Advertisement

कोरोना वायरस: भारत में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 492, अब तक 10 लोगों की मौत, 560 जिलों में लॉकडाउन

चीन के वुहान से दुनिया के तकरीबन सभी देशों में फैल चुके कोरोना वायरस का कहर भारत में भी लगातार बढ़ता जा...
कोरोना वायरस: भारत में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 492, अब तक 10 लोगों की मौत, 560 जिलों में लॉकडाउन

चीन के वुहान से दुनिया के तकरीबन सभी देशों में फैल चुके कोरोना वायरस का कहर भारत में भी लगातार बढ़ता जा रहा है। दुनिया भर में अपने पैर पसार चुकी यह महामारी भारत में अब तक नौ लोगों को अपना शिकार बना चुकी है जबकि 492 लोग इससे सकंमित पाए गए हैं जिसमें 374 मरीज भारतीय हैं जबकि 41 विदेशी नागरिक हैं। इसके कारण देश भर में अब तक दस  लोगों की मौत हो चुकी है और 24 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। सोमवार को 95 और लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टी होने के बाद संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 492 हो गई है। एक दिन में कोरोना मामलों में यह सर्वाधिक वृद्धि है। इसके साथ ही महाराष्ट्र और पंजाब की सरकारों ने सोमवार को राज्यव्यापी कर्फ्यू लागू कर दिया जबकि भारत के अधिकतर हिस्सों में लॉकडाउन हो गया है। साथ ही, कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए एयरलाइन भी अपनी सेवाएं रोकने की तैयारी में हैं। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के मुताबिक भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 492 हो गई। इसके साथ ही अब तक 32 राज्यों के 560 जिलों और केंद्रशासित प्रदेशों को पूरी तरह लॉकडाउन कर दिया गया है। 

कोरोना वायरस से सोमवार को हिमाचल प्रदेश में पहली मौत हुई है। 69 वर्षीय यह व्यक्ति ( तिब्बत का नागरिक अमेरिका से लौटा था। तबीयत खराब होने पर उसे कांगड़ा के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया था, जहां से उसे टांडा मेडिकल कालेज रेफर किया गया। यहां उसकी मौत हो गई। इससे पहले महाराष्ट्र में सोमवार को 68 वर्षीय एक विदेशी नागरिक ने दम तोड़ा है। महाराष्ट्र में अब तक 106 केस सामने आए हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक हिमाचल प्रदेश में सोमवार को एक व्यक्ति की मौत हो गई जिससे देश में कोविड-19 से मरने वालों की कुल संख्या 10 हो गई। इससे पहले आठ मौतें गुजरात, बिहार, कर्नाटक, दिल्ली, पंजाब और महाराष्ट्र (तीन) में हुई थीं।

राजधानी दिल्ली में लॉक डाउन और धारा 144

राजधानी दिल्ली में लॉक डाउन और धारा 144 लगने के बाद दिल्ली में काम कर रहे अन्य राज्यों के लोग पलायन करने पर मजबूर हैं हालांकि पलायन करने के बावजूद भी इन लोगों को दूसरे राज्य में जाने के लिए कोई साधन नहीं मिल रहा है बावजूद इसके यह लोग आधी रात को भी सड़कों पर निकलकर इस उम्मीद में है कि यह अपने राज्य अपने घर जा सकेंगे।

रेलू उड़ानों पर प्रतिबंध

देश में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए केंद्र ने मंगलवार (24 मार्च) देर रात से घरेलू उड़ानों पर प्रतिबंध का ऐलान किया है। घरेलू उड़ानों के यात्रियों को मंगलवार (24 मार्च) देर रात 11 बजकर 59 मिनट तक उनके गंतव्य पर छोड़ना होगा। नागर विमानन मंत्रालय ने सोमवार (23 मार्च) को यह जानकारी दी। इसके साथ ही मंत्रालय ने कहा कि घरेलू मालवाहक विमानों का संचालन सामान्य रूप से जारी रहेगा। मंत्रालय ने कहा कि बुधवार (25 मार्च) से भारत में किसी भी घरेलू वाणिज्यिक उड़ान सेवा का परिचालन नहीं होगा।

