Advertisement

सिडनी वनडे: रोहित के शतक के बावजूद भारत की हार, ऑस्ट्रेलिया ने 34 रन से दर्ज की जीत

भारत के खिलाफ सिडनी में खेले गए तीन वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने 34 रन से जीत दर्ज की।...
सिडनी वनडे: रोहित के शतक के बावजूद भारत की हार, ऑस्ट्रेलिया ने 34 रन से दर्ज की जीत

भारत के खिलाफ सिडनी में खेले गए तीन वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने 34 रन से जीत दर्ज की। ऑस्ट्रेलियाई टीम से मिले 289 रन के जवाब में भारतीय टीम 50 ओवर में 9 विकेट पर 254 रन ही बना सकी। रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा 133 रन बनाए, लेकिन उनके शतक के बावजूद टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने करियर का 22वां शतक लगाया। इस मामले में उन्होंने सौरव गांगुली के 22 शतकों की बराबरी कर ली है। भारतीयों में उनसे आगे विराट कोहली (38) और सचिन तेंडुलकर (49) हैं।

ऑस्ट्रेलिया ने बनाए 288 रन

इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 50 ओवर में पांच विकेट पर 288 रन बनाए थे। उसके लिए पीटर हैंड्सकॉम्ब (73), उस्मान ख्वाजा (59 रन) और शॉन मार्श (54) ने अर्धशतकीय पारी खेली। भारत की ओर से कुलदीप यादव और भुवनेश्वर कुमार ने दो-दो विकेट लिए।

भारत की खराब शुरुआत

289 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने शुरुआती चार ओवर में तीन विकेट खो दिए। शिखर धवन पहले और कप्तान विराट कोहली चौथे ओवर में पवेलियन लौट गए। कोहली के बाद उसी ओवर में अंबाती रायुडू भी आउट हो गए। इसके बाद महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा ने पारी को संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 137 रन की साझेदारी की। वहीं, धोनी ने 22 मैच बाद अर्धशतक लगाया। उन्होंने पिछला अर्धशतक दिसंबर 2017 में श्रीलंका के खिलाफ धर्मशाला में लगाया था।

भारत के लिए धोनी के 10 हजार रन पूरे

धोनी ने इस मैच में अपना एक रन बनाते ही भारत के लिए 10 हजार रन पूरे कर लिए। वे ऐसा करने वाले भारत के पांचवें बल्लेबाज हैं। उनसे पहले सचिन तेंडुलकर, सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़ और विराट कोहली ने ऐसा किया है। धोनी के कुल रनों में 174 रन एशिया एकादश के लिए हैं। वहीं, भारत के लिए उनके 10,050 रन हो गए।

भुवनेश्वर के 100वें वनडे शिकार बने फिंच

भुवनेश्वर कुमार ने ऑस्ट्रेलिया कप्तान एरॉन फिंच को तीसरे ओवर में आउट कर दिया। इस विकेट के साथ उन्होंने वनडे में अपने 100 विकेट पूरे कर लिए। वे ऐसा करने वाले भारत के 19वें गेंदबाज हैं। वे इस लिस्ट में शामिल होने वाले 13वें तेज गेंदबाज हैं। हालांकि, इसके लिए उन्होंने 96 वनडे लिए। वे सबसे ज्यादा मैच खेलकर इस आंकड़े तक पहुंचने वाले 5वें भारतीय हैं।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं:

भारत: शिखर धवन, रोहित शर्मा, विराट कोहली (कप्तान), अंबाती रायुडू, दिनेश कार्तिक, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, भुवनेश्वर कुमार, खलील अहमद।

 

ऑस्ट्रेलिया: एरॉन फिंच (कप्तान), एलेक्स केरी (विकेटकीपर), शॉन मार्श, उस्मान ख्वाजा, पीटर हैंड्सकॉम्ब, मार्क्स स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल, जे. रिचर्डसन, नाथन लियोन, पीटर सिडल, जेसन बेहरेनडॉर्फ।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad