भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार अगले उत्तर भारत के राज्यों में 19 मार्च तक मौसम साफ रहने का अनुमान है, लेकिन 20 मार्च से फिर उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों के साथ ही पंजाब, हरियाणा और दिल्ली एनसीआर में फिर बारिश होने का अनुमान है। रबी फसलों को उत्तर भारत के राज्यों में पहले ही भारी नुकसान हो चुका है, आगे और बारिश हुई तो नुकसान बढ़ेगा इसलिए किसानों की मुश्किल अभी कम नहीं हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटोें के दौरान उत्तर भारत के राज्यों में तो मौसम साफ रहने का अनुमान है लेकिन महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और विदर्भ के साथ ही छत्तीसगढ़ में कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान है। 18 मार्च को मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कई जिलों में तेज बारिश के साथ ही ओलावृष्टि होने का अनुमान है। इस दौरान तेलंगाना, ओडिशा और झारखंड में कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान है।
मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में रबी फसलों की कटाई चल रही है, अत: बारिश या फिर ओलावृष्टि हुई तो फसल की कटाई तो प्रभावित होगी, साथ ही फसलों को नुकसान भी होगा। उत्तर भारत के राज्यों में मार्च में हुई तीन दौर की बारिश ने गेहूं, चना, सरसों, मसूर के साथ ही सब्जियों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है।
हरियाणा और इससे सटे भागों पर बना हुआ है चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र
मौसम की जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट के अनुसार हरियाणा और इससे सटे भागों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बांग्लादेश पर बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी पर उत्तर-पश्चिमी भागों में एक विपरीत चक्रवाती क्षेत्र सक्रिय है। साथ ही एक ट्रफ उत्तरी आंतरिक कर्नाटक से केरल के तटों तक बनी हुई है।
अगले 24 घंटों के दौरान देश के अधिकांश भागों में मौसम शुष्क होगा
अगले 24 घंटों के दौरान देश के अधिकांश भागों में मौसम शुष्क होगा। हालांकि पूर्वी असम और अरुणाचल प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में भी 17 मार्च की दोपहर से बारिश होने की संभावना है। इसी दौरान ओडिशा के आंतरिक हिस्सों और गंगीय पश्चिम बंगाल में भी छिटपुट बारिश के आसार हैं। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर में सभी जगहों पर जबकि मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में दिन और रात के तापमान में बढ़ोत्तरी देखने को मिलेगी। तेज हवाओं के बावजूद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रदूषण बढ़ सकता है।
पिछले 24 घंटों में हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल में हुई बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, आंतरिक ओडिशा और असम में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई। पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और तटीय ओडिशा में दिन व रात के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है।