तरह का नजारा दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल 3 में भी देखने को मिला। यहां एयरपोर्ट के भीतर जाने वालों की लंबी लाइन रही।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement