भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश होने की उम्मीद है। इस दौरान उत्तराखंड, पंजाब व हरियाणा के उत्तरी जिलों में भी छिटपुट बारिश होने के आसार हैं। उत्तर भारत के कई राज्यों में रबी फसलों की कटाई शुरू हो चुकी है, बारिश हुई तो फसल को नुकसान के साथ ही कटाई भी प्रभावित होगी।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत में फिर मौसम खराब होने का अनुमान है। अगले 24 घंटों में जम्मू कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड, हरियाणा और पंजाब के साथ ही दिल्ली में कई जगहों में बारिश होने का अनुमान है। पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में कुछ स्थानों पर गरज के साथ धूल भरी आंधी चलने की आशंका है। उत्तर भारत के राज्यों में गेहूं, चना, मसूर और सरसों तथा जौ की फसल की कटाई चल रही है। अत: बारिश हुई ताे इन फसलों को नुकसान की आशंका है, साथ ही कटाई भी प्रभावित होगी।
पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के करीब
मौसम की जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ इस समय उत्तर भारत के काफी करीब पहुँच गया है। यह सिस्टम उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे जम्मू कश्मीर के पास है। एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ भी उत्तर भारत की ओर आ रहा है। यह सिस्टम उत्तरी अफगानिस्तान और इससे सटे पाकिस्तान के पास पहुंचा है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल से ओडिशा तक एक ट्रफ बना है। एक अन्य ट्रफ केरल से दक्षिण-पश्चिमी मध्य प्रदेश तक बन गया है।
उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश की संभावना
अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर भारत में गतिविधियां बढ़ सकती हैं। जम्मू कश्मीर में कई जगहों पर जबकि हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश होने की उम्मीद है। इसके अलावा उत्तराखंड और पंजाब व हरियाणा के उत्तरी जिलों में छिटपुट बारिश के आसार हैं। पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में कुछ स्थानों पर गरज के साथ धूल भरी आंधी चलने की आशंका है। दक्षिण भारत में केरल के अलावा आंतरिक कर्नाटक और आंतरिक तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश की गतिविधियाँ जारी रहेंगी। पूर्वोत्तर भारत में भी एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा के आसार हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान जम्मू कश्मीर, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में बारिश हुई
पिछले 24 घंटों के दौरान जम्मू कश्मीर में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। पंजाब के उत्तरी हिस्सों, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ हरियाणा के भी कुछ इलाकों में बौछारें देखने को मिली हैं। दक्षिण भारत में केरल में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। आंतरिक कर्नाटक, आंतरिक तमिलनाडु और दक्षिणी मध्य महाराष्ट्र में भी कुछ स्थानों पर बारिश हुई है। दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा देखने को मिली। गुजरात के अधिकांश हिस्सों में दिन का तापमान 40 डिग्री या उससे अधिक रहा। दक्षिणी राजस्थान, मराठवाड़ा, ओडिशा के साथ-साथ रायलसीमा में भी कहीं-कहीं पर पारा 40 के आसपास रहा।