Home एग्रीकल्चर मौसम उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों के साथ मैदानी भागों में बारिश के साथ आंधी आने का अनुमान
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों के साथ मैदानी भागों में बारिश के साथ आंधी आने का अनुमान
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों के साथ मैदानी भागों में बारिश के साथ आंधी आने का अनुमान

उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों के साथ मैदानी भागों में बारिश के साथ आंधी आने का अनुमान

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार आगामी 24 घंटों के दौरान उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों के साथ ही मैदानी भागों में बारिश के साथ ही धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ ही कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि का भी अनुमान है। बारिश से जहां मंडियों में रखा हजारों क्विंटल गेहूं भीगने का डर है, वहीं आंधी और तेज बारिश से आम की फसल को नुकसान की आशंका है।

आईएमडी के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड और हरियाणा तथा दिल्ली एनसीआर में बारिश के साथ ओलावृष्टि होने का अनुमान है। इस दौरान मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने के साथ-साथ तेज हवा चलेगी, जबकि राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी खराब मौसम बना रहने का अनुमान है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश में गेहूं की सरकारी खरीद चल रही है, जिस कारण मंडियों में हजारों टन गेहूं रखा हुआ है। बारिश हुई तो इसके भीगने का डर है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन-चार घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश के उन्नाव, बाराबंकी, फैजाबाद, जौनपुर, रायबरेली, फतेहपुर, वाराणसी, प्रयागराज और मिर्ज़ापुर में तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि होने का अनुमान है। तेज हवा और ओलावृष्टि से उत्तर प्रदेश में आम की फसल को पहले ही काफी नुकसान हो चुका है।

हरियाणा के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है

मौसम की जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट के अनुसार उत्तरी हरियाणा के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इस सिस्टम से एक ट्रफ उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल होते हुए बांग्लादेश पर बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र तक सक्रिय है। केरल के तटीय भागों के पास दक्षिण-पूर्वी अरब सागर पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना है। विदर्भ से लेकर तेलंगाना और रायलसीमा होते हुए तमिलनाडु तक विपरीत दिशा की हवाएँ आपस में टकरा रही हैं। निम्न दबाव का क्षेत्र दक्षिणी अंडमान सागर और इससे सटे बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों पर बना हुआ है।

आगामी 24 घंटों के दौरान हरियाणा, पंजाब, एमपी में धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश होगी

अगले 24 घंटों के दौरान बिहार, झारखंड, पूर्वी पूर्वी उत्तर प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। इन भागों में कुछ स्थानों पर तेज हवाओं भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि का भी अनुमान है। दक्षिणी तमिलनाडु, केरल, आंतरिक कर्नाटक, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश के साथ कुछ स्थानों पर मध्यम बौछारें भी गिर सकती हैं। पूर्वोत्तर भारत में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें गिरने की गतिविधियाँ जारी रहेंगी। हरियाणा और पंजाब के साथ-साथ उत्तर और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश होगी।

अंडमान, ओडिशा, बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में कई जगहों पर बारिश दर्ज की गई

पिछले 24 घंटों के दौरान दक्षिण अंडमान, उत्तरी ओडिशा, बिहार, पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश, उत्तर और उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा भी हुई है। राजस्थान और उत्तरी गुजरात में भी कुछ स्थानों पर बारिश हुई है। पूर्वोत्तर भारत में कई स्थानों पर अलग-अलग तीव्रता की बारिश दर्ज की गई। आंतरिक कर्नाटक, दक्षिणी केरल में भी हल्की से मध्यम वर्षा हुई। तेलंगाना में एक-दो जगहों पर हल्की बारिश देखने को मिली। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में छिटपुट जगहों पर हल्की बारिश जारी रही। जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश हुई।