Advertisement

रोहित शर्मा समेत 5 खिलाड़ियों को मिलेगा खेल रत्न, सचिन-धोनी-विराट के बाद रोहित चौथे क्रिकेटर

भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज़ रोहित शर्मा समेत खेल जगत के पांच दिग्गजों को इस साल देश के...
रोहित शर्मा समेत 5 खिलाड़ियों को मिलेगा खेल रत्न, सचिन-धोनी-विराट के बाद रोहित चौथे क्रिकेटर

भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज़ रोहित शर्मा समेत खेल जगत के पांच दिग्गजों को इस साल देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार 'राजीव गांधी खेल रत्न' अवॉर्ड दिया जाएगा। यह खेल पुरस्कार के इतिहास में पहली बार होगा कि पांच लोगों को खेल रत्न दिया जाएगा। खेल रत्न पाने वाले रोहित चौथे क्रिकेटर होंगे। उनसे पहले कप्तान विराट कोहली और पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और एमएस धोनी को खेल रत्न का पुरस्कार मिल चुका है।

खेल मंत्रालय ने शुक्रवार को रोहित शर्मा समेत पैरा-एथलीट मारियप्पन थंगावेलु, टेबल टेनिस प्लेयर मनिका बत्रा, रेसलर विनेश फोगाट और महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल को राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित करने का ऐलान किया है। साथ ही, टीम इंडिया के क्रिकेटर इशांत शर्मा, शूटर मनु भाकर और शटलर सात्विक साइराज रंकी रेड्डी समेत 27 खिलाड़ियों को इस साल 29 अगस्त को खेल दिवस के मौके पर अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। बता दें कि 29 अगस्त को खेल दिवस के मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ सिंह कोविंद खिलाड़ियों को खेल रत्न पुरस्कार देंगे।

बीसीसीआई ने दी बधाई

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए चुने जाने पर सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा को बधाई दी है। बीसीसीआई ने ट्वीट किया- रोहित शर्मा राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए चुने जाने पर आपको बधाई, भारत का सर्वोच्च खेल सम्मान। यह पुरस्कार पाने वाले चौथे क्रिकेटर। हमें आप पर गर्व है, हिटमैन!। रोहित को 2015 में अर्जुन अवॉर्ड मिल चुका है।

ईशांत शर्मा और महिला क्रिकेटर दीप्ति को भी अर्जुन अवॉर्ड

बोर्ड ने अर्जुन अवॉर्ड के लिए चुने गए महिला क्रिकेटर दीप्ति और इशांत शर्मा को भी ट्वीट कर बधाई दी। खेल मंत्रालय ने शुक्रवार को इन दोनों के साथ 27 अन्य खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड देने की घोषणा की थी। ॆइशांत एशिया के बाहर सबसे ज्यादा 163 विकेट लेने वाले इकलौते भारतीय गेंदबाज हैं। वे डे-नाइट टेस्ट में पांच विकेट लेने वाले पहले भारतीय हैं।

चौथे क्रिकेटर होंगे रोहित

रोहित खेल रत्न पाने वाले चौथे क्रिकेटर होंगे। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर, हाल में संन्यास लेने वाले महेंद्र सिंह धोनी और वर्तमान कप्तान विराट कोहली यह सम्मान हासिल कर चुके हैं। तेंदुलकर पहले भारतीय क्रिकेटर थे जिन्हें 1998 में खेल रत्न पुरस्कार दिया गया था। धोनी को 2007 और कोहली को 2018 में भारोत्तोलक मीराबाई चानू के साथ यह पुरस्कार मिला था।  

राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार

रोहित शर्मा (क्रिकेट), विनेश फोगाट (कुश्ती), मनिका बत्रा (टेबल टेनिस), रानी रामपाल (हॉकी), मरियप्पन थंगवेलु (पैरा ऐथलीट)।

अर्जुन अवॉर्ड की लिस्ट

क्रिकेटर इशांत शर्मा, शूटर मनु भाकर और शटलर सात्विक साइराज रंकी रेड्डी के अलावा अतनु दास (तीरंदाजी), चिराट चंद्रशेखर शेट्टी (बैडमिंटन), विशेष भरिगुवंशी (बास्केटबॉल), सुबेदार मानिक कौशिक और लोवलीनी बोगराहैन (बॉक्सिंग) को भी अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।

साथ ही, दीप्ति शर्मा (क्रिकेट), सावंत अजय अनंत (घुड़सवारी), संदेश झिंगन (फुटबॉल), अदिति अशोक (गोल्फ), आकाशदीप सिंह (हॉकी), दीपिका (हॉकी), दीपक (कबड्डी), काले सारिका सुधाकर (खो खो), दत्तु बबन भोकानाल (नौकायान), सौरभ चौधरी (शूटिंग), मधुरिका सुहास पाटकर (टेबल टेनिस), दिविज शरण (टेनिस), दिव्या काकरन (रेस्लिंग), राहुल अवारे (रेसलिंग), शिवा केशवन (शीतकालीन खेल),  सुयाश नारायण जाधव (पारा स्विमिंग), संदीप (पारा एथलेटिक्स), मनीष नरवाल (पारा शूटिंग) को इस अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।

द्रोणाचार्य लाइफ टाइम अवॉर्ड की लिस्ट

धर्मेंद्र तिवारी (तीरंदाजी), पुरुषोत्तम राय (एथलेटिक्स), शिव सिंह (बॉक्सिंग), रोमेश पाठानिया (हॉकी), कृष्ण कुमार हुडा (कबड्डी), विजय भालचंद्र मुनिश्वर ( पारा पावरलिफ्टिंग), नरेश कुमार (टेनिस), और ओम दाहिया (रेसलिंग)

द्रोणाचार्य रेग्युलर कैटेगरी अवॉर्ड की लिस्ट

योगेश मालवीय (मलखंब), जसपाल राणा (शूटिंग), कुलदीप कुमार हांडू (वुशू) और गौरव खन्ना (पारा बैडमिंटन)

कोरोना के कारण राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह नहीं होगा

कोरोना के कारण पहली बार राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 29 अगस्त को वर्चुअल तरीके से दिए जाएंगे। हर साल 29 अगस्त यानी नेशनल स्पोर्ट्स-डे के मौके पर राष्ट्रपति भवन में एक समारोह के जरिए यह पुरस्कार दिए जाते हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement