Home एग्रीकल्चर टेक्नोलॉजी कृषि आय वृद्धि का टेक्नो मंत्र
कृषि आय वृद्धि का टेक्नो मंत्र
कृषि आय वृद्धि का टेक्नो मंत्र

कृषि आय वृद्धि का टेक्नो मंत्र

छोटे किसानों के हिसाब से तकनीक तय हो, तभी उसका व्यापक इस्तेमाल हो सकेगा

किसान टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल से फसलों की गुणवत्ता बढ़ा सकते हैं, इससे उन्हें उपज की अच्छी कीमत भी मिलेगी। टेक्नोलॉजी का प्रयोग बढ़ती आबादी के लिए खाद्य सुरक्षा में भी मददगार साबित होगा। आउटलुक एग्रीकल्चर कॉनक्लेव एंड स्वराज अवार्ड्स 2020 के दूसरे सत्र का यही सार था। इस सत्र का विषय था ‘आर्थिक विकास के लिए टिकाऊ खेती और स्मार्ट टेक्नोलॉजी’। सत्र की शुरुआत करते हुए इसके संचालक और फूड सिक्योरिटी एंड सस्टेनेबल एग्रीकल्चर फाउंडेशन के कन्वीनर विजय सरदाना ने कहा कि सस्टेनेबल खेती का महत्व तभी है, जब आमदनी, बाजार और पर्यावरण भी सस्टेनेबल होंगे। स्मार्टफोन आने के बाद से जैसे आम लोगों के काम के तरीके में बदलाव आया है, उसी तरह किसानों को भी टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करना चाहिए। देश की आबादी 140 करोड़ को पार कर रही है, इसलिए टेक्नोलॉजी का सही इस्तेमाल करके ही हम उसके भरण-पोषण की समुचित व्यवस्था कर सकते हैं। देश की खाद्य सुरक्षा बढ़ाने के लिए भी टेक्नोलॉजी की जरूरत है।

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉ. त्रिलोचन महापात्र तो यहां तक मानते हैं कि टेक्नोलॉजी ने ही कृषि क्षेत्र में देश को यहां तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि टिकाऊ खेती के लिए जमीन, पानी, पर्यावरण सबका अनुकूल होना जरूरी है। उन्होंने टेक्नोलॉजी के विकास के साथ ही उपलब्ध तकनीक के सही इस्तेमाल पर जोर दिया। जैसे, फसल में कितनी खाद और कितना पानी चाहिए, इसे समझना हर किसान के लिए आवश्यक है। इसके लिए उन्होंने किसानों को इंटीग्रेटेड खेती की सलाह दी।

टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल छोटे किसानों के लिए महंगा हो सकता है। केंद्रीय कृषि मंत्रालय की विशेष सचिव वसुधा मिश्रा के अनुसार, छोटे किसानों को मिलकर खेती करनी होगी। टिकाऊ खेती के लिए यह जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश का 86 फीसदी किसान दो हेक्टेयर या इससे कम जोतवाला है। सरकार जोत के हिसाब से किसानों का डाटा बेस तैयार कर रही है। उन्होंने सरकार की तरफ से उठाए जा रहे अन्य कदमों की भी जानकारी दी। दस हजार एफपीओ बनाने का लक्ष्य है, जिससे किसानों की पहुंच बड़े स्तर पर बाजार तक बनेगी। सरकार ऐसा पोर्टल बना रही है, जो बागवानी को बढ़ावा देगा और किसानों को बाजार तक पहुंचाएगा। सरकार की यह भी कोशिश है कि उसे जानकारी हो कि किसान क्या बो रहा है और क्या बोना चाहिए, इससे फसल की बर्बादी रुकेगी।

