Advertisement

ओलंपिक: भारतीय हॉकी टीम ने जीता कांस्य पदक, जर्मनी को 5-4 से दी मात, 41 साल का सूखा समाप्त

टोक्यो में जारी ओलिंपिक 2020 खेलों में गुरुवार को भारत ने ओलिंपिक में 41 साल के इंतजार को खत्म करते हुए...
ओलंपिक: भारतीय हॉकी टीम ने जीता कांस्य पदक, जर्मनी को 5-4 से दी मात, 41 साल का सूखा समाप्त

टोक्यो में जारी ओलिंपिक 2020 खेलों में गुरुवार को भारत ने ओलिंपिक में 41 साल के इंतजार को खत्म करते हुए जर्मनी को 5-4 से हराकर कांस्य पदक जीत लिया है।

मैच के दौरान एक समय भारतीय टीम मुकाबले में 1-3 से पिछड़ रही थी, मगर दूसरे क्वार्टर में भारत ने मुकाबले को 3-3 की बराबरी पर  ला दिया। और तीसरे क्वार्टर में भारत ने इस बढ़त को 5-3 करके काफी हद तक कांस्य पर कब्जा सुनिश्चित कर दिया। हालांकि यहां से जर्मनी ने एक गोल के अंतर को कम अवश्य किया, मगर वह 5-4 की बढ़त  से आगे नहीं जा सकी  जर्मनी को मैच के अंतिम मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला, मगर इसे गोलची श्रीजैश ने नाकाम कर दिया और इसी के साथ पूरा भारत झूम उठा।

भारतीय टीम की इस जीत पर पूरा देश खुशियों से झूम रहा है। वहीं राष्ट्रपति से लेकर आम आदमी तक अपनी भावनाएं जाहिर कर रहे हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट किया, "हमारी पुरुष हॉकी टीम को 41 साल बाद हॉकी में ओलंपिक पदक जीतने के लिए बधाई। टीम ने जीतने के लिए असाधारण कौशल, लचीलापन और दृढ़ संकल्प दिखाया। यह ऐतिहासिक जीत हॉकी में एक नए युग की शुरुआत करेगी और युवाओं को खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, "ऐतिहासिक! एक ऐसा दिन जो हर भारतीय की याद में अंकित होगा। कांस्य पदक जीतने के लिए हमारी पुरुष हॉकी टीम को बधाई। भारत को अपनी हॉकी टीम पर गर्व है।"

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लिखा है, "भारतीय पुरुष हॉकी टीम को बधाई! यह एक बड़ा क्षण है- आपकी उपलब्धि पर पूरे देश को गर्व है।"

बता दें कि भारत ने आखिरी बार 1980 में मॉस्को ओलिंपिक में मैडल जीता था, जो गोल्ड के रूप में आया था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement