Home एग्रीकल्चर मौसम उत्तर भारत में अगले 24 घंटों में बारिश जारी रहने का अनुमान, रबी फसलों को नुकसान की आशंका
उत्तर भारत में अगले 24 घंटों में बारिश जारी रहने का अनुमान, रबी फसलों को नुकसान की आशंका
उत्तर भारत में अगले 24 घंटों में बारिश जारी रहने का अनुमान, रबी फसलों को नुकसान की आशंका

उत्तर भारत में अगले 24 घंटों में बारिश जारी रहने का अनुमान, रबी फसलों को नुकसान की आशंका

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार अगले 24 घंटों में पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के पश्चिमी तथा मध्य भागों में बारिश जारी रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तराखंड में एक-दो स्थानों पर बर्फबारी भी हो सकती है। बारिश के साथ ही हवा चलने से गेहूं की फसल खेत में बिछ गई है, जबकि सरसों की फसल को भी नुकसान की आशंका है।

किसानों के अनुसार बारिश के साथ ही हवा चलने से गेहूं की अगेती फसल खेत में गिर गई है, जिसका असर पैदावार पर पड़ने की आशंका है। हरियाणा के झज्जर जिले गांव लडरावन के किसान राजमुमार छिल्लर ने बताया कि बारिश के साथ तेज हवा चलने से गेहूं की फसल खेत में बिछ गई है, अगती फसल में बाली निकलने से दाने पड़ने शुरू हो गए थे। अत: जो फसल गिर गई है, उसमें नुकसान होगा। बारिश से सरसों की फसल भी प्रभावित हुई है। बारिश होने के साथ ही 20 से 30 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल रही थी।

मौसम की जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट के अनुसार जम्मू कश्मीर के पास पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। यह सिस्टम क्रमशः पूर्वी दिशा में बढ़ता रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मध्य पाकिस्तान और इससे सटे पंजाब पर दिखाई दे रहा है। इस सिस्टम से पूर्वी उत्तर प्रदेश तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पूर्वी भारत में असम के ऊपर बना हुआ है। तमिलनाडु के आंतरिक हिस्सों से मध्य महाराष्ट्र तक एक ट्रफ रेखा दिखाई दे रही है

पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में जारी रहेगी बारिश

अगले 24 घंटों के पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के पश्चिमी तथा मध्य भागों में बारिश जारी रहने की संभावना है। उत्तराखंड में एक-दो स्थानों पर बर्फबारी भी हो सकती है। बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में शुरू हो सकती हैं। पूर्वी असम और अरुणाचल प्रदेश में भी बारिश में वृद्धि होने के आसार हैं। सिक्किम में एक-दो स्थानों पर बारिश और हिमपात की संभावना है। दक्षिणी तमिलनाडु में हल्की वर्षा के आसार हैं। उत्तरी और आंतरिक तमिलनाडु के शहरों में भी छिटपुट बारिश हो सकती है। चेन्नई में भी वर्षा की उम्मीद है।

उत्तर भारत के कई राज्यों में हुई बारिश

पिछले 24 घंटों के पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के पश्चिमी तथा मध्य भागों में अधिकांश स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा उत्तराखंड के निचले इलाकों और उत्तर-पूर्वी राजस्थान तथा दिल्ली में भी कई जगहों पर बारिश रिकॉर्ड की गई। जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और ऊपरी उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां देखने को मिलीं। असम और अरुणाचल प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बारिश हुई है। साथ ही अरुणाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में एक-दो स्थानों पर बर्फबारी भी हुई है। दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में न्यूनतम तापमान में वृद्धि देखने को मिली।