Advertisement

बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने किया सुसाइड, मुंबई में अपने घर में फांसी लगाकर दी जान

बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने रविवार को मुंबई में सुसाइड कर लिया है। सुशांत ने ब्रांदा स्थित...
बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने किया सुसाइड, मुंबई में अपने घर में फांसी लगाकर दी जान

बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने रविवार को मुंबई में सुसाइड कर लिया है। सुशांत ने ब्रांदा स्थित अपने घर पर फांसी लगाकर जान दी है। सुबह जब उनके कमरे के दरवाजे को  तोड़ा गया तो वह फांसी के फंदे से लटके पाए। उनके नौकर ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सुसाइड की वजह क्या है अभी इस बात की जानकारी नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सुशांत ने अपने करियर की शुरुआत टीवी एक्टर के तौर पर की थी। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा में तब आए थे जब उन्होंने भारतीय टीम के पूर्व कप्तान एम एस धोनी का किरदार निभाया था। 

सुशांत सिंह राजपूत ने कई मशहूर फिल्मों में अभिनय किया है। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘छिछोरे’ में उनकी एक्टिंग को दर्शकों ने काफी सराहा था। सुशांत ने 'किस देश में है मेरा दिल' नाम के टीवी शो से अपना कैरियर शुरू किया था, लेकिन उन्हें पॉपुलरिटी एकता कपूर के शो 'पवित्र रिश्ता' से मिली। 'काय पो छे' से उन्होंने बॉलीवुड में अपनी शुरुआत की थी।

धोनी की फिल्म से आए थे चर्चा में

सुशांत सिंह को सबसे ज्यादा सुर्खियां तब मिलीं जब उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी की बायोपिक में काम किया था। इस फिल्म में उनके काम की जमकर सराहना हुई थी। इसके बाद उन्हें लगातार फिल्में मिलती गई। उनमें से 'सोनचिड़िया', 'छिछोरे' और 'केदारनाथ' जैसी फिल्में प्रमुख हैं। 

एक्टिंग के लिए छोड़ दिया कॉलेज

सुशांत सिंह का जन्म बिहार के पटना में 21 जनवरी, 1986 को हुआ था। वो बिहार के ही पूर्णिया जिले के रहने वाले थे। वह अपनी मां के काफी करीब थे लेकिन 2002 में उनके निधन के बाद वह काफी हताश हो गए थे। सुशांत ने दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के एंट्रेस एग्जाम 2003 में ऑल इंडिया में 7वीं रैंक हासिल की थी। मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्र थे पर एक्टिंग के लिए थर्ड ईयर में कॉलेज छोड़ दिया था।

पीएम ने किया दुख व्यक्त, कहा- निधन से हूं स्तब्ध

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने सुशांत की मौत पर दुख जताया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताते हुए ट्वीट कर लिखा,'' सुशांत सिंह राजपूत... एक उज्ज्वल युवा अभिनेता जल्द ही चला गया। उन्होंने टीवी और फिल्मों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मनोरंजन की दुनिया में उनकी कामयाबी ने कई को प्रेरित किया और वह कई यादगार फिल्मों की याद अपने पीछे छोड़ गए। उनके निधन से स्तब्ध हूं। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ है। ॐ शांति.।.''

सदमे में फिल्म इंडस्ड्री, संवेदनाएं व्यक्त कीं

सुशांत सिंह की सुसाइड पर फिल्म इंडस्ट्री में हर कोई स्तब्ध है और भगवान से परिवार को शक्ति देने की कामना की है। उनके सुसाइड पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना ने कहा है कि सुशांत सिंह राजपूत के बारे में सुनकर चौंक गया हूं। माही की बायोपिक के लिए हमारे साथ समय बिताते हुए उनसे कई बार मुलाकात हुई। हमने एक खूबसूरत और मुस्कुराते हुए अभिनेता को खो दिया है, शांति!

अभिनेता अक्षय कुमार ने ट्वीट करके कहा है कि मुझे इस खबर ने स्तब्ध और अवाक कर दिया है। भगवान उनके परिवार को शक्ति दे।

बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने ट्वीट करके कहा है कि युवा और प्रतिभाशाली अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बारे में सुनकर हैरान और दुखी हूं। उनके परिवार और दोस्तों को मेरी संवेदनाएं। उनकी आत्मा को शांति मिले।

पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने लिखा है कि जीवन नाजुक है और हम नहीं जानते कि कोई क्या कर रहा है. दयालु रहें. सुशांतसिंह राजपूत. ओम शांति।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement