भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों जम्मू कश्मीर, हिमालच प्रदेश, उत्तराखंड के साथ ही पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के साथ ही मध्य महाराष्ट्र में बारिश के साथ ही कुछ जगहों पर ओलावृष्टि होने का अनुमान है।
आईएमडी के अनुसार अगले 24 घंटों में पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान में धूल भरी आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई जा रही है, साथ ही कुछ जगहों पर ओलावृष्टि होने का अनुमान भी है। मौसम विभाग ने बताया कि असम और मेघालय के अलावा, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि और तेज हवाओं के साथ गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।
राजस्थान के पश्चिमी भागों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है
मौसम की जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट के अनुसार राजस्थान के पश्चिमी भागों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। पश्चिमी मध्य प्रदेश से विदर्भ और मराठवाड़ा होते हुए आंतरिक कर्नाटक तक एक ट्रफ बनी हुई है साथ ही दक्षिण अंडमान सागर और इसके आसपास के भागों पर बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र अगले 24 से 48 घंटों के दौरान एक निम्न दबाव का क्षेत्र बन सकता है। बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगमन के लिए 16 मई के आसपास से परिस्थितियाँ अनुकूल बन सकती हैं।
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में मध्यम के साथ ही कुछ जगहों पर तेज बारिश के आसार
अगले 24 घंटों के दौरान मुजफ्फराबाद, गिलगित-बाल्टिस्तान, जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश के बीच एक या दो स्थानों पर तेज़ वर्षा के आसार हैं। लद्दाख और उत्तराखंड में एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है। पंजाब में कुछ स्थानों पर जबकि हरियाणा में एक-दो जगहों पर हल्की वर्षा के आसार हैं। राजस्थान में धूल भरी आंधी के साथ बारिश संभव है। मध्य प्रदेश के पश्चिमी जिलों, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, छत्तीसगढ़ और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। दक्षिण और तटीय कर्नाटक, केरल और दक्षिणी तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। तमिलनाडु के शेष हिस्सों में छिटपुट बारिश हो सकती है। अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह में भारी से अति भारी वर्षा होने की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में मध्यम बारिश की गतिविधियाँ बनी रहेंगी।
पूर्वी भारत में बारिश की गतिविधियों में तेजी आई है
पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी भारत में बारिश की गतिविधि में काफी वृद्धि हुई है, इस दौरान कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। केरल, दक्षिण-तटीय तमिलनाडु और अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। तेलंगाना, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश हुई। विदर्भ, मराठवाड़ा, उत्तरी-आंतरिक कर्नाटक, दक्षिणी मध्य महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश, पूर्वी बिहार और उत्तराखंड में एक-दो स्थानों पर वर्षा रिकॉर्ड की गई। राजस्थान और दक्षिणी हरियाणा के कुछ हिस्सों में धूलभरी आँधी की गतिविधियाँ देखने को मिलीं।