दक्षिण-पश्चिम मानसून पूर्वोत्तर भारत के राज्यों को पार कर गोवा के साथ ही महाराष्ट्र तक पहुंच गया है इसी के साथ मानसून ने दक्षिणी छत्तीसगढ़ और दक्षिणी ओडिशा में भी दी दस्तक दे दी है। अगले 24 घंटों के दौरान आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, विदर्भ, मराठवाड़ा, केरल, तटीय कर्नाटक, गंगीय पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश होने की उम्मीद है।
मौसम की जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट के अनुसार मानसून उम्मीद के मुताबिक अच्छी रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। 10 जून को मानसून का पूर्वी सिरा आगे बढ़ा तो 11 जून को इसने पश्चिम से लंबी छलांग लगाई। 10 जून को दक्षिण-पश्चिम मानसून पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में पहुंचा था। 11 जून को मानसून की उत्तरी सीमा (एनएलएम) का पश्चिमी सिरा भी प्रतिस्पर्धा करता नजर आया और कर्नाटक, तमिलनाडु तथा आंध्र प्रदेश के सभी भागों को पार करते हुए तेलंगाना के अधिकांश हिस्सों में पहुँच गया। इसी छलांग में मानसून ने गोवा, दक्षिणी कोंकण, दक्षिणी मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण छत्तीसगढ़ और दक्षिणी ओडिशा में भी दस्तक दे दी।
बंगाल की खाड़ी पर बने निम्न दबाव के मानसून की चाल बढ़ी
मानसून की उत्तरी सीमा (एनएलएम) 11 जून को हरनई, शोलापुर, रामगुंडम, जगदलपुर, गोपालपुर, अगरतला और तेज़पुर तक पहुँच गई थी। बंगाल की खाड़ी पर बने निम्न दबाव के प्रभाव से मानसून काफी अच्छी प्रगति कर रहा है। इसी सिस्टम के आगे बढ़ने के साथ-साथ एक तरफ दक्षिण भारत में बारिश की गतिविधियां बढ़ती जा रही हैं तो दूसरी ओर मध्य भारत में मानसून प्रगति कर रहा है। हमारा अनुमान है कि मुंबई समेत महाराष्ट्र के कुछ और भागों में तथा कोलकाता समेत पश्चिम बंगाल में अगले 24 से 48 घंटे में मानसून दस्तक दे सकता है। मानसून के आगे बढ़ने के साथ देश के कई इलाकों में बारिश भी तेज होगी।
मुंबई व कोलकाता में जल्द दस्तक देगा मानसून
मुंबई और कोलकाता में मानसून के आगमन की संशोधित सामान्य तिथि 11 जून है। इन भागों में 12 या 13 जून को इसका आगमन हो सकता है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सामान्य तिथि से दो-चार दिन पहले या बाद में मानसून के आगमन को सामान्य माना जाता है। इस बीच पश्चिमी तटों पर केरल से लेकर गोवा और मुंबई समेत महाराष्ट्र के उत्तरी हिस्सों तक बारिश की गतिविधियां बढ़ जाएंगी। मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा में भी बारिश में वृद्धि होने की संभावना है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में काफी तेज वर्षा होने की संभावना है।
पूर्वी मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून के समय पर आने की उम्मीद
बंगाल की खाड़ी से आगे बढ़ते हुए निम्न दबाव का क्षेत्र गहरे निम्न दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो सकता है। यह उत्तरी आंध्र प्रदेश और इससे सटे ओडिशा से होकर भीतरी भागों पर पहुंचेगा। इस सिस्टम के प्रभाव से अगले दो-तीन दिनों के दौरान आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, दक्षिणी ओडिशा और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र सहित कई इलाकों में मूसलाधार वर्षा होने की संभावना है। पूर्वी भारत में मानसून जल्द ही पश्चिम बंगाल को पार करते हुए ओडिशा के कुछ और हिस्सों को कवर करते हुए बिहार तथा झारखंड में भी जल्द ही अपनी उपस्थिति दर्ज करा सकता है। पूर्वी मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी मानसून के सामान्य समय पर आगमन की संभावना है।
बंगाल की खाड़ी पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र पश्चिमी मध्य भागों पर पहुँचा
बंगाल की खाड़ी पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र पश्चिमी मध्य भागों पर पहुँच गया है। यह पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ेगा और गहरे निम्न दबाव का क्षेत्र जल्द ही बन जाएगा। दक्षिणी गुजरात और इससे सटे उत्तर-पूर्वी अरब सागर के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पहले की तरह ही बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के मध्य और इससे सटे हिस्सों पर दिखाई दे रहा है। पंजाब के पश्चिमी हिस्सों से बंगाल की खाड़ी पर बने निम्न दबाव के क्षेत्र तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है।
आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, विदर्भ, मराठवाड़ा, केरल, कर्नाटक में तेज बारिश का अनुमान
अगले 24 घंटों के दौरान आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, विदर्भ, मराठवाड़ा, केरल, तटीय कर्नाटक, गंगीय पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश होने की उम्मीद है। आंतरिक कर्नाटक, कोंकण और गोवा, गुजरात क्षेत्र, जम्मू-कश्मीर, मुजफ्फराबाद, झारखंड के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। एक-दो स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। दक्षिणी राजस्थान, पंजाब, बिहार, पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के आसार हैं।
कर्नाटक, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में बीते 24 घंटों के दौरान हुई तेज बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान तटीय कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों, पूर्वोत्तर भारत, अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह और गुजरात के पूर्वी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश दर्ज की गई। केरल, आंतरिक कर्नाटक, आंतरिक महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र तथा उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश हुई।