Advertisement

रोहित शर्मा ने तीसरे वनडे में शतक जड़ते ही लगाई रिकॉर्डस की झड़ी, कई दिग्गजों को पछाड़ा

रोहित शर्मा बेंगलुरु वनडे में अपने पुराने अंदाज में नजर आए और कंगारू गेंदबाजों की जमकर खबर ली।...
रोहित शर्मा ने तीसरे वनडे में शतक जड़ते ही लगाई रिकॉर्डस की झड़ी, कई दिग्गजों को पछाड़ा

रोहित शर्मा बेंगलुरु वनडे में अपने पुराने अंदाज में नजर आए और कंगारू गेंदबाजों की जमकर खबर ली। ऑस्ट्रेलिया का कोई गेंदबाज रोहित के सामने असरदार नहीं दिखा और रोहित ने इस मैच में जमकर छक्के जड़े। रोहित शर्मा अब इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने डेब्यू के बाद से सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने छक्के लगाने के मामले में क्रिस गेल को भी पछाड़ दिया है।

बने सिक्सर किंग

रोहित शर्मा का इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू 23 जून 2007 में हुआ था। उसके बाद से अब तक वनडे क्रिकेट में उन्होंने सबसे ज्यादा छक्के जड़े हैं। वनडे में उन्होंने छक्के लगाने के मामले में क्रिस गेल को भी पीछे छोड़ दिया है। रोहित ने अपने डेब्यू के बाद से वनडे में अब तक कुल 243 छक्के लगाए हैं जबकि क्रिस गेल ने 242 छक्के लगाए हैं। रोहित ने वनडे में तो क्रिस गेल को पीछे छोड़ा ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में डेब्यू के बाद से सबसे ज्यादा छक्के लगाए हैं। रोहित के नाम पर अब तक कुल 415 छक्के दर्ज हो गए हैं जबकि क्रिस गेल उनके पीछे 413 छक्कों के बाद मौजूद हैं। ये आंकड़े भी रोहित के डेब्यू यानी 23 जून 2007 के बाद का है। 

जयासूर्या को इस मामले में पछाड़ा

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेंगलुरु वनडे में रोहित शर्मा ने वनडे करिअर का 29वां शतक लगाया। ऐसे में अब उन्होंने सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में श्रीलंका के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज सनथ जयासूर्या को पीछे छोड़ दिया है। जयसूर्या के वनडे क्रिकेट में 28 शतक हैं। इस सूची में 49 शतकों के साथ सचिन तेंडुलकर पहले नंबर पर हैं, जबकि विराट कोहली 43 शतकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। हालांकि अब रोहित के निशाने पर ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पॉन्टिंग हैं, जिन्होंने 30 शतक लगाए थे। रोहित उनसे केवल एक शतक पीछे हैं।

सचिन तेंडुलकर से तेज बनाए 29 शतक

इसी के साथ रोहित शर्मा ने वनडे क्रिकेट में सचिन तेंडुलकर को भी पछाड़ा है। जी हां सबसे तेज गति से 29 शतक लगाने के मामले में उन्होंने सचिन तेंडुलकर को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि रोहित से आगे विराट कोहली हैं। रोहित ने 217 पारियों में 29 वनडे शतक पूरे किए, जबकि सचिन ने 265वीं पारी में अपना 29वां शतक लगाया था। नंबर एक पर मौजूद विराट ने केवल 185 पारियों में 29 शतक जमाए थे।

कोहली के साथ 11वीं बार की शतकीय साझेदारी

वनडे क्रिकेट में रन चेज करते हुए रोहित और विराट के बीच 11वीं बार शतकीय साझेदारी हुई। रन चेज करते हुए शतकीय साझेदारी करने के मामले में ये दोनों दुनिया की दूसरी जोड़ी बन गए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के ही पूर्व ओपनर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट और मैथ्यू हेडेन को पीछे छोड़ दिया। इन दोनों ने रन चेज करत हुए दस बार शतकीय साझेदारी की थी। वहीं रन चेज करते हुए वनडे में सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारी करने वाली जोड़ी सौरव गांगुली और सचिन तेंडुलकर हैं जिन्होंने कुल 17 बार ये कमाल किया था। 

भारत की ओर से साल और दशक का पहला शतक

रोहित ने भारत की तरफ से वनडे क्रिकेट में इस दशक का सबसे पहला शतक लगाया साथ ही साथ वो इस साल में भारत की तरफ से वनडे में पहला शतक लगाने वाले खिलाड़ी भी बने। रोहित ने इस मैच में 128 गेंदों पर 119 रन की पारी खेली जिसमें आठ चौके व छह छक्के शामिल थे। रोहित ने विराट के साथ मिलकर इस मैच में दूसरे विकेट के लिए 137 रन की साझेदारी की।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement