Advertisement

राजस्थान: मंत्री और भाजपा विधायक सुरेंद्र गोयल ने पार्टी की सदस्यता से दिया इस्तीफा

राजस्थान के मंत्री और भाजपा विधायक सुरेंद्र गोयल ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।...
राजस्थान: मंत्री और भाजपा विधायक सुरेंद्र गोयल ने पार्टी की सदस्यता से दिया इस्तीफा

राजस्थान के मंत्री और भाजपा विधायक सुरेंद्र गोयल ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इस बार गोयल को टिकट ना मिलने को इसकी वजह माना जा रहा है। संगठन के जोरदार विरोध के कारण जैतारण से पांच बार विधायक, तीन बार प्रभावशाली मंत्रालयों के कैबिनेट मंत्री तथा मुख्यमंत्री के नजदीकी माने जाने वाले सुरेंद्र गोयल पर टिकट को लेकर गाज गिरी है। उनकी जगह अविनाश गहलोत को टिकट दिया गया है।

भाजपा ने 131 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की

भाजपा ने रविवार रात 11.15 बजे 131 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। इसमें पाली व जालोर जिले से कैबिनेट मंत्री व जैतारण विधायक सुरेंद्र गोयल, सोजत विधायक संजना आगरी, आहोर विधायक शंकरसिंह राजपुरोहित, जालोर विधायक अमृता मेघवाल का टिकट काट दिया गया। वहीं सिरोही जिले की तीनों सीटों पर भाजपा ने वर्तमान विधायकों पर ही अपना दांव लगाया है। जैतारण में गोयल के स्थान पर अविनाश, सोजत में संजना आगरी के स्थान पर रायपुर प्रधान शोभा चौहान, आहोर में शंकरसिंह राजपुरोहित के स्थान पर नए चेहरे के रुप में छगनसिंह राजपुरोहित को टिकट दिया गया है। इसी प्रकार सांचौर में भी नए चेहरे दानाराम चौधरी को भाजपा ने उतारा है। पाली व जालोर की 4 सीटों पर चौकाने वाले उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा है।

सुरेंद्र गोयल की जगह अविनाश गहलोत को टिकट

सुरेंद्र गोयल के स्थान पर युवा अविनाश गहलोत को उम्मीदवार बनाया गया है। गहलोत युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष रहने के साथ एक बार पालिका चुनाव में अध्यक्ष पद का चुनाव हार चुके हैं। इसी प्रकार सोजत से लगातार दो बार विधायक संजना आगरी की जगह रायपुर प्रधान भाजपा की उम्मीदवार होगी। जालोर से अमृता मेघवाल का टिकट काटकर उनके स्थान पर पूर्व मंत्री व विधायक रहे जोगेश्वर गर्ग को पार्टी ने उम्मीदवार घोषित किया है। आहोर में दो बार के विधायक शंकरसिंह राजपुरोहित के स्थान पर इस बार संगठन से जुडे छगनसिंह राजपुरोहित को उम्मीदवार मनाया है। वही सांचौर में भी भाजपा ने जातीय समीकरण साधते हुए अपना टिकट बदलकर पटेल जाति के दानाराम चौधरी को दिया है।

जालोर में ही रानीवाड़ा विधायक नारायणसिंह देवल व भीनमाल से विधायक पूराराम चौधरी ही वापस उम्मीदवार होंगे। बाली से ऊर्जा राज्यमंत्री पुष्पेंद्रसिंह राणावत, पाली से ज्ञानचंद पारख, मारवाड़ जंक्शन से केसाराम चौधरी पर भाजपा ने फिर विश्वास जताते हुए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। बाली से राणावत चार बार, पाली से पारख चार बार व मारवाड़ से चौधरी 3 बार विधायक रह चुके हैं। इसी प्रकार सिरोही जिले में सिरोही से गोपालन मंत्री ओटाराम देवासी, रेवदर से जगसीराम कोली व पिंडवाड़ा आबू से समाराम गरासिया को ही वापस चुनावी मैदान में उतारा है।


अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement