Home एग्रीकल्चर मौसम उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और मैदानी भागों में बारिश होने का अनुमान
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और मैदानी भागों में बारिश होने का अनुमान
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और मैदानी भागों में बारिश होने का अनुमान

उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और मैदानी भागों में बारिश होने का अनुमान

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार उत्तर भारत के राज्यों में खराब मौसम का दौर अभी जारी रहेगा, अत: किसानों की मुश्किल अभी कम नहीं हुई है। उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश के साथ ही हिमपात होने का अनुमान है जबकि मैदानी भागों में बारिश होने के आसार हैं।

ओलावृष्टि के कारण फसलों की भारी नुकसान झेलने वाले हरियाणा के केवल 51 गांव के किसानों को खराब फसल का मुआवजा मिलेगा। राज्य सरकार के अनुसार हिसार जिले के 5 गांव, रोहतक जिले के 7 गांव, भिवानी जिले के 11 गांव और महेंद्रगढ़ जिले के 28 गांव हैं। चालू महीने में उत्तर भारत के राज्यों जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के साथ ही पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान तथा मध्य प्रदेश में हुई बारशि, तेज हवा और ओलावृष्टि से रबी फसलों को भारी नुकसान हुआ है, जबकि मौसम विभाग के अनुसार अभी और बारिश होने का अनुमान है। ऐसे में रबी फसलों में नुकसान और बढ़ेगा, जिससे किसानों को भारी नुकसान होने का अनुमान है।

पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे जम्मू कश्मीर पर बना हुआ है

मौसम की जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे जम्मू कश्मीर पर बना हुआ है। इसके प्रभाव से बना निम्न दबाव का क्षेत्र मध्य पाकिस्तान पर है। इस निम्न दबाव के क्षेत्र से पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार तक एक ट्रफ बना हुआ है। मराठवाड़ा से कर्नाटक होते दक्षिणी तमिलनाडु तक भी एक ट्रफ सक्रिय है। बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी भागों पर एक विपरीत चक्रवाती क्षेत्र बना हुआ है।

पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर बारिश का अनुमान

अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और लद्दाख में अधिकांश स्थानों पर बारिश और हिमपात जारी रहने के आसार हैं। मैदानी भागों में उत्तरी पंजाब, उत्तरी हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भी कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। कहीं-कहीं भारी वर्षा की भी आशंका है। पूर्वी मध्य प्रदेश उत्तरी छत्तीसगढ़ और झारखंड तथा बिहार के कुछ इलाकों में बादलों की गर्जना और बिजली चमकने की घटनाओं के साथ वर्षा हो सकती है। ओड़ीशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, पश्चिमी असम और अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर वर्षा की संभावना है। महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र और केरल में एक-दो स्थानों पर वर्षा हो सकती है।

बीते 24 घंटों के दौरान पंजाब और हरियाणा में तेज बारिश हुई

पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी हिमालयी राज्यों में अधिकांश स्थानों पर बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई है। पंजाब और हरियाणा में भी अधिकांश जगहों पर गर्जना के साथ वर्षा हुई है। उत्तरी राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, गंगीय पश्चिम बंगाल और ओड़ीशा में कुछ स्थानों पर गर्जना के साथ बारिश हुई है। विदर्भ, तेलंगाना और केरल में कुछ स्थानों पर वर्षा हुई है। हालांकि केरल में एक-दो जगहों पर भारी बारिश भी देखने को मिली। पूर्वी असम और अरुणाचल प्रदेश में कुछ जगहों पर गरज के साथ वर्षा रिकॉर्ड की गई।