मार्च महीने में सरसों के साथ ही चना की फसल की कटाई आरंभ हो जाती है जबकि गेहूं की फसल में दाने पड़ने शुरू हो जाते हैं, ऐसे समय में बारिश के साथ ही तेज हवा और ओलावृष्टि होने से उत्तर भारत के राज्यों में किसानों को भारी नुकसान हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार उत्तर भारत के कई राज्यों में अभी मौसम खराब रहेगा जिससे किसानों की मुश्किल और बढ़ गई है। उत्तर भारत के राज्यों में बारिश 14-15 मार्च तक जारी रह सकती है। इस दौरान पठानकोट, जालंधर, चंडीगढ़, पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर और करनाल समेत कई शहरों में अच्छी बारिश के आसार हैं।
आईएमडी के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों सहित जम्मू कश्मीर और लद्दाख में कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की उम्मीद है। इस दौरान पंजाब में तेज बारिश हो सकती है जबकि हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है। कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार बारिश के साथ ही तेज हवा गेहूं की फसल के लिए नुकसानदायक है। बारिश के साथ तेज हवा और ओलावृष्टि से पहले से खेत में गिर चुकी फसल को और ज्यादा नुकसान होगा। भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएमडी) के अनुसार बीते दिनों की प्रयाप्त वर्षा को देखते हुए किसानों को सलाह है कि वे सभी फसलों व सब्जियों में सिंचाई न करें, क्योंकि फसलों में अभी पर्याप्त मात्रा में नमी है।
पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू कश्मीर के भागों पर बना हुआ है
मौसम की जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे जम्मू कश्मीर के भागों पर बना हुआ है। इसके प्रभाव से बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिण-पश्चिमी पाकिस्तान पर है। इसके अलावा एक चक्रवाती सिस्टम महाराष्ट्र के ऊपर भी बना हुआ है। इस सिस्टम एक ट्रफ आंतरिक कर्नाटक तक बनी हुई है। एक विपरीत चक्रवाती क्षेत्र उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों के पास बंगाल की खाड़ी के ऊपर दिखाई दे रहा है।
हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में बारिश की संभावना
अगले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों जबकि जम्मू कश्मीर और लद्दाख में कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की उम्मीद है। पंजाब में भी काफी व्यापक बारिश हो सकती है। हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है। छत्तीसगढ़ और झारखंड में हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें गिरने के आसार हैं। पूर्वी मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश अनुमान है। असम और अरुणाचल प्रदेश में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। केरल में भी कुछ स्थानों पर अच्छी वर्षा हो सकती है।
मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ में बारिश हुई
पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर और पूर्व मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। राजस्थान में भी कई हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई है। उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई। महाराष्ट्र में विदर्भ में भी छिटपुट बारिश हुई है। पूर्वी असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की बारिश हुई। साथ ही गुजरात के कच्छ क्षेत्र और केरल में कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज के साथ बूंदाबांदी हुई है।