सोशल डिस्टेंसिंग से ला सकते हैं कोरोना पर नियंत्रण: आईसीएमआर

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के एक रिसर्च में सामने आया है कि होम क्वारेंटाइन जैसे सोशल डिस्टेंसिंग के मानकों का सख्ती से पालन करके कोरोना के असर को काफी हद तक कम किया जा सकता है। अध्ययन के मुताबिक सख्ती से ऐसा करने से संभावित मामलों की संख्या में 62 फीसदी की कमी आ सकती है और बढ़ते मामलों को 89 फीसदी तक कम किया जा सकता है।

ओडिशा : मुख्यमंत्री पटनायक ने दान किया तीन माह का वेतन

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कोरोना वायरस से प्रभावित लोगों की मदद के लिए अपना तीन महीने का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में दान किया है। उन्होंने कहा कि असाधारण परिस्थितियों से असाधारण जवाब देकर ही निपटा जा सकता है। मुख्यमंत्री ने सभी से इसके लिए दान करने की अपील की है।

30 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन

पीआईबी के मुताबिक, सोमवार रात तक चंडीगढ़, दिल्ली, गोवा, जम्मू-कश्मीर, नगालैंड, राजस्थान, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, लद्दाख, झारखंड, अरुणाचल प्रदेश, बिहार, त्रिपुरा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, मेघालय, मणिपुर, तमिलनाडु, केरल, हरियाणा, दमनदीव-दादर एवं नगर हवेली, पुडुच्चेरी, अंडमान निकोबार द्वीप समूह, गुजरात, कर्नाटक और असम पूरी तरह लॉकडाउन रहेंगे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा और लक्षद्वीप में आंशिक बंदी रहेगी।

भोपाल और जबलपुर में आज से कर्फ्यू

मध्य प्रदेश के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि राज्य की राजधानी भोपाल और जबलपुर में आज यानी कि मंगलवार से कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। उन्होंने कहा, लोगों को राज्य के 36 जिलों में लगाए गए लॉकडाउन का सख्ती से पालन करना चाहिए। मैं लोगों से अपील करता हूं कि वह हम सभी की सुरक्षा के लिए घर पर ही रहें। आपातकालीन और आवश्यक सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

कोलकाता में 255 और ओडिशा में एक गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में कोरोना वायरस को लेकर लगाए गए भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत प्रतिबंध के आदेश का उल्लंघन करने और मुकदमा चलाने के लिए 255 लोगों को गिरफ्तार किया गया। कोलकाता के पुलिस आयुक्त अनुज शर्मा ने सभी नागरिकों से अपील की कि वह घर पर रहें और प्रशासन का सहयोग करें। वहीं, ओडिशा के संबलपुर में क्वारेंटाइन के निर्देशों का उल्लंघन करने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। ओडिशा पुलिस के पीआरओ ने बताया कि उक्त व्यक्ति हाल ही में उजबेकिस्तान से लौटा है।

शिवराज सिंह ने की उच्च स्तरीय बैठक

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री का पद संभालने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने राज्य में कोरोना वायरस से निपटने की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की।

मलयेशिया से लाए गए 113 भारतीय

एयर एशिया की एक विशेष उड़ान द्वारा एक महिला समेत 113 लोगों को मलयेशिया से वापस लाया गया। चेन्नई एयरपोर्ट पर उतरे इस विमान के सभी यात्रियों को भारतीय वायुसेना के तंबरम एयर फोर्स स्टेशन पर क्वारेंटाइन के लिए ले जाया गया है।

सोमवार को पीएम मोदी ने की थी ये अपील

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को लोगों से लॉकडाउन का गंभीरता से पालन करने की अपील करते हुए राज्य सरकारों से कहा कि वे नियमों और कानूनों का पालन कराना सुनिश्चित करें। मोदी ने ट्वीट किया था, 'लॉकडाउन को अब भी कई लोग गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। कृपया करके अपने आप को बचाएं, अपने परिवार को बचाएं, निर्देशों का गंभीरता से पालन करें।'

पूरे देश में उबर की सेवाएं प्रभावित

कैब सेवा उबर के राइड हेड प्रदीप परमेश्वरन ने कहा है कि कोरोना वायरस को देखते हुए सरकार की एडवाइजरी के अनुसार उबर की सेवाएं पूरे भारत में प्रभावित हुई हैं। इसका मतलब यह है कि उबर की सभी सेवाएं फिलहाल उपलब्ध नहीं होंगी।

 

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad