Advertisement

मनमोहन सिंह के बाद अभिषेक सिंघवी ने सावरकर की तारीफ की, महान व्यक्ति बताया

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने भी वीर सावरकर की...
मनमोहन सिंह के बाद अभिषेक सिंघवी ने सावरकर की तारीफ की, महान व्यक्ति बताया

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने भी वीर सावरकर की प्रशंसा की है। उन्होंने सावरकर को महान व्यक्ति बताते हुए कहा कि उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में अहम भूमिका निभाई और दलित अधिकारों के लिए संघर्ष किया। यही नहीं, वह देश की खातिर जेल भी गए। महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव के लिए जारी घोषणा पत्र में भाजपा की राज्य इकाई द्वारा वी. डी. सावरकर को मरणोपरांत भारत रत्न देने का प्रस्ताव किए जाने के बाद समूचे विपक्ष ने भाजपा पर जोरदार हमला बोला था।

लेकिन हिंदुत्व की विचारधारा का समर्थन नहीं

राज्यसभा सदस्य सिंघवी ने नेवर फॉरगेट हैशटैग के साथ ट्वीट किया, "मैं व्यक्तिगत रूप से सावरकर की विचारधारा का समर्थन नहीं करता हूं लेकिन इस तथ्य को झुठलाया नहीं जा सकता है कि वह एक महान व्यक्ति थे। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, दलितों के अधिकारियों के लिए ‍आवाज उठाई और देश के लिए जेल भी गए। हालांकि उन्होंने सावरकर की हिंदुत्ववादी विचारधारा का समर्थन करने से साफ इन्कार किया।"

भारत रत्न देने की महाराष्ट्र भाजपा की मांग

विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की महाराष्ट्र इकाई ने घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा था कि उनकी पार्टी केंद्र की एनडीए सरकार से मांग करेगी कि सावरकर, समाज सुधारक ज्योतिबा फुले औ सावित्रीबाई फुले को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न दिया जाए।

पूर्व पीएम ने कहा था- हम उनके खिलाफ नहीं

इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री मनोहन सिंह ने मुंबई में पिछले सप्ताह एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा था, "हम सावरकरजी के खिलाफ नहीं हैं। लेकिन हम हिंदुत्व की विचारधारा के पक्ष में नहीं है जिसे सावरकरजी ने संरक्षण दिया और जिसके साथ दृढ़ता से खड़े।" सिंह ने कहा था कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने सावरकर की याद में डाक टिकट जारी किया था।

कांग्रेस सहित विपक्ष ने की थी भाजपा की आलोचना

सावरकर को भारत रत्न देने की मांग पर विपक्षी पार्टियों ने भाजपा पर जोरदार हमला बोल दिया था। कांग्रेस ने कहा था कि सावरकर पर महात्मा गांधी की हत्या के लिए मुकदमा चलाया गया था। हालांकि बाद में उन्हें बरी कर दिया गया। कांग्रेस सावरकर का लगातार विरोध करती रही है। उसका आरोप रहा है कि सावरकर ने जेल की कठिनाइयों से घबराकर अंग्रेजी सरकार से माफी मांग ली थी।  यही नहीं, सावरकर ने अंग्रेजी सरकार को समर्थन भी दिया था।

भाजपा का आरोप- कांग्रेस ने कई हस्तियों की उपेक्षा की

दूसरी ओर, भाजपा कांग्रेस पर आरोप लगाती रही है कि कांग्रेस ने सिर्फ एक ही परिवार के लोगों को सम्मान दिया और याद किया। कांग्रेस देश के दूसरे महान नेताओं को आजादी से ही नजरंदाज करती रही। भाजपा गांधी-नेहरू परिवार से बाहर के दूसरे महान नेताओं और हस्तियों खासकर पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के विरोधी रुख अपनाने वाले लोगों के नाम उछाल रही है और उनकी प्रशंसा कर रही है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad