भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार बंगाल की खाड़ी में डिप्रेशन अगले 12 घंटों में तेजी के साथ चक्रवाती तूफान में बदल सकता है और इसके बाद 24 घंटों में यह एक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। यह चक्रवाती तूफान अम्फान पश्चिम बंगाल और ओड़ीशा पर लैंडफॉल करता है तो छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश तक इसका असर देखने को मिल सकता है साथ ही महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश तक बारिश हो सकती है।
आईएमडी के अनुसार साल 2020 के पहले चक्रवाती तूफान की आशंका के कारण ओडिशा के तटीय जिलों (बालेश्वर, भद्रक, जगतसिहपुर, केंद्रपाड़ा) को अलर्ट रहने का आदेश है। 12 अन्य जिलों के लिए भी एलर्ट जारी किया गया है। यहां की सभी सरकारी छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। साइक्लोन को देखते हुए आईएमडी ने आंध्रप्रदेश, पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा, मिजोरम, मणिपुर में ऑरेंज एलर्ट जारी किया है। यहां तूफान की वजह से बारिश हो सकती है।
अगले 24 घंटों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगमन के लिए स्थितियां बनेगी अनुकूल
मौसम की जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट के अनुसार दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी पर डिप्रेशन बना हुआ है। अगले 24 घंटों के दौरान यह एक चक्रवात में बदल जाएगा। अगले 24 घंटों में बंगाल की खाड़ी और अंडमान समुद्र के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगमन के लिए स्थितियाँ अनुकूल बन सकती हैं। पूर्वी राजस्थान पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक अन्य चक्रवाती सिस्टम पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर है। पूर्वी उत्तर प्रदेश से दक्षिणी असम तक एक ट्रफ बना गया है। मालदीव क्षेत्र के ऊपर भी एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दिखाई दे रहा है।
अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर भारत में मौसम रहेगा शुष्क, राजस्थान में चलेगी धूल भरी आंधी
अगले 24 घंटों के दौरान केरल, तटीय कर्नाटक, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में भी छिटपुट बारिश संभव है। दक्षिणी तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर अच्छी बारिश हो सकती है। उत्तर भारत की पहाड़ियों और उत्तर पश्चिम के मैदानों में मौसम शुष्क रहेगा। राजस्थान में धूल भरी आंधी चल सकती है। लक्षद्वीप में भारी बारिश संभव है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह पर कुछ हिस्सों में बारिश के आसार हैं। अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में समुद्र में हलचल काफी अधिक होगी।
पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वोत्तर के कई राज्यों में हुई तेज बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश और गरज-चमक के साथ मध्यम बौछारें दर्ज की गईं। शेष पूर्वोत्तर भारत में भी कुछ स्थानों पर बारिश हुई। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, तटीय कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप में भारी बारिश दर्ज की गई। विदर्भ में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बौछारें दर्ज की गईं। आंतरिक कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र, पूर्वी और दक्षिणी मध्य प्रदेश तथा छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। आंतरिक तमिलनाडु में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई। तटीय ओडिशा और राजस्थान में भी कुछ जगहों पर वर्षा हुई है।