Advertisement

'रामायण' में रावण का किरदार निभाने वाले अरविंद त्रिवेदी का निधन, लंबे समय से थे बीमार

रामानंद सागर के पौराणिक टीवी शो 'रामायण' में रावण का किरदार निभाने वाले अभिनेता अरविंद त्रिवेदी अब इस...
'रामायण' में रावण का किरदार निभाने वाले अरविंद त्रिवेदी का निधन, लंबे समय से थे बीमार

रामानंद सागर के पौराणिक टीवी शो 'रामायण' में रावण का किरदार निभाने वाले अभिनेता अरविंद त्रिवेदी अब इस दुनिया में नहीं रहे। 83 वर्ष की उम्र में अरविंद त्रिवेदी का मंगलवार की रात को हार्टअटैक से निधन हो गया। बता दें कि काफी लंबे समय से अरविंद उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। वे पिछले कुछ वक्त से चलने फिरने में भी असमर्थ हो गए थे।

अरविंद त्रिवेदी के भतीजे कौस्तुभ त्रिवेदी ने उनके निधन के समाचार की पुष्टि करते हुए कहा कि 'मंगलवार (5 अक्तूबर) रात करीब 10 बजे उनका निधन हो गया है। उन्होंने बताया कि 'चाचाजी पिछले कुछ सालों से लगातार बीमार चल रहे थे।

त्रिवेदी के निधन से उनके चाहने वालों में शोक की लहर है। रामायण में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले अभिनेता सुनील लहरी ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। सुनील ने ट्विटर पर लिखा, 'बहुत दुखद समाचार है कि हमारे सबके प्यारे अरविंद भाई अब हमारे बीच नहीं हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। मैंने अपने पिता समान, मेरे गाइड और बेहतरीन इंसान को खो दिया।' सुनील लहरी के अलावा भी कई हस्तियों और प्रशंसकों ने अरविंद को सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दी है।

अरविंद त्रिवेदी का जन्म 8 नवंबर 1938 में मध्यप्रदेश के इंदौर में हुआ था। उनका शुरुआती करियर गुजराती रंगमंच से शुरू हुआ। उनके भाई उपेंद्र त्रिवेदी गुजराती सिनेमा के चर्चित नाम रहे हैं और गुजराती फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं।
अरविंद त्रिवेदी एक ओर जहां रामानंद सागर की रामायण में रावण बनकर दर्शकों का दिल जीता था तो वहीं कई गुजराती फिल्मों में भी उन्होंने उत्कृष्ट अदाकारी से अपने लिए बड़ा मुकाम बनाया था। गुजराती सिनेमा में उन्होंने लगभग 40 साल तक योगदान दिया। इसके साथ ही टीवी शो विक्रम और बेताल के लिए भी उन्हें जाना जाता है। जानकारी के अनुसार अरविंद ने हिंदी और गुजराती फिल्मों को मिलाकर लगभग 300 फिल्मों में काम किया था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad