Advertisement

CWG 2022: वेटलिफ्टिंग में अचिंता शेउली ने जीता तीसरा गोल्ड, भारत को मिला छठा पदक

बर्मिंघम में चल रहे 22वें राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय वेटलिफ्टिंग खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन...
CWG 2022: वेटलिफ्टिंग में अचिंता शेउली ने जीता तीसरा गोल्ड, भारत को मिला छठा पदक

बर्मिंघम में चल रहे 22वें राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय वेटलिफ्टिंग खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। राष्ट्रमंडल खेल 2022 के तीसरे दिन भारतीय वेटलिफ्टर अचिंता शेउली ने पुरुषों के 73 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने का काम किया है। राष्ट्रमंडल खेलों में यह भारत का तीसरा स्वर्ण पदक है जबकि भारत अभी तक कुल मिलाकर 6 पदक जीत चुका है। गौर करने की बात है कि सभी पदक वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में ही प्राप्त हुए हैं।

भारत के युवा वेटलिफ्टर अचिंता शेउली ने पुरुषों के 73 किलोग्राम भार वर्ग में हिस्सा लिया था, जहां उन्होंने स्नैच राउंड में 143 किलो और क्लीन एंड जर्क राउंड में 170 किलो वज़न उठाया। इस तरह उन्होंने कुल 313 किलो वजन उठाकर भारत की झोली में गोल्ड मेडल डालने का काम किया। अचिंता शेउली ने अपने इस प्रदर्शन से राष्ट्रमंडल खेलों में नया रिकॉर्ड स्थापित किया है। अचिंता से पहले मीराबाई चानू और  जेरेमी लालरिनुंगा वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं।

अचिंता शेउली के स्वर्ण पदक जीतने से राष्ट्रमंडल खेल 2022 की पदक तालिका में भारत 3 स्वर्ण पदक, 2 रजत पदक और एक कांस्य पदक जीतकर अब छठे स्थान पर पहुंच गया है। भारत से आगे रहने वालों की सूची में अब ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और कनाडा हैं।

पश्चिम बंगाल के हावड़ा ज़िले के रहने वाले वेटलिफ्टर अचिंत शिउली के पिता की असमय मृत्यु ने उनके जीवन को संघर्ष से भर दिया। लेकिन अचिंता ने हार नहीं मानी और मेहनत, लगन, समर्पण के दम में अपनी मंज़िल को हासिल किया। आज पूरी दुनिया में अचिंत को उनकी उपलब्धि के लिए जाना जा रहा है। देशभर से अचिंत को बधाइयां मिल रही हैं। अचिंता शेउली के इस शानदार प्रदर्शन की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी तारीफ़ की है। उन्होंने ट्वीट कर के अचिंता शेउली के प्रदर्शन की सराहना की और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

भारतीय वेटलिफ्टर खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन के बाद सभी खिलाड़ियों का मनोबल ऊंचा हो गया है। देश को अन्य खिलाड़ियों से भी काफ़ी उम्मीदें हैं। यह देखना रोचक होगा कि आने वाले दिनों में भारत राष्ट्रमंडल खेलों में कैसा प्रदर्शन करता है और पदक तालिका में कितने मेडल भारत के हिस्से में आते हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement