भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम बिगड़ेगा। 28 फरवरी से उत्तर के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी होने के साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में रुक-रुक कर बारिश होगी।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत के राज्यों में गर्मी बढ़ने लगी है, लेकिन पश्चिमी विभोग के चलते फिर से मौसम में बदलाव जायेगा। 28 फरवरी से पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी होने का अनुमान है, जिससे ठंड बढ़ेगी। भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई) के अनुसार 29 फरवरी तथा एक मार्च को हल्की बारिश होने की संभावना है। किसानों के अनुसार रबी फसलों सरसों की फसल पकने लगी है, अत: बारिश से इसको नुकसान की आशंका है।
28 फरवरी से 4 मार्च तक उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का अनुमान
मौसम की जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट के अनुसार 28 फरवरी से 4 मार्च तक उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में फिर से बर्फबारी होने का अनुमान है जबकि इस दौरान पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान और दिल्ली में रुक-रुक कर बारिश की संभावना है। उत्तरी अफगानिस्तान पर एक पश्चिमी विक्षोभ दिखाई दे रहा है। यह सिस्टम 27 फरवरी की शाम या रात तक उत्तर भारत में दस्तक दे सकता है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और इससे सटे बिहार पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इस सिस्टम से मणिपुर तक एक ट्रफ बनी हुई है। इसके अलावा इसी सिस्टम तेलंगाना तक भी एक ट्रफ बनी हुई है।
पूर्वोत्तर राज्यों में तेज बारिश होने का अनुमान
अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वोत्तर राज्यों में तेज बारिश होने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में कई स्थानों पर और सिक्किम में कुछ स्थानों पर बर्फबारी हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, तटीय ओडिशा और उत्तराखंड में भी हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। देश के बाकी सभी जगहों पर मौसम शुष्क रहेगा। पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, आंतरिक ओडिशा में दिन के तापमान में वृद्धि होने की संभावना है।
ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पूर्वी बिहार में हुई बारिश
स्काईमेट के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और पूर्वी बिहार के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी रिकॉर्ड की गई है। पूर्वोत्तर राज्यों, झारखंड और पश्चिमी बिहार में भी कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश के पूर्वी और तराई क्षेत्रों और छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई है। हिमाचल प्रदेश में भी एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई है। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर भारत, विदर्भ और पूर्वी मध्य प्रदेश में दिन के तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट आई है।