Advertisement

53 वर्ष की उम्र में मशहूर एक्टर इरफान खान का निधन, मुंबई में हुए सुपुर्द-ए-खाक

बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता इरफान खान का निधन बुधवार को हो गया। जिसके बाद उन्हें शाम 5 बजे मुंबई के...
53 वर्ष की उम्र में मशहूर एक्टर इरफान खान का निधन, मुंबई में हुए सुपुर्द-ए-खाक

बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता इरफान खान का निधन बुधवार को हो गया। जिसके बाद उन्हें शाम 5 बजे मुंबई के वर्सोवा स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। अंतिम संस्कार के वक्त उनके परिवार और दोनों बेटे मौजूद रहे। इरफान 53 वर्ष के थे। बुधवार सुबह मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में खान ने अंतिम सांस ली। उन्हें करीब एक सप्ताह पहले कोलोन इन्फेक्शन के चलते अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। इरफान के निधन से राजनीतिक गलियारों से लेकर बॉलीवुड जगत में शोक की लहर है। आम आदमी के साथ-साथ राज्य के मुख्यमंत्री और कई दिग्गज नेताओं ने इरफान खान के निधन पर श्रद्धांजलि दी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमिताभ बच्चन, राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, अक्षय कुमार समेत देश की बड़ी हस्तियों ने इरफान खान के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इरफान का जाना सिनेमा और रंगमंच की दुनिया के लिए बड़ी क्षति- पीएम 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इरफान खान के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के साथ हैं। पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा- इरफान खान का जाना सिनेमा और रंगमंच की दुनिया के लिए बड़ी क्षति है। उन्हें विभिन्न विधाओं में अपने बहुमुखी प्रदर्शन के लिए याद किया जाएगा। मेरे संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के साथ हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।

उन्हें बहुत याद किया जाएगा: राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी फिल्म अभिनेता इरफान खान के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट किया कि इरफान खान के निधन के बारे में सुनकर मुझे दुख हुआ। वह एक बहुमुखी और प्रतिभाशाली अभिनेता थे। वह वैश्विक फिल्म और टीवी मंच पर एक लोकप्रिय भारतीय ब्रांड एंबेसडर थे। उन्हें बहुत याद किया जाएगा।

इरफान खान एक शानदार अभिनेता थे: स्मृति ईरानी

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भी इरफान खान के निधन में शोक जताया है। स्मृति ईरानी ने कहा कि उन्होंने अपने अभिनय से फिल्मी पात्रों के जीवन को सचित्र उकेर दिया। पान सिंह तोमर के जुनून से लेकर एंग्रीजी मीडियम में शानदार पिता बनने तक इरफान खान एक शानदार अभिनेता थे। 

यह हमारे लिए बहुत बड़ी क्षति है: ज्योतिरादित्य सिंधिया

भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इरफान खान के निधन पर शोक जताया है। ट्विटर पर इरफान के साथ अपनी तस्वीर शेयर करते हुए सिंधिया ने कहा कि यह हमारे लिए बहुत बड़ी क्षति है। मैं उनके परिवार और करीबी लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने भी इरफान के निधन पर गहरा शोक जताया है। 

आपको हमेशा याद रखा जाएगा: अरविंद केजरीवाल

'इरफान खान के निधन के मारे में सुनकर झटका लगा। वह हमारे वक्त के सबसे असाधारण ऐक्टर्स में से एक थे। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। उनके काम को हमेशा याद रखा जाए।'

बॉलीवुड में शोक की लहर 

इरफान खान के निधन की खबर सबसे पहली प्रतिक्रिया निर्देशक शूजित सरकार की आई। शूजित सरकार ने इरफान को श्रद्धांजलि देते हुए ट्विटर पर लिखा है, "मेरे प्रिय मित्र इरफ़ान। आप लड़े और लड़े और लड़े। मुझे आप पर हमेशा गर्व रहेगा .. हम फिर से मिलेंगे .. सुतापा और बाबिल के प्रति संवेदना .. आपने भी लड़ाई लड़ी, सुतापा आपने इस लड़ाई में हर संभव मदद की। शांति और ओम शांति। इरफान खान को सलामी।"

