Advertisement

हॉकी टीम ने आस्ट्रिया पर 4-3 की रोमांचक जीत के साथ किया यूरोप दौरे का अंत

भारत की ओर से रमनदीप ने 25वें और 32वें मिनट में गोल किए जबकि चिंगलेनसना ने 37वें और 60वें मिनट में गोल दागा।
हॉकी टीम ने आस्ट्रिया पर 4-3 की रोमांचक जीत के साथ किया यूरोप दौरे का अंत

भारतीय पुरूष हॉकी टीम ने नीदरलैंड के एमस्लवीन में खेले गए अपने आखिरी मुकाबले में आस्ट्रिया के खिलाफ 4-3 की रोमांचक जीत के साथ अपने यूरोप दौरे का विजयी समापन किया। भारत की ओर से रमनदीप ने 25वें और 32वें मिनट में गोल किए जबकि चिंगलेनसना ने 37वें और 60वें मिनट में गोल दागा। भारत ने यूरोप दौरे का अंत तीन जीत और दो हार के साथ किया। ऑस्ट्रिया के लिये ओलिवर बिंडर (14वां), माइकल कोर्पेर (53वां) और पैट्रिक एस (55वां) ने गोल किये।

दुनिया की चौथे नंबर की टीम नीदरलैंड को लगातार दो मैचों में हराने के बाद भारत ने ऑस्ट्रिया के खिलाफ धीमी शुरुआत की। गेंद पर नियंत्रण में भारत आगे रहा लेकिन सर्कल के भीतर उतने हमले नहीं बोले जा सके। ऑस्ट्रिया ने 14वें मिनट में बिंडेर के गोल के दम पर पहले क्वॉर्टर में 1-0 की बढत बना ली। भारत ने हालांकि दूसरे क्वॉर्टर में अपनी गलतियों में सुधार करके 25वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया। अमित रोहिदास ने गेंद रमनदीप सिंह को सौंपी जिसने गोल करने में कोई चूक नहीं की। ब्रेक के बाद भारतीय टीम ने अधिक आक्रामक तेवर दिखाये। रमनदीप ने 32वें मिनट में शानदार गोल किया।

भारत ने अपने हमलों में कोई कमी नहीं रखी और उपकप्तान चिन्ग्लेंसना सिंह ने 37वें मिनट में वरुण कुमार के पास पर शानदार गोल किया। इसके बाद ऑस्ट्रिया ने अंतिम 15 मिनटों में जोरदार वापसी करते हुए जल्दी-जल्दी दो गोल किए और 55वें मिनट में स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया। मैच तब बेहद रोमांचक हो उठा था। जब मैच समाप्त होने में केवल 10 सेकंड का समय बचा था, लेकिन तब ही चिंगलेनसना ने सनसनीखेज गोल दागते हुए टीम इंडिया को जीत दिला दी। रमनदीप सिंह ने इस गोल में अहम भूमिका निभाते हुए ऑस्ट्रियाई डिफेंडरों को छकाते हु गुरजंत सिंह को पास किया। गुरजंत ने क्रॉस हिट लगाया और चिंगलेनसना ने रिसीव करते हुए विजयी गोल दागा।

गौरतलब है कि बेल्जियम और नीदरलैंड दौरे के लिये मनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली भारतीय टीम में छह नए खिलाड़ियों को शामिल किया गया था। छह नये खिलाड़ियों में गोलकीपर सूरज करकेराहू, जूनियर विश्व कप के नायक वरुण कुमार, दिप्सन टिर्की, नीलकांता शर्मा, गुरजंत सिंह और अरमान कुरैशी शामिल किया गया।अनुभवी ड्रैगफ्लिकर अमित रोहिदास भी टीम में थे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad