Advertisement

मुलायम सिंह यादव अभी भी आईसीयू में, हालत नाजुक; हाल जानने के लिए अस्पताल में लगा दिग्गजों का तांता

समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव अभी भी गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल की गहन चिकित्सा...
मुलायम सिंह यादव अभी भी आईसीयू में, हालत नाजुक; हाल जानने के लिए अस्पताल में लगा दिग्गजों का तांता

समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव अभी भी गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। स्वास्थ्य बुलेटिन में कहा गया है कि उन्हें जीवन रक्षक दवाएं दी जा रही हैं। तबीयत बिगड़ने के बाद से अखिलेश यादव लगातार अस्पताल में मौजूद हैं। मुलायम सिंह के स्वास्थ्य का हालचाल जानने के लिए विभिन्न दलों के राजनेता लगातार मेदांता अस्पताल पहुंच रहे हैं।

अस्पताल ने कहा, "मुलायम सिंह जी अभी भी गंभीर और जीवन रक्षक दवाओं पर हैं। उनका इलाज गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल के आईसीयू में विशेषज्ञों की एक व्यापक टीम द्वारा किया जा रहा है।" बुलेटिन को समाजवादी पार्टी के आधिकारिक हैंडल से ट्विटर पर भी साझा किया गया।

82 वर्षीय यादव को रविवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 2 अक्टूबर को उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई जिसके बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। मुलायम सिंह यादव के स्वास्थ्य में शुक्रवार को भी गिरावट दर्ज की गई है, जिसके बाद उन्हें एडवांस सपोर्ट पर रखा गया है।

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार को उनका हालचाल पूछने अस्पताल पहुंचे। सिंह ने एक ट्वीट में कहा, "गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल का दौरा किया और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के स्वास्थ्य और कुशलक्षेम के बारे में जानकारी ली। मैं ईश्वर से उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"

इससे पहले आज सुबह जनता दल के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव मुलायम सिंह का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे थे। यूपी के डिप्‍टी सीएम बृजेश पाठक ने मेदांता पहुंचकर मुलायम सिंह का हाल जाना। इसके अलावा अमेठी के गौरीगंज से विधायक राकेश प्रताप सिंह, बीजेपी सांसद राम कृपाल यादव,  कांग्रेस पार्टी के पूर्व सांसद और केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय , उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना मेदांता अस्पताल पहुंचे और मुलायम सिंह यादव का हाल जाना।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement