Advertisement

ISSF WC में जूनियर निशानेबाजों का स्वर्णिम अभियान जारी, गुरप्रीत ने सीनियर में दिलाया रजत

गुरप्रीत सिंह ने शुक्रवार को यहां आईएसएसएफ विश्व चैम्पियनशिप की सीनियर पुरूष स्टैंडर्ड पिस्टल...
ISSF WC में जूनियर निशानेबाजों का स्वर्णिम अभियान जारी, गुरप्रीत ने सीनियर में दिलाया रजत

गुरप्रीत सिंह ने शुक्रवार को यहां आईएसएसएफ विश्व चैम्पियनशिप की सीनियर पुरूष स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया लेकिन भारत के जूनियर निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए दो स्वर्ण पदक जीते।

सोलह वर्षीय विजयवीर सिद्धू ने जूनियर पुरूषों की 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धा में राजकंवर सिंह संधू और आदर्श सिंह के साथ मिलकर टीम का स्वर्ण पदक हासिल किया। भारत अभी 11 स्वर्ण, नौ रजत और सात कांस्य से कुल 27 पदक के साथ पदक तालिका में तीसरे स्थान पर बना हुआ है जो उसका इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

गुरूवार को 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में चौथे स्थान पर रहने वाले विजयवीर ने 572 का स्कोर बनाया जिससे वह कोरिया के ली गुनहेयोक (570) और चीन के हाओजी जू (565) से आगे रहे। टीम स्पर्धा में विजयवीर ने अपने साथी निशानेबाजों के साथ मिलकर कुल 1695 अंक जुटाये जिससे भारत शीर्ष स्थान हासिल करने में सफल रहा। कोरिया 1693 और चेक गणराज्य 1674 अंक से क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीतने में कामयाब रहा। आदर्श व्यक्तिगत स्पर्धा में चौथे स्थान पर रहे।

सीनियर प्रतिस्पर्धा में गुरप्रीत सिंह ने सुनिश्चित किया कि उनके रजत से दल सकारात्मक तरीके से टूर्नामेंट का अंत करे। राष्ट्रमंडल खेलों के पूर्व स्वर्ण पदकधारी गुरप्रीत ने 579 का स्कोर बनाया जिससे वह यूक्रेन के पावलो कोरोस्टाइलोव से पीछे दूसरे स्थान पर रहे जिन्होंने 581 अंक जोड़े। कांस्य पदक कोरिया के किम जुनहोंग ने हासिल किया। लेकिन भारत टीम स्पर्धा में चौथे स्थान पर रहा जिसमें गुरप्रीत, अमनप्रीत सिंह (560) और लंदन ओलंपिक रजत पदकधारी विजय कुमार (560) ने मिलकर 1699 अंक का स्कोर बनाया।

भारतीय जूनियर महिला स्कीट टीम चौथे स्थान पर रही। सिमरनप्रीत कौर, परिनाज धालीवाल और अरीबा खान ने कुल 318 अंक बनाये। कोई भी निशानेबाज व्यक्तिगत स्पर्धा में फाइनल के लिये क्वालीफाई नहीं कर सकी। देश ने तोक्यो 2020 खेलों की पहली क्वालीफाइंग स्पर्धा से दो ओलंपिक कोटा स्थान भी हासिल किये।

अंजुम मुदगिल और अपूर्वी चंदेला ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में क्रमश: रजत पदक जीतकर और चौथा स्थान हासिल कर ओलंपिक के लिये कोटा स्थान हासिल किया था। हालांकि इन निशानेबाजों ने कोटा स्थान हासिल किये हैं लेकिन मौजूदा नीति के अनुसार एनआरएआई खिलाड़ियों का चयन अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट और चयन ट्रायल्स के स्कोर के आधार पर करेगा।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad