Home एग्रीकल्चर मौसम देश के कई राज्यों में अगले 24 घंटों में बारिश का अनुमान, फसलों को नुकसान की आशंका
देश के कई राज्यों में अगले 24 घंटों में बारिश का अनुमान, फसलों को नुकसान की आशंका
देश के कई राज्यों में अगले 24 घंटों में बारिश का अनुमान, फसलों को नुकसान की आशंका

देश के कई राज्यों में अगले 24 घंटों में बारिश का अनुमान, फसलों को नुकसान की आशंका

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार आगामी 24 घंटों के दौरान जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली और मध्य प्रदेश तथा महाराष्ट्र के कई क्षेत्रों में बारिश होने का अनुमान है। देश के अधिकांश राज्यों में रबी फसलों की कटाई और थ्रेसिंग का कार्य चल रहा है, ऐसे में बेमौसम बारिश से रबी फसलों की कटाई तो प्रभावित होगी ही, साथ ही फसलों को नुकसान की भी आशंका है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर भारत के सभी राज्यों में हल्की बारिश होने का अनुमान है जबकि राजस्थान के कई जिलों में इस दौरान तेज आंधी तथा महाराष्ट्र और तेलंगाना के कई हिस्सों में बारिश के साथ ही ओलावृष्टि होने का भी अनुमान है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान तथा मध्य प्रदेश में रबी की प्रमुख फसल गेहूं की कटाई और थ्रेसिंग का कार्य चल रहा है अत: बेमौसम बारिश हुई तो फसल को नुकसान ही होगा।

पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर पर बना हुआ है

मौसम की जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर पर है। इसके प्रभाव से एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मध्य पाकिस्तान पर विकसित हुआ है। पूर्वी उत्तर प्रदेश पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इस सिस्टम से पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है तथा एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिणी असम पर भी बना हुआ है। एक अन्य ट्रफ हिन्द महासागर में भूमध्य रेखा के पास केरल के तटों तक बनी हुई है।

उत्तर भारत के साथ ही पूर्वोत्तर के कई राज्यों में बारिश का अनुमान

अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और उत्तराखंड में कई जगहों पर हल्की से मध्यम जबकि कुछ स्थानों पर भारी बौछारें गिरने की उम्मीद है। असम, मेघालय, मिजोरम और मणिपुर के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश जारी रहेगी। शेष पूर्वोत्तर भारत में भी कुछ स्थानों पर वर्षा के आसार हैं। पंजाब, हरियाणा, पश्चिम उत्तर प्रदेश, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान, दिल्ली और मध्य प्रदेश के उत्तरी व मध्य भागों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, मराठवाड़ा और आंतरिक कर्नाटक में कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। केरल में हल्की से मध्यम जबकि ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा के आसार हैं।

पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश तथा राजस्थान के कई क्षेत्रों में बीते 24 घंटों में हुई बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में मध्यम से भारी वर्षा दर्ज की गई। अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई है। उत्तर आंतरिक कर्नाटक और केरल में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मराठवाड़ा, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र और उत्तर मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के कई भागों में भी हल्की हल्की बारिश हुई। उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु में कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई। अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में हल्की से मध्यम बौछारें दर्ज की गईं। पंजाब के लुधियाना, बठिंडा, गुरदासपुर और खन्ना तथा हरियाणा के करनाल आदि जिलों में पिछले 24 घंटों में हुई बेमौसम बारिश से गेहूं को नुकसान हुआ है।