किसान नेता और भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा, हमें तकनीक से कोई परहेज नहीं है। आप किसानों को उसकी उपज का सही दाम दिला दें, बाकी टेक्नोलॉजी वह खुद देख लेगा। उन्होंने कहा कि किसान अपने आप में वैज्ञानिक भी है। उसे पता है कि खेत की कब जुताई करनी है, कब उसमें खाद देना है। हालांकि उन्होंने माना कि टेक्नोलॉजी का प्रयोग बढ़ने से लेबर की समस्या कम हुई है। भाजपा किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष नरेश सिरोही के अनुसार, हमें तय करना होगा कि जाना कहां है। 50 के दशक में हम अपनी जरूरत का ज्यादातर खाद्यान्न आयात करते थे। 1967 के आस-पास टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल से पैदावार बढ़ गई, लेकिन खेत, पर्यावरण, स्वास्थ्य चला गया। हमें टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल इस तरह करना होगा कि कृषि में पूरी तरह आत्मनिर्भर बन सकें। टेक्नोलॉजी छोटी काश्त के हिसाब से तय हो, तभी खेती और आम किसान का हित होगा।

कृषि टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में कॉरपोरेट के स्तर पर भी कार्य हो रहे हैं। महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड के स्वराज डिवीजन के सेल्स एंड मार्केटिंग हेड राजीव रेलन ने कहा, “हमारी कोशिश है कि किसान अपने ज्यादा काम तकनीक के जरिए कर सकें। स्वराज ऐसी तकनीक विकसित कर रहा है जिसमें ट्रैक्टर खुद बताएंगे कि किसान को क्या करना है। कंपनी किसानों के लिए वह सबकुछ करना चाहती है जिससे उसकी फसल सुरक्षित रहे।” डीसीएम श्रीराम लिमिटेड के श्रीराम फार्म सॉल्यूशंस के प्रेसिडेंट एवं बिजनेस हेड संजय छाबड़ा ने कहा कि कृषि की हालत पहले से बेहतर हुई है। पहले हम आयात करते थे, लेकिन आज हम बड़ी मात्रा में निर्यात कर रहे हैं। देश में खाद्यान्न सरप्लस है। तकनीक के आधे इस्तेमाल से ही हमने इतनी सफलता हासिल की है। छाबड़ा के अनुसार, आज की सबसे बड़ी चुनौती पर्यावरण है। तापमान बढ़ने से फसल सात से आठ फीसदी कम हुई। धान की खेती में कई तरह की परेशानियां देखने को मिल रही हैं। उन्होंने ऐसे ऐप की जरूरत बताई जिससे किसान को मालूम हो सके कि कौन सी फसल कब बोनी चाहिए और उसे बेचने का सही समय और तरीका क्या हो।

नायरा एनर्जी के सीएफओ अनूप विकल ने बताया कि उनकी कंपनी ने आस-पास के 15 गांवों के 50,000 लोगों को सुखी, संपन्न, शिक्षित करने का संकल्प लिया है। कंपनी के जल संरक्षण का लाभ 1,200 परिवारों को मिल रहा है। किसानों का स्वायल हेल्थ कार्ड भी बनवाया गया है। कंपनी के प्रयासों से खेती लायक जमीन तो बढ़ी ही, खेती की लागत भी करीब 35 फीसदी कम हुई। कंपनी ने महिला सशक्तीकरण पर बल दिया और उन्हें पशु सखी, कृषि सखी के रूप में जोड़ा।

माइक्रोसॉफ्ट के डायरेक्टर (कस्टमर एंड पार्टनरशिप इंगेजमेंट्स) विनीत दुर्रानी ने डाटा की जरूरत का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, “मुख्य यह है कि हम डाटा का उपयोग कैसे करते हैं। हमें रडार और ऑप्टिकल दोनों तरह के डाटा का संयुक्त उपयोग सीखना होगा। नासा हमें यह मुफ्त में दे रहा है। इससे हम बिना खेत में गए पता लगा सकेंगे कि फसल का कौन-सा हिस्सा पका है और कौन-सा पकने में समय लगेगा।”