Home एग्रीकल्चर मौसम किसानों की और बढ़ेगी मुसीबत, देश के कई राज्यों में 26-27 मार्च को फिर बिगड़ेगा मौसम
किसानों की और बढ़ेगी मुसीबत, देश के कई राज्यों में 26-27 मार्च को फिर बिगड़ेगा मौसम
किसानों की और बढ़ेगी मुसीबत, देश के कई राज्यों में 26-27 मार्च को फिर बिगड़ेगा मौसम

किसानों की और बढ़ेगी मुसीबत, देश के कई राज्यों में 26-27 मार्च को फिर बिगड़ेगा मौसम

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार उत्तर भारत के साथ ही मध्य भारत के कई राज्यों में 26 से 27 मार्च को फिर से बेमौसम बारिश और तेज हवा के साथ ही कई जगहों पर ओलावृष्टि होने का अनुमान है।

आईएमडी के अनुसार 26 मार्च को उत्तर भारत के हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कई जिलों में बेमौसम बारिश, के साथ ही तेज हवा चलने का अनुमान है। इस दौरान कई जगहों पर ओलावृष्टि होने की आशंका भी है। जम्मू कश्मीर के साथ ही पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी इस दौरान बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 27 मार्च को जम्मू कश्मीर और हिमाचल में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश के साथ ही महाराष्ट्र के कई जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना है।

कई राज्यों में रबी फसलों की चल रही है कटाई

मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र में गेहूं के साथ ही अन्य रबी फसलों की कटाई चल रही है जबकि पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में गेहूं की फसल पकने को तैयार है। मार्च महीने में पहले ही चार बार बारिश हो चुकी है जिससे इन राज्यों में रबी फसलों के साथ ही सब्जियों को हुए नुकसान ने किसानों की कमर तोड़ दी है। आगे और बारिश हुई तो गेहूं के साथ ही अन्य रबी फसलों की उत्पादकता तो प्रभावित होगी, साथ ही क्वालिटी पर भी असर पड़ेगा।

पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे जम्मू कश्मीर पर बना हुआ है

मौसम की जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ इस समय उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे जम्मू कश्मीर पर दिखाई दे रहा है। इसके प्रभाव से मध्य पाकिस्तान पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा दक्षिणी पाकिस्तान और इससे सटे राजस्थान पर भी एक चक्रवाती सिस्टम दिखाई दे रहा है। बंगाल की खाड़ी पर लंबे समय से बना विपरीत चक्रवाती क्षेत्र अभी भी सक्रिय है। इस समय यह पश्चिमी-मध्य भागों पर है।

जम्मू कश्मीर, हिमाचल और लद्दाख में कई जगहों पर बारिश का अनुमान

अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है। उत्तराखंड में फिलहाल एक-दो जगहों पर बारिश के आसार हैं। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में कुछ जगहों पर गर्जना के साथ प्री-मॉनसून वर्षा हो सकती है। पश्चिमी मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात के कुछ भागों, केरल और आंतरिक तमिलनाडु में कुछ स्थानों पर प्री-मॉनसून वर्षा की संभावना है। देश के बाकी हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने के आसार हैं।

पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में पिछले 24 घंटों में हुई बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो बार भारी बारिश दर्ज की गई। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में भी पिछले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर बादलों की गर्जना और तेज़ हवाओं के साथ बारिश हुई। पश्चिमी मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, केरल के कुछ हिस्सों और आंतरिक तमिलनाडु में भी गरज के साथ कहीं-कहीं पर बारिश हुई है। पुणे समेत कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि भी देखने को मिली।