Advertisement

ड्रेसिंग सेंस को लेकर हर बार लोग प्रियंका चोपड़ा के पीछे क्यों पड़ जाते हैं

बॉलीवुड की 'देसी गर्ल' प्रियंका चोपड़ा पिछले काफी समय से अपने ड्रेसिंग सेंस से सुर्खियां बटोरने में लगी...
ड्रेसिंग सेंस को लेकर हर बार लोग प्रियंका चोपड़ा के पीछे क्यों पड़ जाते हैं

बॉलीवुड की 'देसी गर्ल' प्रियंका चोपड़ा पिछले काफी समय से अपने ड्रेसिंग सेंस से सुर्खियां बटोरने में लगी हुई हैं। बात हाल ही में हुए मेट गाला 2018 इवेंट की हो या फिर प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल के रॉयल वेडिंग और रिसेप्शन में अपनी विंटेज लुक की। प्रिसेंस लुक को लेकर प्रियंका चर्चा में हैं। उनकी ड्रेसेज को लेकर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं भी सामने आती रहती हैं।

रॉयल रिसेप्शन में प्रियंका ऑफ शोल्डर सिमरी गाउन में प्रिंसेस लुक में नजर आईं, जिसकी फोटोज तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने इस पर अपनी टिप्पणी करने में देर नहीं की। किसी ने प्रियंका की तारीफ की तो किसी ने उन्हें इस रॉयल रिसेप्शन में भारतीय लिबास यानी साड़ी पहनने की सलाह दे डाली।

 


प्रियंका चोपड़ा के ड्रेसिंग सेंस से इस समाज को कुछ ज्यादा ही लगाव है। अलग-अलग मौकों पर लोग प्रियंका को नसीहत देते रहते हैं कि उन्हें किस मौके पर क्या पहनना चाहिए। ये पहला मौका नहीं है जब उनके कपड़ों को लेकर लोगों को दिक्कत हुई है। 

रॉयल रिसेप्शन में प्रियंका ने पहना था ये डिजाइनर गाउन

प्रियंका ने इस मौके पर क्रिस्टियन डिओर का गाउन पहना था। खुले बाल और मिनिमम मेकअप लुक में वो कमाल की लग रही थीं। प्रियंका ने इस लुक में विंडसर कैसल के अपोजिट साइड में पोज दिए और सभी का दिल जीत लिया।

शादी में दिखा था विंटेज लुक

शाही शादी के दौरान प्रियंका कस्टम मेड सूट-स्कर्ट में नजर आई थी और उन्होंने सर पर स्टाइलिश हैट भी लगाया हुआ था। शाही शादी में 600 हस्तियों ने शिरकत की थी, जिनमें प्रियंका समेत ओपरा विनफ्रे, जार्ज और अमाल क्लूनी, डेविड बेकहम, एल्टन जॉन, टॉम हार्डी, जेम्स कॉर्डन, जेम्स ब्लंट और केरी मुल्लीगन जैसे दिग्गज सितारे मौजूद थे।

शाही जोड़े को प्रियंका ने ऐसे दी शादी की बधाई

प्रियंका, मेगन की खास दोस्त हैं। शादी के बाद उन्होंने शाही जोड़े की फोटो शेयर करते हुए एक प्यारा और इमोशनल मैसेज भी लिखा।

इस संदेश में प्रियंका कहती हैं- ''जीवन में कभी-कभी वो पल आता है कि वक्त ठहर जाता है। यह आज हुआ है। मेरी दोस्त, तुम बहुत शालीनता, प्यार और ख़ूबसूरती के मूरत लग रही हो। इस शादी में आप दोनों ने जो भी किया, वो इतिहास में संजोया जाएगा, इसलिए नहीं कि ये आपकी शादी है, बल्कि इसलिए कि ये शानदार शादी बदलाव और उम्मीद को संबंल दे रही है। इन दोनों ही चीज़ों की दुनिया को बहुत ज़रूरत है।'' अंत में प्रिंयका ने मुबारकबाद देते हुए लिखा है कि आप दोनों को साथ देखकर मैं बहुत खुश हूं और मेरी आंखें गीली हो गई हैं।

मेट गाला 2018 इवेंट में प्रियंका

प्रियंका ने इस इवेंट में डिजाइनर राफ लॉरेन का गाउन की थीम गाउन पहना। इस साल मेट गाला की थीम 'हेवनली बॉडीज: फैशन एंड द कैथोलिक इमैजिनेशन थी।' इसलिए प्रियंका कैथोलिक लुक में नजर आईं। प्रियंका ने बरगंडी कलर का लॉन्ग वेलवेट गाउन पहना था, जो Jesus से इंस्पायर्ड था। प्रियंका के इस गाउन पर क्राउन और क्रॉसेस भी लगे हुए थे। उनके इस लुक पर भी लोगों ने सोशल मीडिया पर उनके ऊपर कई 'मीम' और जोक्स बनाए।

जब दिल्ली में पीएम मोदी से मिली थी देसी गर्ल

यूनीसेफ की ब्रांड एंबेसडर प्रियंका चोपड़ा ने पिछले महीने यानी अप्रैल में पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। बर्लिन में पीएम से मुलाकात के दौरान छोटी ड्रेस पहनने को लेकर नकारात्मक प्रतिक्रियाओं का सामना कर चुकीं प्रियंका ने दिल्ली में हुई प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात को लेकर अपनी ड्रेस का काफी ध्यान रखा। इस दौरान उन्होंने सफेद रंग का सूट पहना था।

इस मुलाकात के बाद प्रियंका ने इसकी तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी शेयर की थीं। इस मुलाकात के दौरान पीएम मोदी के साथ केन्द्रीय स्वास्थय मंत्री जेपी नड्डा भी मौजूद थे। फोटो शेयर कर प्रियंका ने नरेंद्र मोदी से बातचीत और उनसे मुलाकात के लिए शुक्रिया भी अदा किया था। प्रियंका ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मातृत्व, नवजात शिशु और शिशु स्वास्थ्य से जुड़े अपने फोरम को लेकर बातचीत की थी।

बर्लिन में जब PM मोदी से मिली थीं प्रियंका

प्रियंका चोपड़ा ने बर्लिन में पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी चार देशों की यात्रा पर जर्मनी पहुंचे थे, जहां उन्होंने अपने व्यस्त कार्यक्रम से समय निकालकर प्रियंका से मुलाकात की थी। इस मुलाकात की फोटो सोशल मीडिया पर अपने फैंस के साथ साझा करने पर अपनी छोटी ड्रेस को लेकर प्रियंका ट्रोल भी हुईं थीं।

जब असम के कैलेंडर में प्रियंका की फोटो को बताया गया था संस्कृति के खिलाफ

पूर्वोत्तर के एक कैलेंडर में प्रियंका चोपड़ा की एक फोटो पर विवाद हुआ था। इस फोटो को संस्कृति के खिलाफ बताया गया था। दरअसल, प्रियंका असम टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन की ब्रांड एम्बेसडर है। टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए उनकी फोटो के साथ एक कैलेंडर लॉन्च किया गया था, जिस पर कांग्रेस ने ऐतराज जताया था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement