Advertisement

ओमिक्रोनः महाराष्ट्र में 7 और राजस्थान में 9 नए केस; देश में हुए कुल 21 संक्रमित, पांच राज्यों तक फैला नया वेरिएंट

भारत में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन ने तेजी से पैर पसारने लगा है। रविवार को महाराष्ट्र में 7 और ...
ओमिक्रोनः महाराष्ट्र  में 7 और राजस्थान में 9 नए केस; देश में हुए कुल 21 संक्रमित, पांच राज्यों तक फैला नया वेरिएंट

भारत में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन ने तेजी से पैर पसारने लगा है। रविवार को महाराष्ट्र में 7 और  राजस्थान के जयपुर में कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रोन के नौ मामले सामने आए हैं। राजस्थान में दक्षिण अफ्रीका से लौटे चार लोगों में ओमिक्रोन वेरिएंट मिला है, उन चारों लोगों को आरयूएचएस में भर्ती कराया गया है।. इसके अलावा इन लोगों के संपर्क में आने वाले पांच और लोगों में भी ओमिक्रोन वेरिएंट की पुष्टि हुई है। इन नए मामलों के साथ ही अब देश में इस वेरिएंट से संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या 21 तक पहुंच गई है।

चिकित्सा सचिव वैभव गालरिया ने बताया कि दक्षिण अफ्रीका से लौटे परिवार सहित उनके संपर्क में आए 34 लोगों के नमूने लिए गए थे, जिनमें से नौ लोगों के ओमीक्रोन से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है जबकि 25 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आयी है। उन्होंने बताया कि परिवार के संपर्क में सीकर जिले के अजीतगढ़ का एक परिवार भी आया था, उन सभी की भी जांच करायी गई है लेकिन उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आयी है। उन्होंने बताया की सम्पर्क में आए सभी लोगों की व्यापक स्तर पर कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग कर नमूने लिए जा रहे हैं।

इससे पहले रविवार को ही सात नए मामलों के साथ ही अब महाराष्ट्र में ओमिक्रोन वेरिएंट से संक्रमित होने वालों का आंकड़ा आठ तक पहुंच गया है। पहला मामला मुंबई के पास कल्याण डोंबिवली से सामने आया था, जहां हाल ही में विदेश से लौटा शख्स ओमिक्रोन वेरिएंट से संक्रमित मिला था। इसके साथ ही ओमिक्रोन संक्रमितों की संख्या महाराष्ट्र में आठ, कर्नाटक में दो, गुजरात में एक  और दिल्ली में एक मामले के साथ 12 हो गई है।

महाराष्ट्र सरकार के मुताबिक, ओमिक्रोन वेरिएंट से संक्रमित होने वालों में एक शख्स पुणे से है, जबकि बाकी छह केस पिंपरी-चिंचवाड़ से सामने आए हैं। इनमें से तीन लोग नाइजीरिया से भारत लौटे थे, जबकि तीन उनके निकटतम लोग हैं, जिनके रिपोर्ट्स पॉज़िटिव आए हैं और नए वेरिएंट की पुष्टि हुई है।

महाराष्ट्र में जो पहला शख्स ओमिक्रोन वेरिएंट से संक्रमित हुआ था उनकी उम्र 33 साल है और वो हाल ही में दक्षिण अफ्रीका से लौटा था। इसके अलावा कर्नाटक में संक्रमित मिले दोनों लोगों की उम्र 66 साल और 46 साल थी और ये भी दक्षिण अफ्रीका से लौटे थे। गुजरात में 72 वर्षीय शख्स में नया वेरिएंट मिला है। बुज़ुर्ग हाल ही में ज़िम्बाब्वे से लौटे थे।दिल्ली में भी इस वेरिएंट ने दस्तक दी है। तंज़ानिया से लौटा एक शख्स नए वेरिएंट से संक्रमित पाया गया है।

कोरोना का नया वेरिएंट ओमीक्रोन अभी तक 38 से ज्‍यादा देशों में पांव पसार चुका है। इनमें भारत, श्रीलंका, मलेशिया, मैक्सिको, ऑस्ट्रेलिया, ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, बोत्सवाना, ब्राजील, कनाडा, चेक गणराज्य, डेनमार्क, फ्रांस, जर्मनी, घाना, हांगकांग, आयरलैंड, इजराइल, इटली, जापान, मोजाम्बिक, नीदरलैंड, नाइजीरिया, नॉर्वे, पुर्तगाल, रीयूनियन द्वीपसमूह, सऊदी अरब , दक्षिण अफ्रीका, दक्षिण कोरिया, स्पेन, स्वीडन, स्विटजरलैंड, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), ब्रिटेन और अमेरिका समेत कई दूसरे देश भी शामिल हैं। पिछले महीने के अंत में इस वेरिएंट की पहचान दक्षिण अफ्रीका में हुई थी। कुछ ही दिनों में यह स्‍ट्रेन कई मुल्‍कों में फैल गया। इसने पूरी तरह से वैक्‍सीनेटेड लोगों को भी संक्रमित किया है। इस वेरिएंट को बी.1.1.529 नाम दिया गया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement