Advertisement

कांग्रेस विधायक अदिति सिंह को अयोग्य घोषित करने की मांग, पार्टी आलाकमान है नाराज

उत्तर प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल की नेता, आराधना मिश्रा ने स्पीकर हृदय नारायण दीक्षित को...
कांग्रेस विधायक अदिति सिंह को अयोग्य घोषित करने की मांग, पार्टी आलाकमान है नाराज

उत्तर प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल की नेता, आराधना मिश्रा ने स्पीकर हृदय नारायण दीक्षित को एक याचिका सौंपकर विधायक अदिति सिंह को पार्टी के व्हिप के खिलाफ कार्य करने के आरोप में अयोग्य घोषित करने की मांग की है। अदिति सिंह 2 अक्टूबर को आयोजित विशेष सत्र में गई थीं जबकि कांग्रेस ने इस विशेष सत्र के बहिष्कार का ऐलान किया था। पार्टी व्हिप न मानने के कारण अदिति सिंह से नाराज है।

पार्टी आलाकमान नाराज

अदिति सिंह, रायबरेली सदर से विधायक हैं। राज्य सरकार ने महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती समारोह के लिए विधान सभा में विशेष सत्र आयोजित किया था और कांग्रेस ने इसका बहिष्कार किया था। इस सत्र में जाने वाली अदिति कांग्रेस की इकलौती विधायक थीं। विशेष सत्र में भाग लेने के लिए अदिति सिंह ने प्रियंका गांधी के नेतृत्व वाली ‘यात्रा’  को भी बीच में छोड़ दिया था।

हालांकि, पार्टी उन्हें पहले ही 2 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र में भाग लेने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी कर चुकी है।

योगी से की थी मुलाकात

अदिति सिंह ने न सिर्फ विधानसभा के विशेष सत्र में हिस्सा लिया था बल्कि बाद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उनकी सुरक्षा बढ़ाने की मांग भी की थी। मुलाकात के अगले ही दिन अदिति सिंह की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। इसके बाद तेजी से यह अफवाह उड़ी थी कि अदिति बीजेपी में शामिल होने जा रही हैं। इस अफवाह को तब और बल मिला था जब वे 22 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक रायबरेली में हुए कांग्रेस के विशेष ट्रेनिंग सेशन में भी अनुपस्थित रही थीं।

हाल ही में की है शादी

अदिति की शादी हाल ही में हुई है। उन्होंने पंजाब के नवांशहर से कांग्रेस विधायक अंगद सिंह शादी की है। शादी दिल्ली में हुई थी लेकिन उनकी शादी में कोई भी बड़ा कांग्रेस नेता शामिल नहीं हुआ था। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमिटी (यूपीसीसी) हाल ही में अनुशासनहीनता के आरोप में तीन पूर्व विधायक, दो पूर्व मंत्री, एक पूर्व सांसद, एक पूर्व एमएमलसी और तीन अन्य नेताओं को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad