Home एग्रीकल्चर मौसम उत्तर भारत में मार्च में सामान्य से 219 फीसदी ज्यादा हुई बारिश, अगले 24 घंटे भी खराब रहेगा मौसम
उत्तर भारत में मार्च में सामान्य से 219 फीसदी ज्यादा हुई बारिश, अगले 24 घंटे भी खराब रहेगा मौसम
उत्तर भारत में मार्च में सामान्य से 219 फीसदी ज्यादा हुई बारिश, अगले 24 घंटे भी खराब रहेगा मौसम

उत्तर भारत में मार्च में सामान्य से 219 फीसदी ज्यादा हुई बारिश, अगले 24 घंटे भी खराब रहेगा मौसम

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार उत्तर भारत के राज्यों उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर और राजस्थान में मार्च महीने में सामान्य से 219 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है जिससे रबी फसलों को नुकसान हुआ। अगले 24 घंटों के दौरान भी हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तराखंड तथा जम्मू कश्मीर के कई जिलों में बारिश होने का अनुमान है। अत: किसानों की मुश्किल अभी कम नहीं हुई है।

आईएमडी के अनुसार मार्च में देश के 18 सब डिवीजनों, यानि 59 फीसदी भाग में अत्याधिक बारिश हुई है, जबकि 7 सब डिवीजनों यानि 18 फीसदी भाग में सामान्य से ज्यादा और तीन सब डिवीजनों में सामान्य बारिश हुई है। उत्तर भारत के अलावा मार्च में मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के विदर्भ और मराठवाड़ा भी सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान पंजाब, हिमाचल, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली एनसीआर के साथ ही उत्तर प्रदेश और जम्मू कश्मीर में भी कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान है। इन राज्यों में रबी फसलों सरसों, मससूर और जौ आदि की कटाई चल रही है जबकि गेहूं की फसल पक चुकी है। अत: बेमौसम बारिश हुई तो फसलों को नुकसान ही होगा।

पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे भागों पर पहुँच गया

मौसम की जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ आगे बढ़ते हुए उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे भागों पर पहुँच गया है। इसके प्रभाव से मध्य पाकिस्तान और पश्चिमी राजस्थान पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी विकसित हुआ है। इसके अलावा दक्षिणी मध्य महाराष्ट्र पर भी एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। केरल से आंतरिक कर्नाटक होते हुए दक्षिणी मध्य महाराष्ट्र तक कमजोर ट्रफ बना हुआ है। तमिलनाडु के तटों के पास बंगाल की खाड़ी पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित हो गया है।

देश के कई राज्यों में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश का अनुमान

अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी हिमालयी राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज हो जाएंगी। जम्मू कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर बर्फबारी की संभावना है। उत्तराखंड में भी कुछ जगहों पर गर्जना के साथ बारिश होने के आसार हैं। पंजाब, हरियाणा और उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर प्री-मॉनसून वर्षा होने की संभावना है। विदर्भ और मराठवाड़ा में पहले से हो रही बारिश आज भी जारी रहेगी। इन भागों में अगले 24 घंटों तक रुक-रुक कर हल्की से मध्यम वर्षा के आसार हैं। दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में भी एक-दो स्थानों पर गर्जना के साथ बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

मराठवाड़ा और विदर्भ में पिछले 24 घंटों के दौरान हुई बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान मराठवाड़ा में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा रिकॉर्ड की गई। मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ क्षेत्र में भी कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हुई है। केरल में भी बादल छाए रहे और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली। उत्तर भारत में पहाड़ों पर फिर से बारिश शुरू हो गई है। जम्मू कश्मीर में एक-दो स्थानों पर वर्षा दर्ज की गई। सिक्किम में भी एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हुई है।