Advertisement

शहीद औरंगजेब समेत 7 को शौर्य चक्र, नौसेना की 6 महिला अफसरों को वीरता पुरस्कार

जम्मू-कश्मीर में सेना के जवान शहीद औरंगजेब, मेजर आदित्य कुमार और सीआरपीएफ के 5 जवानों को शौर्य चक्र...
शहीद औरंगजेब समेत 7 को शौर्य चक्र, नौसेना की 6 महिला अफसरों को वीरता पुरस्कार

जम्मू-कश्मीर में सेना के जवान शहीद औरंगजेब, मेजर आदित्य कुमार और सीआरपीएफ के 5 जवानों को शौर्य चक्र मिलेगा। वहीं, आईएनएस तारिणी से समुद्र परिक्रमा पूरी करने वाली नौसेना की 6 महिला अफसरों को वीरता के लिए नौसेना मेडल से सम्मानित किया जाएगा। स्‍वतंत्रता दिवस से पहले गृह मंत्रालय ने मंगलवार को वीरता पुरस्कारों का ऐलान किया। इस साल कुल 942 पुलिस मेडल दिए जाएंगे।

कौन हैं शहीद औरंगजेब?

आतंकियों ने 15 जून को जवान औरंगजेब का अपहरण कर लिया था। वे 44 राष्ट्रीय राइफल के साथ शोपियां के शादीमर्ग में तैनात थे। राजौरी जिले के मेंढर निवासी औरंगजेब ईद मनाने के लिए सुबह 9 बजे घर के लिए निकले थे। आतंकियों ने औरंगजेब को बंधक बनाकर रखा और अफसरों के बारे में पूछताछ की थी। इसके बाद उनका शव पुलवामा जिले में गोलियों से छलनी हालत में मिला था। वे मेजर शुक्ला के साथ तैनात थे। मेजर शुक्ला ने मई में आतंकी समीर टाइगर को मुठभेड़ में मार गिराया था।

मेजर आदित्य कुमार

गढ़वाल राइफल्स के मेजर आदित्य जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं। उन्होंने आतंकियों के खात्मे के लिए कई सफल ऑपरेशन में अहम भूमिका निभाई। 27 जनवरी को सेना का काफिला सर्च ऑपरेशन से लौट रहा था। इसी दौरान शोपियां में प्रदर्शनकारियों ने पथराव शुरू कर दिया। जवानों को अपनी जान बचाने के लिए फायरिंग तक करनी पड़ी। इसमें तीन पत्थरबाज मारे गए थे। जम्मू-कश्मीर सरकार ने मेजर आदित्य और उनके साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया था। मेजर के पिता लेफ्टिनेंट कर्नल करमवीर सिंह ने एफआईआर को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है।

छह महिला अफसरों ने पूरी की थी समुद्र परिक्रमा

आईएनएसवी तारिणी के छह सदस्यीय महिला चालक दल ने पूरी दुनिया की परिक्रमा की थी। यह यात्रा पिछले वर्ष सितंबर के पहले हफ्ते में गोवा से शुरू हुई थी और इस वर्ष मई में समाप्त हुई। 254 दिन लंबी इस यात्रा के दौरान, टीम ने लगभग 22,000 नौटिकल मील की यात्रा तय की। टीम का कांरवा इस दौरान पांच देशों -ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, फॉकलैंड द्वीप(ब्रिटेन), दक्षिण अफ्रीका और मॉरीशस में रुका था।

टीम में छह सदस्य लेफ्टिनेंट कमांडर वर्तिका जोशी(कप्तान), लेफ्टिनेंट कमांडर प्रतिभा जामवाल, लेफ्टिेंट कमांडर बी.ऐश्वर्य, लेफ्टिनेंट कमांडर पी. स्वाति, लेफ्टिनेंट कमांडर विद्या देवी और लेफ्टिनेंट पायल गुप्ता थीं। यह पहला अवसर था कि किसी भारतीय महिला चालक दल के सदस्यों ने पूरी दुनिया की परिक्रमा की है।

पुलिस पदक 

कश्मीर में शहीद सीआरपीएफ कॉन्स्टेबल शरीफुद्दीन और हेड कॉन्स्टेबल मो. तफैल को वीरता के लिए राष्ट्रपति पदक (पीपीएमजी) से नवाजा गया है। वीरता के लिए कुल 177 पुलिस पदक (पीएमजी) दिए जाएंगे। इनमें 89 पदक के साथ सीआरपीएफ सबसे आगे है। जम्मू-कश्मीर पुलिस को 37, ओडिशा पुलिस को 11, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को 10, महाराष्ट्र पुलिस को 8 और छत्तीसगढ़ पुलिस को 6 वीरता पदक दिए जाएंगे। इसके अलावा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कोस्ट गार्ड के लिए एक राष्ट्रपति तटरक्षक पदक (उत्कृष्ट सेवा), वीरता के लिए 5 तटरक्षक पदक और 2 तटरक्षक मेडल (सराहनीय सेवा) का ऐलान किया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad