Home एग्रीकल्चर मौसम उत्तर भारत के कई राज्यों में हो सकती है बारिश के साथ ओलावृष्टि, फसलों को नुकसान की आशंका
उत्तर भारत के कई राज्यों में हो सकती है बारिश के साथ ओलावृष्टि, फसलों को नुकसान की आशंका
उत्तर भारत के कई राज्यों में हो सकती है बारिश के साथ ओलावृष्टि, फसलों को नुकसान की आशंका

उत्तर भारत के कई राज्यों में हो सकती है बारिश के साथ ओलावृष्टि, फसलों को नुकसान की आशंका

मार्च के महीने में रबी फसलों खासकर के सरसों और चना की कटाई शुरू हो जाती है, जबकि गेहूं, जौ और अन्य फसलों में दाने पड़ने शुरू हो जाते हैं, ऐसे समय में बारिश, तेज हवा या फिर ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले 48 घंटों के दौरान बारिश और तेज हवा चलने के साथ ही कुछ जगहों पर ओलावृष्टि होने का अनुमान है।

आईएमडी के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण छह और सात मार्च को पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान के कई जिलों में बारिश के साथ ही तेज हवा चलेगी। इस दौरान कई जगहों पर ओलावृष्टि होने की संभावना भी है। भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई) द्वारा जारी एग्रो एडवाइजरी के अनुसार 6 मार्च को बारिश के साथ ही तेज हवा 40-50 किलोमिटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने की संभावना है। अत: बारिश और तेज हवा के पूर्वानुमान को देखते हुए किसानों को सलाह है कि वे सभी फसलों व सब्जियों में उचित प्रबंधन करें।

ओलावृष्टि और तेज हवा से फसलों को नुकसान की आशंका

हरियाणा के झज्जर जिले के गांव गुढ़ा निवासी किसान किशन नेहरा ने बताया कि सरसों की फसल लगभग पक चुकी है, तथा होली के बाद कटाई में तेजी आयेगी, ऐसे में ओले गिरे तो फसल को नुकसान ही होगा। उन्होंने बताया कि गेहूं और जौ की फसल में भी दाने पड़ने शुरू हो गए हैं, अत: तेज बारिश के साथ ही हवा चली या फिर ओलावृष्टि हुई तो गेहूं की फसल गिर जायेगी, जिसका असर प्रति हेक्टेयर उत्पादकता के साथ ही फसल की क्वालिटी पर भी पड़ेगा।

पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना

मौसम की जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के काफी करीब आ गया है। यह इस समय उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे जम्मू कश्मीर पर है। इसके प्रभाव से विकसित हुआ चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मध्य पाकिस्तान और इससे सटे पंजाब, हरियाणा, और राजस्थान पर है। इस सिस्टम से पूर्वी उत्तर प्रदेश तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। अगले 24 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि के साथ व्यापक बारिश होने की संभावना है। इन भागों में कहीं-कहीं गरज के साथ भारी बौछारें पड़ सकती हैं। पश्चिमी हिमालयी राज्यों में भी व्यापक बारिश और हिमपात होने की संभावना है। बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, केरल, आंतरिक तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत और विदर्भ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है। गुजरात और पूर्वी मध्य प्रदेश में एक-दो स्थानों बारिश होने की संभावना है। सभी बारिश वाले क्षेत्रों में दिन के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।

बीते 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल में बारिश के साथ हिमपात

पिछले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और हिमपात दर्ज किया गया। जबकि उत्तराखंड में छिटपुट जगहों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। हरियाणा और पश्चिम उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। इसके अलावा दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, उत्तर प्रदेश के मध्य भागों, उत्तर और उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई है। राजस्थान के पूर्वी और उत्तरी इलाकों अलवर, भरतपुर, चूरू और झुंझुनूं में कुछ स्थानों पर ओले भी गिरे हैं। केरल और आंतरिक तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश हुई। जबकि तेलंगाना और गुजरात में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हुई।