अमिताभ बच्चन ने लिखा कि इरफान खान के निधन की खबर मिली। यह सबसे परेशान करने वाली और दुखद खबर है। एक शानदार टैलेंट, एक महान कलीग, सिनेमा की दुनिया के एक शानदार योगदानकर्ता हमें बहुत जल्दी छोड़ के चले गए। प्रार्थना और दुआएं।

बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने इरफान खान के निधन पर ट्वीट करते हुए लिखा, "ऐसी भयानक खबर, हमारे समय के बेहतरीन अभिनेताओं में से एक इरफान खान के निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। इस कठिन समय में भगवान उनके परिवार को ताकत दें।"

अजय देवगन ने लिखा कि इरफान के अचानक चले जाने से दिल टूट चुका है। यह सिनेमा के लिए बहुत बड़ा नुकसान है।

परिणीति चोपड़ा ने अभिनेता की तारीफ करते हुए कहा कि आपके साथ हुई बातचीत मुझे हमेशा याद रहेगा।

निर्देशक शेखर कपूर ने लिखा कि, इरफान एक ऐसे अभिनेता थे, जिनके साथ हर निर्देशक काम करना चाहता था। उनके जाने का बहुत दुख है।

अभिनेत्री तापसी पन्नू ने लिखा कि, जब हम सोच रहे थे कि अब और क्या बुरा हो सकता है, ये खबर सामने आई। आप बेस्ट हैं इरफान।

कमल हसन ने लिखा कि आपकी अभिनय का कायल रहा हूं। आप बेहतरीन कलाकारों में थे। भगवान आपके परिवार को हिम्मत दे।

न्यूरोएंडोक्राइन कैंसर से लड़ रहे थे इरफान

मार्च 2018 में इरफान खान न्यूरो इंडोक्राइन ट्यूमर का इलाज कराने लंदन गए थे। वहां वे करीब एक साल रहे और ठीक होने के बाद अप्रैल 2019 में भारत लौटे। वापसी के बाद उन्होंने अपनी फिल्म 'अंग्रेजी मीडियम' की शूटिंग राजस्थान में शुरू की और फिर आगे के शेड्यूल के लिए लंदन चले गए थे, जहां वे डॉक्टर्स के संपर्क में भी रहे। इसके बाद से वे अक्सर डॉक्टर्स का परामर्श लेने लंदन आते-जाते रहे। हालांकि, पिछले डेढ़ महीने से लॉकडाउन घोषित है और सभी इंटरनेशनल फ्लाइट्स भी रद्द हैं। इसलिए वे मुंबई से बाहर नहीं जा पाए थे।

आखिरी बार अंग्रेजी मीडियम में दिखे इरफान

इरफान खान आखिरी बार 'अंग्रेजी मीडियम' में नजर आए थे, जो 13 मार्च को रिलीज हुई थी। हालांकि, लॉकडाउन के चलते यह फिल्म सिर्फ दो दिन ही सिनेमाघरों में चल पाई। फिल्म के ट्रेलर रिलीज से पहले इरफान ने  फैन्स के लिए यू-ट्यूब पर अपना इमोशनल मैसेज छोड़ा था। उन्होंने कहा था, "हैलो भाइयों-बहनों, नमस्कार। मैं इरफान। मैं आज आपके साथ हूं भी और नहीं भी। खैर, ये फिल्म 'अंग्रेजी मीडियम' मेरे लिए बहुत खास है। सच...यकीन मानिए, मेरी दिली ख्वाहिश थी कि इस फिल्म को उतने ही प्यार से प्रमोट करूं, जितने प्यार से हम लोगों ने बनाया है। लेकिन मेरे शरीर के अंदर कुछ अनवांटेड मेहमान बैठे हुए हैं। उनसे वार्तालाप चल रहा है। देखते हैं किस करवट ऊंट बैठता है। जैसा भी होगा आपको इत्तिला कर दी जाएगी।"

इरफान खान का करियर

7 जनवरी 1967 को जन्मे इरफान खान बॉलीवुड की 30 से अधिक फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं। इरफान हॉलीवुड में भी एक जाना पहचाना नाम हैं। वह ए माइटी हार्ट, स्लमडॉग मिलियनेयर और द अमेजिंग स्पाइडर मैन फिल्मों मे भी काम कर चुके हैं। उन्हें 2011 में भारत सरकार द्वारा पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad