Advertisement

यशवंत सिन्हा का कटाक्ष- IPL की तरह, ‘इंडियन पॉलिटिकल लीग’ में होगी कर्नाटक के विधायकों की नीलामी

कर्नाटक में सरकार बनाने को लेकर जारी उथल-पुथल के बीच कांग्रेस और बीजेपी में जारी आरोप-प्रत्यारोप को...
यशवंत सिन्हा का कटाक्ष- IPL की तरह, ‘इंडियन पॉलिटिकल लीग’ में होगी कर्नाटक के विधायकों की नीलामी

कर्नाटक में सरकार बनाने को लेकर जारी उथल-पुथल के बीच कांग्रेस और बीजेपी में जारी आरोप-प्रत्यारोप को लेकर बीजेपी के पूर्व नेता यशवंत सिन्हा ने कटाक्ष किया है। यशवंत सिन्हा ने कहा कि कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाई वाला के राज्य में सरकार बनाने के लिए भाजपा को आमंत्रित करने से ऐसी स्थिति पैदा हो गई है, जिसमें इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में क्रिकेटरों की नीलामी की तरह विधायकों की ‘इंडियन पॉलिटिकल लीग’ के तहत नीलामी की जाएगी।

सिन्हा ने राज्यपाल के निर्णय के खिलाफ राष्ट्रपति भवन के बाहर विरोध जताया और आरोप लगाया कि इस ‘असंवैधानिक’ कदम से ‘लोकतंत्र की हत्या’ हुई है। पूर्व केन्द्रीय मंत्री सरकार गठन के लिए भाजपा को आमंत्रित करने संबंधी राज्यपाल के निर्णय के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाने वाले कांग्रेस और जेडी(एस) से भी प्रभावित नहीं थे। उन्होंने कहा कि यह देश की राजनीतिक व्यवस्था की ‘कमजोरी’ है कि इस तरह के मामलों में वह न्याय देने में विफल रहा।

इससे पहले सिन्हा ने ट्वीट किया कि कर्नाटक का घटनाक्रम 2019 के लोकसभा चुनावों के बाद दिल्ली में होने वाली गतिविधियों का पूर्वाभ्यास है। उन्होंने कहा,‘भाजपा के पास बहुमत के लिए आठ विधायक कम हैं। अब वह (बहुमत साबित करने के लिए) आवश्यक संख्या कहां से जुटाएगी?’

सिन्हा ने कहा,‘राज्यपाल ने ठीक उसके विपरीत किया जो उनसे संविधान के तहत किये जाने की उम्मीद थी। क्रिकेट में आईपीएल की तरह ही राज्यपाल के निर्णय से इंडियन पॉलिटिकल लीग बन गई है जहां विधायकों की नीलामी की जाएगी। यह लोकतंत्र की हत्या है।’ राज्यपाल पर निशाना साधते हुए यशवंत सिन्हा ने कहा कि यदि राज्यपाल ‘पार्टियों के सिपाहियों’ के रूप में काम करना शुरू कर देंगे तो लोकतंत्र काम नहीं करेगा।

गौरतलब है कि बीजेपी नेता बीएस येद्दियुरप्पा ने गुरुवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। सुप्रीम कोर्ट के शपथ ग्रहण पर रोक लगाने से इनकार करने के कुछ घंटों बाद येद्दियुरप्पा ने शपथ ली। कर्नाटक विधानसभा चुनावों में भाजपा 104 सीटों पर जीत हासिल करके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। कांग्रेस ने 78 सीटों पर और जेडी(एस) ने 37 सीटों पर जीत हासिल की है। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad