Advertisement

नागरिकता बिल पर असम में बवाल, वाहनों को लगाई आग, दो नागरिकों की मौत, फ्लाइट-ट्रेनें रद्द

संसद के दोनों सदनों से नागरिकता संशोधन बिल पास हो गया है। लेकिन सड़क पर अभी भी तनाव जारी है। पूर्वोत्तर...
नागरिकता बिल पर असम में बवाल, वाहनों को लगाई आग, दो नागरिकों की मौत, फ्लाइट-ट्रेनें रद्द

संसद के दोनों सदनों से नागरिकता संशोधन बिल पास हो गया है। लेकिन सड़क पर अभी भी तनाव जारी है। पूर्वोत्तर के कई राज्यों में बिल के खिलाफ प्रदर्शनकारी विरोध कर रहे हैं। विधेयक (सीएबी) के विरोध में सबसे हिंसक प्रदर्शन गुवाहाटी में हो रहे हैं। गुरुवार को भी आग की लपटें जारी रहीं। विधायक के घर में आग लगा दी, वाहनों को आग लगा दी और एक सर्कल कार्यालय को जला दिया। असम में हिंसक विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस गोलीबारी में गुरुवार को दो नागरिकों की मौत हो गई।

हिंसा पर नियंत्रण पाने के लिए अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया गया है। सेना ने गुवाहाटी में फ्लैग मार्च किया। विरोध का आलम ये है कि मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल और केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली के घरों को प्रदर्शनकारियों ने निशाना बनाया। मुख्यमंत्री के घर पर पत्थर फेंके गए।  प्रदर्शनकारियों ने दुलियाजान में केंद्रीय मंत्री के घर को भी नुकसान पहुंचाया। इस बीच सेना ने गुवाहाटी में फ्लैग मार्च किया। तनावपूर्ण हालात के बीच स्पाइसजेट, विस्तारा, इंडिगो ने असम जाने वाली अपनी सभी फ्लाइट को रद्द कर दिया है। साथ ही असम, त्रिपुरा जाने वाली सभी पैसेंजर ट्रेनों को भी रद्द कर दिया गया है। 

असम में तनाव बढ़ते देख यहां के दस जिलों में बुधवार शाम सात बजे से इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई है ताकि हिंसा के लिए सोशल मीडिया प्लेटफार्म का इस्तेमाल रोका जा सके। जबकि त्रिपुरा में इंटरनेट सेवाएं मंगलवार को दोपहर दो बजे से ही बंद कर दी गई थीं। ये सेवाएं 72 घंटों के लिए बंद हैं। त्रिपुरा में एसएमएस सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं। त्रिपुरा के नागरिकता संशोधन विधेयक (जेएमएसीएबी) के खिलाफ संयुक्त आंदोलन का एक प्रतिनिधिमंडल आज दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मिला। उन्होंने गृह मंत्री से मुलाकात के बाद अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल बंद कर दी है।

पुलिस आयुक्त को हटाया

वहीं, प्रदर्शनों को रोकने में असफल रहने पर राज्‍य की बीजेपी सरकार ने राजधानी गुवाहाटी के पुलिस आयुक्‍त दीपक कुमार को हटा दिया है। उनकी जगह पर मुन्‍ना प्रसाद गुवाहाटी के नए पुलिस आयुक्‍त होंगे। इस बीच असम के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) मुकेश अग्रवाल को एडीजीपी (सीआईडी) के रूप में स्थानांतरित किया गया है।

सीएम और केन्द्रीय मंत्री के घरों पर पत्थरबाजी

असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल और केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली के घरों को प्रदर्शनकारियों ने निशाना बनाया।  डिब्रूगढ़ के उपायुक्त पल्लव गोपाल झा ने कहा कि लखीनगर क्षेत्र में मुख्यमंत्री के घर पर पत्थर फेंके गए। प्रदर्शनकारियों ने दुलियाजान में केंद्रीय मंत्री के घर को भी नुकसान पहुंचाया। अधिकारियों ने कहा कि गुवाहाटी, 11 दिसंबर (भाषा) असम के दुलियाजान में केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली के घर पर बुधवार रात नागरिकता विरोधी प्रदर्शनकारियों ने हमला किया। उन्होंने कहा कि डिब्रूगढ़ जिले के दुलियाजान में मंत्री के घर पर संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया गया। केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री लोकसभा में डिब्रूगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हैं। इससे पहले, असम प्रमुख के घर पर पथराव किया गया।

असम के हालात पर गृह मंत्रालय की नजर

नागरिकता संशोधन बिल के खिलाफ असम में जारी प्रदर्शन पर गृह मंत्रालय की नजर है। गृह मंत्रालय की तरफ से असम कैडर के एक वरिष्ठ अधिकारी को राज्य में भेजा गया है, जो कि पूरे हालात पर नजर रखेगा। वहीं असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने असम के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शांति की अपील कर चुके हैं।

असम जाने वाली फ्लाइट-ट्रेनें रद्द..

नागरिकता संशोधन बिल को लेकर पूर्वोत्तर में चल रहे विरोध के बाद स्पाइसजेट, विस्तारा, इंडिगो ने असम जाने वाली अपनी सभी फ्लाइट को रद्द कर दिया है। साथ ही असम, त्रिपुरा जाने वाली सभी पैसेंजर ट्रेन को रद्द कर दिया गया है। जबकि दिल्ली और कोलकाता से जाने वाली ट्रेन गुवाहाटी तक ही जा रही हैं, उसके आगे की सुविधा बंद कर दी गई है।

पूर्वोत्तर में बढ़ाई गई सुरक्षा

लगातार हो रहे प्रदर्शन को देखते हुए राज्यों में सुरक्षा बढ़ाई गई है। बुधवार देर शाम को असम रायफल्स की दो कॉलम्स को त्रिपुरा में तैनात किया गया है, ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके। सेना के पीआरओ लेफ्टिनेंट कर्नल पी खोंगसाई ने कहा कि गुवाहाटी शहर में सेना के दो कॉलम तैनात किए गए हैं और फ्लैग मार्च किया जा रहा है।  तिनसुकिया, डिब्रूगढ़ और जोरहाट जिलों में भी सेना तैनात की गई है,।  देर रात डिब्रूगढ़ में कर्फ्यू भी अनिश्चित काल के लिए लगाया गया।

10 जिलों में इंटरनेट बंद

विरोध प्रदर्शन के बीच सोशल मीडिया पर शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तथा इसके "दुरुपयोग" को रोकने के लिए, असम के 10 जिलों में इंटरनेट सेवाओं को निलंबित कर दिया गया है। लखीमपुर, धेमाजी, तिनसुकिया, डिब्रूगढ़, चरैदेव, शिवसागर, जोरहाट, गोलाघाट, कामरूप (मेट्रो) और कामरूप में इंटरनेट सेवाओं को निलंबित कर दिया गया है। जबकि त्रिपुरा के पूरे राज्य में इंटरनेट सेवाएं पहले से ही निलंबित हैं। त्रिपुरा में एसएमएस सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं।

कई घायल छात्र अस्पताल में भर्ती

अधिकारियों ने बताया कि सड़कों पर टायर जलाए गए हैं। वाहनों और ट्रेन की आवाजाही रोकने के लिए सड़कों और पटरियों पर लकड़ियों के कुन्दे रख दिए गए हैं। डिब्रूगढ़ में चौलखोवा में रेलवे पटरियों और सड़कों से प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए लाठीचार्ज भी किया। उधर, प्रदर्शन के दौरान राज्य सचिवालय के पास छात्रों और पुलिस के बीच झड़प हुई। डिब्रूगढ़ और चुलखोवा में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस लाठीचार्ज में घायल होने के बाद कई छात्रों को असम मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती किया गया है।

क्यों हो रहा है विरोध?

गौरतलब है कि इस बिल में पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से आए हिंदू, जैन, सिख, बौद्ध, पारसी और ईसाई समुदाय के शरणार्थियों को नागरिकता का प्रस्ताव है। लोकसभा से पारित होने के बाद नागरिकता संशोधन बिल बुधवार को राज्यसभा में भी पारित हो गया। वहीं पूर्वोत्तर के मूल निवासियों का कहना है कि बाहर से आकर नागरिकता लेने वाले लोगों से उनकी पहचान और आजीविका को खतरा है। लिहाजा आसू और अन्य संगठन विधेयक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad